Home Latest News & Updates UGC Equity Regulations 2026 पर सरकार के कदम पीछे? BJP ने बनाई 16 OBC नेताओं की टीम

UGC Equity Regulations 2026 पर सरकार के कदम पीछे? BJP ने बनाई 16 OBC नेताओं की टीम

by Kamlesh Kumar Singh 31 August 2026, 4:21 PM IST (Updated 31 August 2026, 4:27 PM IST)
31 August 2026, 4:21 PM IST (Updated 31 August 2026, 4:27 PM IST)
UGC Equity Regulations 2026

UGC Equity Regulations 2026: UGC के नए नियमों को लेकर चौतरफा विरोध के बीच केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में कहा- नियमों पर दोबारा विचार कर रहे हैं. सूत्रों के मुताबिक सरकार कानूनी और राजनीतिक दोनों स्तरों पर विकल्पों पर मंथन कर रही है. उच्च शिक्षण संस्थानों में जातिगत भेदभाव से जुड़े UGC Equity Regulations 2026 को लेकर केंद्र सरकार अब अपने कदम पीछे खींचने की तैयारी में जुटी है. नए नियमों को लेकर हो रहे विरोध के बीच सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में कहा है कि वह इन नियमों पर दोबारा विचार कर रही है. इसके बाद माना जा रहा है कि सरकार नियमों में बदलाव के विकल्प पर गंभीरता से विचार कर रही है.

सुप्रीम कोर्ट में सरकार का बड़ा बयान

UGC के नए नियमों को लेकर मामला पहले से ही सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है. 20 अगस्त को हुई सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार की ओर से अदालत को बताया गया कि सरकार इन नियमों पर पुनर्विचार कर रही है. सरकार के इस रुख के बाद अब सबकी नजर इस बात पर है कि नियमों में किस तरह के बदलाव किए जाते हैं.

सामान्य वर्ग की नाराजगी बनी बड़ी चुनौती ?

सूत्रों के मुताबिक सरकार के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह है कि नियमों में बदलाव ऐसा हो जिससे सामान्य वर्ग के छात्रों और समाज में पैदा हुई नाराजगी दूर हो सके, लेकिन सरकार पर पिछड़ा, दलित या आदिवासी विरोधी होने का राजनीतिक आरोप भी न लगे. इसी को लेकर सरकार विशेषज्ञों के साथ-साथ कानूनी और राजनीतिक सलाह भी ले रही है.

BJP ने बनाया 16 OBC नेताओं का प्लान

सरकार के स्तर पर मंथन के साथ ही बीजेपी ने भी इस मुद्दे पर अपना राजनीतिक बचाव मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है. सूत्रों के मुताबिक पार्टी ने 16 चुनिंदा OBC नेताओं की टीम तैयार की है, जो UGC के नए नियमों को लेकर पार्टी और सरकार का पक्ष जनता के सामने रखेगी. इसके अलावा दलित और एसटी समाज से आने वाले बीजेपी नेताओं को भी इस मुद्दे पर सक्रिय भूमिका देने की तैयारी है.

आखिर BJP क्यों परेशान है?

बीजेपी के रणनीतिकारों के मुताबिक UGC के नए नियमों को लेकर विवाद अब सिर्फ छात्र राजनीति तक सीमित नहीं रह गया है. पार्टी को आशंका है कि इसका असर उसके पारंपरिक और कोर वोटर के बीच भी पड़ सकता है. पेपर लीक, जेन-जी और युवा आंदोलनों जैसे मुद्दों के बीच UGC नियमों को लेकर पैदा हुआ विवाद सरकार के लिए एक और राजनीतिक चुनौती बन गया है. खासकर आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए पार्टी इस मुद्दे को लेकर किसी बड़े राजनीतिक नुकसान से बचना चाहती है.

जनवरी में शुरू हुआ था विवाद

दरअसल, विवाद की शुरुआत जनवरी में हुई थी, जब केंद्र सरकार ने उच्च शिक्षण संस्थानों में समानता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से UGC Equity Regulations, 2026 को लागू किया. नए नियमों को लेकर आरोप लगाया गया कि जाति आधारित भेदभाव की परिभाषा और सुरक्षा के दायरे को लेकर ऐसे प्रावधान हैं, जिनसे सामान्य या गैर-आरक्षित वर्ग के छात्रों को पर्याप्त सुरक्षा नहीं मिलती. इसी को लेकर छात्रों और अलग-अलग सामाजिक समूहों की ओर से विरोध शुरू हुआ.

अब आगे क्या?

अब पूरा मामला सुप्रीम कोर्ट में है और केंद्र सरकार ने नियमों पर पुनर्विचार का संकेत दिया है. ऐसे में आने वाले दिनों में सरकार इन नियमों में बदलाव करती है या मौजूदा नियमों का बचाव जारी रखती है, इस पर सबकी नजर रहेगी. फिलहाल सरकार के सामने चुनौती साफ है- सामाजिक न्याय और आरक्षण के सवाल पर अपनी नीति कायम रखते हुए सामान्य वर्ग की नाराजगी को कैसे दूर किया जाए. UGC Equity Regulations 2026 का विवाद अब सिर्फ कानूनी मामला नहीं रह गया है, बल्कि आने वाले चुनावों के लिहाज से बीजेपी के लिए एक बड़ा राजनीतिक टेस्ट भी बनता जा रहा है.

गोवा अग्निकांड के आरोपियों को सुप्रीम झटका! कोर्ट ने की जमानत रद्द, HC का आदेश बरकरार

You may also like

Live Times logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?