BRICS Summit 2026: नई दिल्ली में 12 और 13 सितंबर को होने वाले 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन को लेकर राजधानी की सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह अलर्ट मोड में है. दिल्ली पुलिस ने 12 सितंबर के लिए खास ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है. इसके मुताबिक, सुबह 9:30 बजे से रात 9:30 बजे तक दिल्ली की कई प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक को नियंत्रित किया जाएगा. ऐसे में अगर आप शनिवार को दिल्ली की सड़कों पर निकलने वाले हैं, तो घर से निकलने से पहले अपना रूट जरूर चेक कर लें.
भारत मंडपम के आसपास का हाल
ब्रिक्स सम्मेलन का मुख्य आयोजन भारत मंडपम, प्रगति मैदान में हो रहा है. इसलिए इसके आसपास के इलाकों में ट्रैफिक व्यवस्था सबसे ज्यादा प्रभावित रहने की संभावना है. दिल्ली पुलिस ने केंद्रीय दिल्ली के साथ-साथ उत्तर, दक्षिण, पूर्व और पश्चिम दिल्ली को जोड़ने वाले कई प्रमुख कॉरिडोर पर भी निगरानी और डायवर्जन की व्यवस्था की है. एडवाइजरी में प्रगति मार्ग, रिंग रोड, मथुरा रोड, भैरों मार्ग, तिलक मार्ग इदान और इंडिया गेट के आसपास की जगहें शामिल है. इसके अलावा सरदार पटेल मार्ग, पटेल रोड, NH-48 और परेड रोड जैसे महत्वपूर्ण रास्तों पर भी ट्रैफिक को नियंत्रित किया जा सकता है.
किन्हें बरतनी होगी सावधानी?
लुटियंस दिल्ली और केंद्रीय दिल्ली की तरफ आने-जाने वाले लोगों को खास सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. कई रास्तों पर सामान्य ट्रैफिक के बजाय नियंत्रित आवाजाही, डायवर्जन और कुछ स्थानों पर प्रवेश प्रतिबंध लागू रह सकता है. दिल्ली पुलिस की एडवाइजरी में अलग-अलग रंगों के जरिए रास्तों की स्थिति समझाई गई है. नीले रंग से वैकल्पिक रास्ते, नारंगी रंग से नियंत्रित सड़कें और बैंगनी रंग से प्रतिबंधित क्षेत्र दिखाए गए हैं. वहीं, लाल स्टार से डायवर्जन प्वाइंट को चिन्हित किया गया है.
पोलैंड-यूक्रेन बॉर्डर पर सीधा खतरा!, मोल्दोवा में ड्रोन हमला! PM टस्क ने रूस को लेकर जताई चिंता
मेट्रो का सहारा
दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे 12 सितंबर को यात्रा की योजना पहले से बनाएं और जहां संभव हो, मेट्रो का इस्तेमाल करें. इससे सड़क पर अतिरिक्त दबाव कम करने में मदद मिलेगी. साथ ही यात्रियों को भी संभावित जाम तथा डायवर्जन से राहत मिल सकती है. पुलिस ने वाहन चालकों से ट्रैफिक कर्मियों के निर्देशों का पालन करने और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है. हालांकि, इमजेंसी और अत्यावश्यक सेवाएं से जुड़े वाहनों को प्राथमिकता के आधार पर रास्ता दिया जाएगा.
दिल्ली में समिट का असर
भारत 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली में 18वें ब्रिक्स समिट की मेजबानी कर रहा है. दुनिया के प्रमुख उभरते देशों के इस महत्वपूर्ण सम्मेलन को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा और ट्रैफिक दोनों स्तरों पर व्यापक इंतजाम किए गए हैं. ऐसे में 12 सितंबर को दिल्लीवासियों के लिए सबसे आसान मंत्र यही है कि, रूट पहले तय करें, मेट्रो से आएं-जाएं और ट्रैफिक एडवाइजरी पर नजर बनाए रखें. थोड़ी सी तैयारी आपको घंटों के जाम और अचानक होने वाले डायवर्जन से बचा सकती है.
News Source: PTI
दुनिया की इकोनॉमी में BRICS का दबदबा! PM मोदी बोले- 40% GDP हमारी; जानें क्या बोले पुतिन?
