Padma Awards 2026: आज सोमवार को राष्ट्रपति भवन में पद्म पुरस्कारों को वितरित करने के लिए एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया. इसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने इस साल यानी कि 2026 के लिए कुल 131 पद्म पुरस्कारों के लिए चुने गए शख्सियतों और खास लोगों को सम्मानित किया. प्रेसिडेंट मुर्मु ने दिवंगत दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के लिए घोषित भारत के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कारों में से एक पद्म विभूषण (भारत रत्न के बाद दूसरा सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार) से मरणोपरांत सम्मानित किया.
धर्मेंद्र के नाम इस अवॉर्ड को उनकी पत्नी और सांसद हेमा मालिनी ने ग्रहण किया. इस दौरान वह भावुक भी नजर आईं. पद्म पुरस्कारों के इस सम्मान समारोह में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह समेत कई दिग्गज गणमान्य लोग व शख्सियत मौजूद रहीं.

पद्म विभूषण से ये दिग्गज हुए सम्मानित
आज सोमवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित भव्य समारोप में बॉलीवुड अभिनेता धर्मेंद्र को मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया. कला के क्षेत्र में असाधारण और विशिष्ट सेवा के लिए धर्मेंद्र को दिया गया पुरस्कार उनकी पत्नी और सांसद हेमा मालिनी ने ग्रहण किया. वहीं, शास्त्रीय संगीतकार और वायलिन वादक एन राजम को पद्म विभूषण से सम्मानित किया. राजम को भारतीय शास्त्रीय संगीत में उनके अग्रणी योगदान के लिए सम्मानित किया गया, विशेष रूप से ‘गायक अंग’ शैली के माध्यम से वायलिन वादन में क्रांति लाने के लिए, जो वाद्य यंत्र पर गायन संगीत की नकल करती है.
इनके अलावा सार्वजनिक मामलों में केरल के केटी थॉमस व वी.एस. अच्युतानंदन (मरणोपरांत) और केरल के ही पी नारायणन को साहित्य और शिक्षा में पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया.
पद्म भूषण ने ये 13 हस्तियां हुई सम्मानित
भारत के नागरिक पुरस्कारों में तीसरे स्थान पर आने वाले पद्म भूषण से कुल 13 हस्तियों को सम्मानित किया गया. इनमें कला के क्षेत्र में अल्का याग्निक, सार्वजनिक मामलों में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, शतावधानी आर गणेश, कोटक महिंद्रा बैंक के संस्थापक उदय सुरेश कुमार कोटक और गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट कल्लीपट्टी रामासामी पलानीस्वामी को भी सम्मानित किया गया. इनके अलाव शिबू सोरेन (मरणोपरांत), पीयूष पांडे (मरणोपरांत), वी.के. मल्होत्रा (मरणोपरांत) के पद्म पुरस्कारों को इनके करीबियों को देकर से सम्मानित किया गया. वहीं, एस.के.एम. मैलानंदन, विजय अमृतराज, डॉ. नोरी दत्तात्रेयडु, ममूटी और वेल्लापल्ली नटेसन को पद्म भूषण पुरस्कारों से सम्मानित किया गया.
113 शख्सियतों को पद्म श्री
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कुल 113 शख्सियतों को पद्म श्री से सम्मानित किया. इनमें भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर, अभिनेता प्रोसेनजीत चटर्जी, पैरा एथलीट प्रवीण कुमार और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के पूर्व महानिदेशक के विजय कुमार के नाम शामिल हैं. इनके अलावा कई शख्सियतों को भी इससे सम्मानित किया गया.
पद्म पुरस्कारों के बारे में
गृह मंत्रालय के द्वारा जनवरी 2026 में जारी प्रेस रिलीज के अनुसार, पद्म पुरस्कार देश के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कारों में से एक हैं. ये तीन श्रेणियों में प्रदान किए जाते हैं: पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री. ये पुरस्कार कला, सामाजिक कार्य, सार्वजनिक मामलों, विज्ञान और इंजीनियरिंग, व्यापार और उद्योग, चिकित्सा, साहित्य और शिक्षा, खेल, सिविल सेवा आदि विभिन्न क्षेत्रों में दिए जाते हैं.
पद्म विभूषण असाधारण और विशिष्ट सेवा के लिए, पद्म भूषण उच्च कोटि की विशिष्ट सेवा के लिए और पद्म श्री किसी भी क्षेत्र में विशिष्ट सेवा के लिए प्रदान किया जाता है. इन पुरस्कारों की घोषणा प्रतिवर्ष गणतंत्र दिवस के अवसर पर की जाती है. ये पुरस्कार भारत के राष्ट्रपति द्वारा राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोहों में प्रदान किए जाते हैं.
News Source: PTI
