Adventure Capital of India: अगर आपकी छुट्टी का मतलब सिर्फ होटल में आराम करना, खाना और तस्वीरें खिंचवाना नहीं है, बल्कि कुछ ऐसा करना है जिससे दिल की धड़कन थोड़ी तेज हो जाए, तो उत्तराखंड का ऋषिकेश आपके लिए शानदार डेस्टिनेशन हो सकता है. हिमालय की तलहटी में बसा ये खूबसूरत शहर सिर्फ योग और आध्यात्मिकता के लिए ही मशहूर नहीं है, बल्कि इसे ’एडवेंचर कैपिटल ऑफ इंडिया’ भी कहा जाता है. यहां सुबह गंगा की लहरों पर राफ्टिंग से शुरू हो सकती है और शाम किसी ऊंचे प्लेटफॉर्म से बंजी जंपिंग करते हुए खत्म हो सकती है. यानी एक ही ट्रिप में शांति भी और रोमांच दोनों.
राफ्टिंग का क्रेज
ऋषिकेश आने वाले एडवेंचर लवर्स की बातचीत में राफ्टिंग का जिक्र होना लगभग तय है. गंगा नदी यहां का सबसे बड़ा अट्रैक्शन है. हर साल बड़ी संख्या में टूरिस्ट नदी की तेज धाराओं के बीच राफ्टिंग का मजा लेने पहुंचते हैं. सिर्फ भारत के लोग ही नहीं, बल्कि यहां विदेशी भी खूब आते हैं. यहां अलग-अलग लेवल के राफ्टिंग रूट मौजूद हैं. कुछ लोगों के लिए आसान हिस्से हैं, जबकि एक्सपीरियंस लोगों के लिए ज्यादा चैलेंजिंग रैपिड्स भी मिलते हैं. नदी के दोनों ओर पहाड़ों और हरियाली का नजारा इस अनुभव को और खास बना देता है. हालांकि, मौसम का ध्यान रखना जरूरी है. मानसून के दौरान नदी का पानी बढ़ने की वजह से राफ्टिंग और कुछ एडवेंचर एक्टिविटीज पर रोक लग जाती है.
एडवेंचर से भरी जगह
ऋषिकेश में एडवेंचर का मतलब सिर्फ राफ्टिंग नहीं है. आसपास के इलाकों में बंजी जंपिंग, जायंट स्विंग, जिपलाइन, फ्लाइंग फॉक्स, कयाकिंग, ट्रेकिंग और कैंपिंग जैसी एक्टीविटीज भी की जा सकती हैं. मोहान चट्टी इलाके में बंजी जंपिंग और दूसरी एडवेंचर एक्टिविटीज खास अट्रैक्शन हैं. वहीं, अगर आपको बहुत ज्यादा जोखिम पसंद नहीं है, तो पहाड़ी रास्तों पर ट्रेकिंग, नेचर वॉक या नदी किनारे कैंपिंग का ऑप्शन भी मौजूद है.
एडवेंचर के बाद की शांति
ऋषिकेश की सबसे खास बात यही है कि ये आपको एक ही यात्रा में दो बिल्कुल अलग एक्सपीरियंस देता है. दिन में आप गंगा की धाराओं से मुकाबला कर सकते हैं. वहीं, कुछ घंटे बाद उसी गंगा के किनारे बैठकर बिल्कुल शांत माहौल का आनंद ले सकते हैं. त्रिवेणी घाट, लक्ष्मण झूला और परमार्थ निकेतन जैसी जगह आध्यात्मिक माहौल के लिए फेमस हैं. यहां योग, मेडिटेशन और गंगा किनारे सुकून के पल बिताने का मौका मिलता है. यही वजह है कि ऋषिकेश को सिर्फ एडवेंचर डेस्टिनेशन कहना भी ठीक नहीं होगा.
घूमने का समय
एडवेंचर एक्टिविटीज के लिए यात्रा का समय काफी मायने रखता है. आम तौर पर राफ्टिंग का सीजन अक्टूबर से जून के बीच माना जाता है. वहीं, मानसून के दौरान नदी का बढ़ता पानी आपको परेशान कर सकता है. इसलिए अगर आपकी ट्रिप का मकसद एडवेंचर है, तो टिकट और होटल बुक करने से पहले मौसम और एक्टिविटी के बारे में पहले से जान लें. तो अगली बार जब सवाल हो कि भारत की एडवेंचर कैपिटल कौन-सी जगह है, तो जवाब है ऋषिकेश. गंगा, पहाड़, राफ्टिंग, बंजी जंपिंग और आध्यात्मिक शांति का ये अनोखा कॉम्बिनेशन इस जगह को टूरिस्टों की फेवरेट जगह बनाता है.
Hanuman Ansh की सफलता के बाद बढ़ी नीम करोली बाबा के आश्रम की चर्चा, जानें कैंची धाम के सफर की कहानी
