Delhi Police Death: बाहरी उत्तरी दिल्ली के नरेला में शनिवार को एक फ़्लैट के अंदर दिल्ली पुलिस के एक हेड कॉन्स्टेबल और उनकी पत्नी मृत पाए गए. घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने बताया कि मौत की वजह और घटनाक्रम की जांच की जा रही है.पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट में तैनात हेड कॉन्स्टेबल मोनू (40) और उनकी पत्नी मीनू (35) के तौर पर हुई है. पुलिस के मुताबिक, दोपहर करीब 1 बजे नरेला के एक फ़्लैट के बारे में PCR कॉल मिली कि वह अंदर से बंद है. इसके बाद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे.
घटना के समय दोनों बच्चे नहीं थे घर पर
पुलिस ने बताया कि फ़्लैट अंदर से बंद था, इसलिए फ़ायर डिपार्टमेंट की मदद से अंदर प्रवेश किया गया. पुलिस के अनुसार, मोनू और मीनू के शव फ़्लैट के एक ही कमरे में मिले. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, घटना के समय दंपती के दोनों बच्चे घर पर नहीं थे. बाद में जब वे लौटे तो उन्होंने फ़्लैट को अंदर से बंद पाया. दरवाज़ा खटखटाने पर कोई जवाब नहीं मिलने पर पड़ोसी मौके पर जमा हो गए. एक पड़ोसी ने दावा किया कि मोनू ने कथित तौर पर आत्महत्या करने से पहले अपनी पत्नी की हत्या कर दी थी, लेकिन पुलिस ने घटनाक्रम की पुष्टि नहीं की है. वह हमारे पड़ोसी थे और दिल्ली पुलिस में हेड कॉन्स्टेबल के पद पर तैनात थे. वह यहां करीब 15 साल से रह रहे थे. उन्होंने अपनी पत्नी की हत्या की और फिर खुदकुशी कर ली.
पुलिस, फायर ब्रिगेड के पहुंचने पर पड़ोसियों को पता चला
पड़ोसी ने कहा कि मुझे तब पता चला जब पुलिस, फायर ब्रिगेड और दूसरे अधिकारी वहां पहुंचे. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पड़ोसियों ने खिड़की से अंदर झांका तो मीनू को मृत पाया और मोनू फंदे से लटका हुआ मिला. पुलिस ने कहा कि घटना की जांच की जा रही है. अधिकारियों ने बताया कि फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की टीम, क्राइम टीम और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा किया और जगह की जांच-पड़ताल की. शवों को पोस्टमार्टम के लिए राजा हरीश चंद्र अस्पताल भेज दिया गया है. पुलिस मौत से जुड़े सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है, जिसमें यह भी शामिल है कि क्या घटना से पहले कोई विवाद हुआ था. एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतक कांस्टेबल के परिजनों को सूचना दे दी गई है. पुलिस हादसे के पीछे की वजहों का पता लगा रही है.
पति का पहली पत्नी से मिलना नहीं था मंजूर, प्रेमी संग रची हत्या की साजिश; नहर किनारे मिली लाश
News Source: PTI
