Mathura News : मथुरा में एक बड़ा हादसे की खबर सामने आई है. यात्रियों से भरी वोट पीपा पुल से टकराकर नदी में पलट गई. इस घटना में अभी तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है और कई घायल हुए हैं.
Mathura News : उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया. वृंदावन में यमुना नदी में पीपा पुल से टकराकर टूरिस्टों से भरी एक नाव पलट गई. इस हादसे में अभी तक 10 लोगों की मौत हो गई और कई लोग लापता हैं. बताया जा रहा है कि लापता लोगों में ज्यादातर पंजाब के रहने वाले थे. वहीं, घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और लापता हुए लोगों को तलाशने के लिए गोताखोरों की एक टीम लगा दी. इस पूरे मामले को लेकर जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने मौतों की पुष्टि करते हुए बताया कि बोट में सवार सभी टूरिस्ट पंजाब के रहने वाले थे.
डीएम ने कहा कि 10 शव बरामद कर लिए गए हैं. अब तक 16 से 17 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है. लापता लोगों को खोजने के प्रयास जारी हैं. बताया जा रहा है कि नाव में दो दर्जन से ज्यादा टूरिस्ट सवार थे. बचाव अभियान जारी हैं, जिसमें राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की टीमों के साथ 50 से अधिक गोताखोरों को लगाया गया है.
सीएम योगी ने जताया दुख
इस घटना पर राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया है. उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर कहा कि जनपद मथुरा में नाव पलटने से हुई दुर्घटना में जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है. मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं. उन्होंने आगे कहा कि संबंधित अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर बचाव व राहत कार्य संचालित करने और घायलों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं. प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को सद्गति एवं शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें.
वहीं, एसडीएम ऋतु सिरोही ने हादसे की वजह सो ओवरलोड बताया गया है. उन्होंने कहा कि नाव पर जरूरत से ज्यादा लोग सवार थे. अब तक 10 लोगों के मरने की पुष्टि हुई है. घटना के बाद मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने जायजा लिया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया. इसके अलावा अस्पतालों को भी अलर्ट कर दिया गया और घायलों को उचित इलाज के लिए निर्देश दिए गए हैं.
सीएम योगी ने लिया संज्ञान
मुख्यमंत्री योगी ने भी घटना की गंभीरता ने संज्ञान लिया है. उन्होंने हादसे को लेकर अफसरों को निर्देश दिया है कि घटना स्थल पर पहुंचा घायलों मदद की जाए. साथ ही घायलों को अस्पताल पहुंचाकर उन्हें उचित इलाज दिलवाया जाए. फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है कि यह घटना कैसे हुई.
यह भी पढ़ें- UP: गाजियाबाद की बदलेगी सूरत, योगी ने दी 2200 करोड़ के प्रोजेक्ट को हरी झंडी; जानें क्या-क्या बनेगा
News Source: PTI
