INDIA Bloc Lunch: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहा इंडिया गठबंधन अब अपनी आगे की रणनीति खाने के साथ तैयार कर रहा है. बुधवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने दिल्ली के जनपथ पर स्थित मशहूर साउथ इंडियन रेस्टोरेंट ‘सागर रत्न’ में विपक्षी सांसदों के लिए लंच आयोजित किया था. आज फिर खड़गे ने सांसदों के लिए लंच रखा है. आज सभी सांसद कनॉट प्लेस के ‘मोएट्स’ रेस्टोरेंट में लंच करेंगे और आगे की प्लानिंग तैयार करेंगे.
आज फिर सड़क पर उतर सकता है विपक्ष
खड़गे की ओर से आयोजित इस लंच के बाद विपक्षी सांसद एक बार फिर विरोध प्रदर्शन कर सकते हैं. एक दिन पहले भी सभी सांसद सागर रत्ना में लंच करके सड़क पर उतर आए थे और फिर जमकर हंगमा हुआ. विपक्षी पार्टियां लगातार मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रही हैं. प्लान के मुताबिक, विपक्षी नेता जंतर-मंतर तक मार्च करना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक दिया. इसके बाद राहुल गांधी समेत कई नेताओं को हिरासत में ले लिया गया. विपक्षी नेताओं और सुरक्षाकर्मियों के बीच काफी धक्का-मुक्की और खींचतान देखने को मिली.
घंटों चला हंगामा
बुधवार का विरोध प्रदर्शन लगभग तीन-चार घंटे तक चला. बसों में विपक्षी नेताओं का मार्च, शांगरी-ला होटल के सामने गोलचक्कर पर अचानक धरना और उसके बाद पुलिस की कार्रवाई ने माहौल को काफी गरमा दिया था. जब सुरक्षाकर्मियों ने नेताओं को वहां से हटाने और हिरासत में लेने की कोशिश की, तो विपक्षी सांसदों ने इसका विरोध किया. एक दिन पहले मंगलवार को भी इसी तरह सभी सांसद चुनाव आयोग के कार्यालय जाने के लिए मार्च करने उतरे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक लिया.
इस्तीफे की मांग
राहुल गांधी ने साफ कहा कि INDIA गठबंधन का विरोध प्रदर्शन तब तक जारी रहेगा जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं दे देते. उन्होंने कहा, “हम तब तक विरोध करते रहेंगे जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पद नहीं छोड़ देते. यह देश की सबसे पवित्र संस्था की रक्षा की लड़ाई है. नरेंद्र मोदी और अमित शाह चाहे कुछ भी कर लें, वे हमें रोक नहीं सकते.”
News Source: ANI
