MP CM: स्वतंत्रता की पूर्व संध्या पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के नाम संदेश जारी किया. अपने संदेश में उन्होंने राज्य के विकास, जन-सहयोग, अर्थव्यवस्था, निवेश सहित कई तथ्यों का जिक्र किया. उन्होंने संदेश में आम जनता के साथ-साथ किसानों पर बात की. उन्होंने प्रदेश में बारिश की गति बढ़ने पर प्रसन्नता भी जाहिर की. उन्होंने प्रदेश के विकास के लिए आपसी सहयोग पर जोर दिया. इस मौके पर 80 वें स्वतंत्रता दिवस पर प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी.
तेजी से बढ़ रही अर्थव्यवस्था
कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें आत्मचिंतन करने के लिए प्रेरणा देता है. प्रदेश में लगातार निवेश हो रहा है. जिससे अर्थव्यवस्था भी तेजी से बढ़ रही है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संदेश में कहा कि स्वतंत्रता की 80वीं वर्षगांठ पर आप सभी को हार्दिक बधाई, शुभकामनाएं. मैं सबसे पहले देश को स्वतंत्र करवाने के लिए अपने जीवन का बलिदान करने वाले अमर शहीद सेनानियों, राष्ट्रप्रेमियों का स्मरण करते हुए उन्हें आदरांजलि अर्पित करता हूं. स्वतंत्रता दिवस हम सभी के लिए एक विशेष त्योहार है, जो हमें आत्मचिंतन, भविष्य की रूपरेखा एवं प्रदेश के विकास में अपने योगदान को नियोजित करने का अवसर प्रदान करता है.
त्योहार हमारे जीवन का आधार
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यह सुखद संयोग है कि इस महीने हम स्वतंत्रता दिवस के साथ रक्षाबंधन का पावन पर्व भी मना रहे हैं. इसके कुछ दिन बाद ही भगवान श्री कृष्ण की जन्माष्टमी और उनके साथ-साथ श्री गणेश उत्सव की लंबी परंपरा हमारी उमंग बढ़ाएगी. परमात्मा की कृपा से अब वर्षा भी अच्छी हो रही है, जिससे किसान भाइयों और आम नागरिकों को राहत मिली है. प्रदेश में सरकार और समाज ने मिलकर पर्व और त्योहार मनाने का काम किया है.
निरंतर आगे बढ़ता रहेगा विकास का कारवां
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के माध्यम से मध्य प्रदेश को अनेक सौगातें मिली हैं. धार में टेक्सटाइल क्षेत्र में पीएम मित्रा पार्क बन रहा है, ग्वालियर में टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन स्थापित किया जा रहा है. प्रदेश में नवकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में भी तेजी से कदम बढ़ाए जा रहे हैं. अन्य कई क्षेत्रों में निवेश आ रहा है. मेरा विश्वास है कि विकास का ये कारवां प्रदेशवासियों के सहयोग से निरंतर आगे बढ़ता रहेगा. एक बार पुनः स्वतंत्रता की वर्षगांठ की आप सभी को बधाई, बहुत-बहुत धन्यवाद. भारत माता की जय.
भोपाल की सड़कों पर दिखा देशभक्ति का विराट रंग, 1 लाख हाथों में तिरंगा; मोहन यादव ने 9 km तक…
