Delhi Crime: दिल्ली के कालकाजी इलाके से एक हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है. शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात 12:03 बजे एक प्रॉपर्टी डीलर की हत्या कर दी गई. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. जानकारी के मुताबिक, एक बिल्डिंग में रहने वाले लोगों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जो कुछ ही देर में हाथापाई में तब्दील हो गई. इस दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया.
अस्पताल में 2 भाईयों में से एक को मृत घोषित किया
रात में पुलिस को सूचना मिलने के बाद एक टीम मौके पर पहुंची. इस दौरान शुरुआती जांच में पता चला कि बिल्डिंग की ग्राउंड फ्लोर और तीसरी मंजिल में रहने वाले लोगों के बीच में हाथापाई हो गई है. इस दौरान घायल होने वाले भाईयों की पहचान मंजीत सिंह और दिलबाग सिंह के तौर पर हुई. जब दोनों को एम्स के ट्रामा सेंटर लाया गया तो वहां पर डॉक्टरों ने मंजीत सिंह को मृत घोषित कर दिया. इसी बीच पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी की जांच करने और घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के लिए कई टीमें बनाई गई हैं. उन्होंने आगे कहा कि कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
मृतक के परिजनों का कहना है कि उनकी हत्या की गई है, जबकि उनके भाई को गंभीर चोट लगी है. मृतक मंजित के भाई दिलबाग ने बताया कि हमें शनिवार की देर पता चला कि हमारे भाई मनजित का झगड़ा हुआ है. उसके बाद जब हम एल ब्लॉक में अपनी बहन के साथ गए तो वहां देखा हमारा भाई बेहोश होकर पड़ा है.
पिता की हैवानियत! दो साल के बेटे को जमीन पर पटका, गर्म प्लेट से जलाया हाथ; पत्नी से चल रहा था विवाद
पीट-पीटकर कर दी गई हत्या
मृतक की बहन ने कहा कि जब मुझे फोन आया और मैं वहां पहुंची, तो भी वह मेरे भाई को छोड़ने का नाम नहीं ले रहे थे. उस दौरान मेरे छोटे भाई को मारा गया. उसके नाक से खून आ रहा था. इसके बाद हमने खूब हल्ला मचाया और उसके बाद भी हमें कोई बचाने के लिए नहीं आया. सभी लोग अपने गैलेरी से वीडियो बना रहे थे बस बचाने के लिए कोई नहीं आया. पीड़ित बहन ने आगे कहा कि मेरे भाई के दो बच्चे हैं, वे अब कहां पर जाएंगे. हम पुलिस से मांग करते हैं कि आरोपियों को फांसी की सजा दिलवाई जाए.
कई टीमों को किया गया है तैनात
वहीं, डीसीपी साउथ ईस्ट विनीत कुमार ने बताया कि मामले की हर एंगल से जांच के लिए कई टीमों को तैनात किया गया है. पुलिस की टीमें घटनास्थल और आसपास में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. साथ ही झगड़े में शामिल लोगों की पहचान करने के बाद उनकी तलाश की जा रही है और उन्हें जल्द ही पकड़ लिया जाएगा. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आखिर झगड़ा किस बात को लेकर हुआ था.
News Source: PTI
