Gold Silver Price: सोने-चांदी की कीमतों में शुक्रवार को एक बार फिर जोरदार तेजी देखने को मिली. हालिया गिरावट के बाद बुलियन मार्केट ने शानदार वापसी की है. दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने की कीमत 1600 रुपये प्रति 10 ग्राम बढ़ गई. वहीं, चांदी ने तो इससे भी बड़ी छलांग लगाते हुए 5000 रुपये प्रति किलोग्राम की तेजी दिखाई. दरअसल, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी, डॉलर में कमजोरी और अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड में गिरावट ने सोने-चांदी की कीमतों को सपोर्ट दिया. यानी जिन कारणों से हाल में बाजार में चिंता थी, उन्हीं में थोड़ी राहत मिलते ही निवेशकों ने फिर से बुलियन की तरफ रुख करना शुरू कर दिया.
सोना 1.56 लाख रुपये के पार
99.9 फीसदी शुद्धता वाला सोना शुक्रवार को दिल्ली में 1600 रुपये उछलकर 1,56,600 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया. इसमें सभी टैक्स शामिल हैं. इससे पिछले कारोबारी सत्र में सोना 1,55,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था. हाल की बिकवाली के बाद सोने की ये तेजी निवेशकों के लिए राहत लेकर आई है. बाजार में एक बार फिर सोने की चमक लौटती दिखाई दे रही है.
चांदी ने सोने को छोड़ा पीछे
सोने के साथ चांदी ने भी शुक्रवार को जबरदस्त तेजी दिखाई. चांदी की कीमत 5000 रुपये बढ़कर 2,47,000 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई. पिछले कारोबारी सत्र में चांदी 2,42,000 रुपये प्रति किलो पर थी. यानी एक ही दिन में चांदी की कीमत में 5000 रुपये की बढ़ोतरी हुई.
Stock Market में मामूली तेजी, Realty और Metal शेयरों में चमक; IT स्टॉक्स ने बिगाड़ा निवेशकों का मूड
तेल की गिरावट से दिया सहारा
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार तीसरे सेशन में गिरावट आई. तेल करीब 101 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया. सऊदी अरब से सप्लाई बहाल होने की उम्मीद से फिलहाल तेल को लेकर चिंता कुछ कम हुई है. महंगे तेल से महंगाई का खतरा बढ़ता है. ऐसे में तेल की कीमतों में नरमी से महंगाई को लेकर चिंता कुछ कम हुई. इससे निवेशकों को बुलियंस में दोबारा खरीदारी का मौका मिला. हालांकि, मिडिल ईस्ट में तनाव अभी भी बाजार के लिए बड़ा रिस्क बना हुआ है.
इंटरनेशनल मार्केट में गोल्ड
घरेलू बाजार की तेजी का असर अंतरराष्ट्रीय बुलियन मार्केट में भी नजर आया. स्पॉट गोल्ड करीब 50.96 डॉलर यानी 1.17 प्रतिशत बढ़कर 4,392.78 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया. वहीं, सिल्वर करीब 3.10 प्रतिशत उछलकर 67.21 डॉलर प्रति औंस हो गई.
ETF में भी बढ़ती दिलचस्पी
सोने को लेकर निवेशकों की दिलचस्पी सिर्फ फिजिकल गोल्ड तक नहीं है. गोल्ड ETF होल्डिंग्स में लगातार आठवें दिन खरीदारी देखने को मिली है. इससे ग्लोबल होल्डिंग्स बढ़कर 100.39 मिलियन औंस हो गई हैं. साल की शुरुआत से होल्डिंग्स में 1.44 मिलियन औंस की बढ़ोतरी हुई है. हालांकि, बाजार में पूरी तरह तस्वीर साफ नहीं हुई है. अमेरिकी डॉलर और ट्रेजरी यील्ड अभी भी हाई लेवल पर हैं, जो सोने की तेजी को सीमित कर सकते हैं. फिलहाल सोने और चांदी ने बाजार में शानदार कमबैक किया है. सोना 1.56 लाख रुपये के पार और चांदी 2.47 लाख रुपये प्रति किलो पहुंच चुकी है. अब निवेशकों की नजर कच्चे तेल, डॉलर, US इंटरेस्ट रेट्स और मिडिल ईस्ट की स्थिति पर रहेगी. इन सभी फैक्टर्स का असर आने वाले दिनों में बुलियन प्राइज पर दिखाई दे सकता है.
Nifty ने लगाई छलांग, Sensex मामूली गिरा; IT और Tata शेयरों ने बिगाड़ा Stock Market का खेल
