MCD Action Delhi: दिल्ली निगम दिल्ली (एमसीडी) ने शहर के सभी 12 जोनों में खतरनाक भवनों, अनधिकृत निर्माणों तथा मास्टर प्लान ऑफ दिल्ली (एमपीडी) और भवन उप-नियमों के उल्लंघन के खिलाफ अपनी प्रवर्तन कार्रवाई तेज कर दी है. आज चलाए गए गहन प्रवर्तन अभियान के तहत एमसीडी द्वारा सभी 12 जोनों में 25 ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई. इसके अतिरिक्त, 4 संपत्तियों को सील किया गया, 6 कारण बताओ नोटिस जारी किए गए तथा 4 ध्वस्तीकरण आदेश पारित किए गए. ये कार्रवाई निर्धारित योजना एवं भवन निर्माण मानदंडों के उल्लंघन में पाई गई संपत्तियों के खिलाफ की गई. एमसीडी ने कल भी व्यापक प्रवर्तन कार्रवाई की थी, जिसके दौरान 41 संपत्तियों को ध्वस्त किया गया तथा 61 अन्य संपत्तियों को मास्टर प्लान ऑफ दिल्ली और भवन उप-नियमों के उल्लंघन के कारण सील किया गया था.
प्रमुख ध्वस्तीकरण कार्रवाई
आज चलाए गए प्रवर्तन अभियान के दौरान दक्षिण जोन के सत्य निकेतन, दक्षिण-पश्चिम जोन के वसंत कुंज, उत्तरी जोन के बुराड़ी, केशवपुरम जोन के शालीमार बाग, मध्य जोन के कृष्णा पार्क, आदर्श नगर स्थित राजन बाबू रोड तथा उत्तर-पूर्वी जोन के नेहरू विहार स्थित चंदू नगर में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई. पुरानी दिल्ली जोन में दिल्ली गेट बाजार, दरियागंज स्थित एक संपत्ति के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई. कार्रवाई के दौरान पांचवीं मंजिल की छत पर बने दो पैनलों को ध्वस्त कर काट दिया गया. इस कार्रवाई में थाना दरियागंज के पुलिस कर्मचारियों का भी सहयोग लिया गया. एमसीडी अधिकारियों ने बताया कि मास्टर प्लान ऑफ दिल्ली और भवन उप-नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करने तथा अनधिकृत एवं खतरनाक निर्माणों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के उद्देश्य से सभी जोनों में यह प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है.
सत्य निकेतन हादसा: मालिक के बेटे समेत 3 गिरफ्तार, कोर्ट ने 2 दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा
दिल्लीभर में पीजी भवनों का व्यापक सर्वेक्षण
एमसीडी ने अपनी निरंतर प्रवर्तन एवं नियामक पहल के तहत दिल्लीभर में पेइंग गेस्ट (पीजी) आवासीय भवनों का व्यापक फील्ड सर्वेक्षण शुरू किया है. अब तक किए गए सर्वेक्षण के दौरान लगभग 1,523 ऐसे भवनों की पहचान की गई है, जहां पीजी सुविधाएं संचालित हो रही हैं। इन भवनों में लगभग 33,500 लोग रह रहे हैं. एमसीडी द्वारा फील्ड सर्वेक्षण के दौरान एकत्रित किए गए विवरणों को समेकित किया जा रहा है और लागू नियमों एवं विनियमों के अनुसार आवश्यक आगे की कार्रवाई की जाएगी.
सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसे में कोर्ट का सख्त रुख! आरोपी शुभम त्यागी को अग्रिम जमानत देने से इनकार
