MP News : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत अखंड भारत स्मृति दिवस के अवसर पर शुक्रवार को राजधानी भोपाल में राष्ट्रभक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला. हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा की संस्था ‘कर्मश्री’ द्वारा आयोजित भारतवर्ष की विशाल तिरंगा यात्रा में करीब एक लाख नागरिक हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए. 50 हजार वाहनों और लाखों नागरिकों की सहभागिता से निकली यह यात्रा भोपाल की सड़कों को तिरंगामय करते हुए मदर टेरेसा स्कूल, कोलार सिक्स लेन से प्रारंभ होकर 32 किलोमीटर का सफर तय कर संतनगर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडी भैंसाखेड़ी पहुंची.
भव्य स्वरूप में आयोजित कर्मश्री की तिरंगा यात्रा
गौरतलब है कि इस वर्ष की यात्रा को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला. हर वर्ष भव्य स्वरूप में आयोजित होने वाली कर्मश्री की तिरंगा यात्रा इस बार अब तक की सबसे विशाल यात्रा के रूप में सामने आई. यात्रा में लगभग 50 हजार वाहनों का पंजीयन हुआ था, जबकि पूरे 32 किलोमीटर लंबे यात्रा मार्ग पर 1100 से अधिक स्थानों पर नागरिकों, सामाजिक, धार्मिक, व्यापारिक, शैक्षणिक एवं विभिन्न संस्थाओं द्वारा तिरंगा यात्रा का स्वागत किया गया.
मुख्यमंत्री ने रथ पर सवार होकर किया यात्रा का नेतृत्व
तिरंगा यात्रा के शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री मोहन यादव भी शामिल हुए. मुख्यमंत्री ने विधायक रामेश्वर शर्मा के साथ रथ पर सवार होकर लगभग 9 किलोमीटर तक यात्रा में सहभागिता की. मुख्यमंत्री के रथ पर सवार होते ही कार्यकर्ताओं और नागरिकों में जबरदस्त उत्साह दिखाई दिया. पूरे मार्ग में भारत माता के जयकारों, वंदे मातरम् और देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंजता रहा.
यात्रा आरंभ स्थल पर लाखों की संख्या में तिरंगा थामे युवाओं का जन सैलाब देखकर मुख्यमंत्री मोहन यादव खुद को सेल्फी लेने से नहीं रोक पाए. उन्होंने मंच के ठीक सामने मीडिया के लिए बनाए गए मंच से विधायक रामेश्वर शर्मा के साथ इस प्रकार सेल्फी ली जिसमे उनके पीछे लाखों युवाओं का जन्म समूह नजर आ रहा है.
भारत की विशाल तिरंगा यात्राओं में से एक
आयोजन स्थल पर तिरंगा यात्रियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कर्मश्री की इस पहल की सराहना करते हुए विधायक रामेश्वर शर्मा को बधाई दी. उन्होंने कहा कि यह मध्यप्रदेश की सबसे बड़ी और भारत की विशाल तिरंगा यात्राओं में से एक है. आजादी के अमृतकाल में ऐसे आयोजन नागरिकों के भीतर राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय चेतना का संचार करते हैं.
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से आम नागरिक को भी अपने घर पर तिरंगा फहराने का अधिकार मिला है. आज प्रधानमंत्री के आह्वान पर देश का युवा हाथों में तिरंगा लेकर उत्साह और गर्व के साथ राष्ट्रभक्ति का संदेश दे रहा है.
राष्ट्रवादी युवा देश का भविष्य : रामेश्वर शर्मा
कर्मश्री के अध्यक्ष एवं हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में देश और प्रदेश में राष्ट्रवादी सरकार कार्य कर रही है. हमारे लिए राष्ट्र प्रथम है. उन्होंने कहा कि राष्ट्रवादी युवा ही देश का भविष्य हैं और ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवाओं में राष्ट्र के प्रति गौरव, समर्पण और जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह चाहते हैं कि देश के बेटा बेटी के अंदर भगतसिंह का जज्बा हो, रामप्रसाद बिस्मिल का जज्बा हो, सुभाषचंद्र बोस का जज्बा हो. परिणाम स्वरुप देश का युवा आज हाथों में तिरंगा थामे खड़ा है.
MP में बाढ़ से बिगड़े हालात, CM मोहन यादव ने सिचुएशन रूम पहुंचकर संभाली कमान; प्रभावितों से की बात
32 km के मार्ग पर दिखा राष्ट्रभक्ति का महासागर
मदर टेरेसा स्कूल के सामने से प्रारंभ हुई यात्रा कोलार से आगे बढ़ते हुए भोपाल के विभिन्न क्षेत्रों से होकर संतनगर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडी भैंसाखेड़ी पहुंची. लगभग 32 किलोमीटर के पूरे मार्ग में जगह-जगह नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर, तिरंगा लहराकर और भारत माता के जयघोष के साथ यात्रा का स्वागत किया. यात्रा मार्ग पर बने विभिन्न तिरंगा सेल्फी प्वाइंट भी आकर्षण का केंद्र रहे.
Gen-Z भी बनी सहभागी
कर्मश्री द्वारा यात्रा के दौरान राष्ट्रभक्ति के साथ सामाजिक सरोकारों को भी जोड़ा गया. विभिन्न सेल्फी प्वाइंट के माध्यम से ‘Gen-Z Against Addiction’ और ‘नशा मुक्त युवा’ का संदेश दिया गया. विधायक रामेश्वर शर्मा ने कार्यकर्ताओं और छात्र-छात्राओं के साथ सेल्फी लेकर युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया. तिरंगा यात्रा में हजारों की संख्या में Gen-Z के युवा भी शामिल हुए.
1100 से अधिक स्थानों पर हुआ स्वागत
तिरंगा यात्रा के 32 किलोमीटर लंबे मार्ग पर 1100 से अधिक स्थानों पर स्वागत की व्यवस्था की गई थी. स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों, व्यापारिक संस्थाओं तथा आम नागरिकों ने बड़ी संख्या में सहभागिता कर यात्रा का स्वागत किया. पूरे मार्ग पर तिरंगे के साथ नागरिकों की मौजूदगी ने भोपाल को एक दिन के लिए पूरी तरह राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया.
तिरंगा यात्रा बनी जनभागीदारी का विराट उत्सव
कर्मश्री की यह तिरंगा यात्रा केवल वाहनों का काफिला नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और अखंड भारत के संकल्प का विराट जनउत्सव बनकर सामने आई. करीब एक लाख नागरिकों की सहभागिता और 32 किलोमीटर लंबे मार्ग पर उमड़ा जनसैलाब इस बात का प्रमाण रहा कि तिरंगा आज भी देश के हर नागरिक के हृदय में गौरव और स्वाभिमान का प्रतीक है.
भारत माता को CM डॉ. मोहन यादव ने किया नमन, कहा- विभाजन की पीड़ा से आज भी व्यथित होता है मन
