Parvesh Verma: दिल्ली के तिलक नगर में सड़क को लेकर शुरू हुआ विवाद अब तूल पकड़ता जा रहा है. इस मामले में दिल्ली पुलिस को कुल मिलाकर पांच शिकायतें मिली हैं. दोनों पक्षों की ओर से शिकायतें दर्ज कराई गई हैं. हालांकि, अभी तक किसी भी शिकायत के आधार पर FIR दर्ज नहीं की गई है. दिल्ली पुलिस फिलहाल सभी शिकायतों की जांच कर रही है.
दिल्ली पुलिस को मिली पांच शिकायतें
दिल्ली पुलिस ने सोमवार को कहा कि तिलक नगर विवाद में PWD मंत्री और AAP विधायक जरनैल सिंह शामिल हैं. इन दोनों के खिलाफ अभी तक पांच शिकायतें मिली हैं. पुलिस ने कहा कि इनमें से एक शिकायत जरनैल सिंह के सहयोगी साहिब सिंह ने दर्ज कराई थी. दो शिकायतें PWD कर्मचारियों ने जरनैल सिंह और अन्य लोगों के खिलाफ दर्ज कराई थीं. वहीं, प्रवेश वर्मा के साथ दुर्व्यवहार को लेकर BJP कार्यकर्ताओं ने दो शिकायतें दर्ज कराईं. ये सभी पांच शिकायतें दिल्ली के विकासपुरी और तिलक नगर पुलिस स्टेशनों में दी गईं.
युवक को थप्पड़ मारने से विवाद हुआ शुरू!
फिलहाल, किसी भी शिकायत के आधार पर FIR दर्ज नहीं कराई गई है. सड़क के दोनों तरफ का इलाका विकासपुरी पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आता है, जबकि गुरुद्वारा तिलक नगर पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आता है. मालूम हो कि दिल्ली में ये विवाद उस वक्त शुरू हुआ जब AAP नेताओं ने एक वीडियो शेयर किया, जिसमें प्रवेश वर्मा को तिलक नगर में सड़क निरीक्षण के दौरान एक स्थानीय युवक को थप्पड़ मारते हुए दिखाया गया था. AAP ने इस घटना को लेकर तिलक नगर में विरोध प्रदर्शन भी किया था और इस दौरान पार्टी नेताओं ने कार्रवाई की भी मांग की.
वीडियो : डिप्टी CM प्रवेश वर्मा ने सरेराह मारा युवक को थप्पड़, AAP बोली- पार कर दी गुंडागर्दी की हद
दूसरी ओर AAP द्वारा लगाए जा रहे आरोपों को प्रवेश वर्मा ने सिरे से खारिज कर दिया था. इसी बीच उन्होंने दावा किया कि AAP कार्यकर्ताओं ने उनके परिवार के साथ गाली-गलौज और दुर्व्यवहार किया. PWD मंत्री ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर जारी किया था, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि AAP विधायक जरनैल सिंह के समर्थकों ने उनके परिवार के साथ गाली-गलौज की थी.
कमीशन की मांग का लगाया था आरोप
इसके अलावा वर्मा ने आरोप लगाया कि AAP विधायक सड़क परियोजनाओं में शामिल अधिकारियों से कमीशन की मांग की थी. उन्होंने कहा कि सरकारी काम में बाधा डालने या संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. इससे पहले दिल्ली पुलिस ने खुलासा किया था कि पीड़ित साहिब सिंह के खिलाफ MCD कर्मचारी के साथ मारपीट का एक आपराधिक मामला पहले ही दर्ज किया जा चुका है. पुलिस ने बताया कि MCD कर्मचारी के साथ मारपीट की घटना उस समय CCTV में कैद हो गई थी. साहिब सिंह को पहले भी इस मामले में गिरफ्तार किया गया था और वह अभी भी जमानत पर बाहर हैं.
नहीं थम रहा प्रवेश वर्मा से जुड़ा ‘थप्पड़ कांड’ विवाद, सड़कों पर आए लोग; जानें क्या बोला पीड़ित?
