Stock Market Today: भारतीय शेयर बाजार हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को मिला-जुला रहा. एक तरफ कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और एशियाई बाजारों से मिले अच्छे संकेतों ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया. वहीं, दूसरी तरफ IT शेयरों और टाटा ग्रुप के कई स्टॉक्स में बिकवाली ने बाजार की रफ्तार रोक दी. दिन के दौरान सेंसेक्स करीब 414 अंक तक उछला, लेकिन क्लोसिंग सेशन में बढ़त गंवा बैठा. कारोबार के अंत में 30 शेयरों वाला BSE सेंसेक्स 19.63 अंक यानी 0.03 फीसदी गिरकर 74,294.96 पर बंद हुआ. हालांकि, दिन के कारोबार में ये 413.85 अंक यानी 0.55 फीसदी तक चढ़कर 74,728.44 के स्तर पर पहुंच गया था. दूसरी तरफ निफ्टी 50 लगातार तीसरे कारोबारी दिन बढ़त के साथ बंद हुआ. निफ्टी 75.80 अंक यानी 0.33 फीसदी की तेजी के साथ 23,346.40 पर बंद हुआ.
IT शेयरों में भारी बिकवाली
शुक्रवार को बाजार में सबसे ज्यादा दबाव IT शेयरों पर नजर आया. सेंसेक्स की 30 कंपनियों में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज़ के शेयर 4.33 फीसदी टूटे. इसके अलावा टाइटन 2.11 प्रतिशत, एशियन पेंट्स 2 प्रतिशत, मारुती 1.98 फीसदी, टेक महिंद्रा 1.82 फीसदी और टाटा स्टील 1.73 प्रतिशत गिरकर बंद हुए. यानी सुबह जहां बाजार तेजी के मूड में था, वहीं IT और कुछ बड़े टाटा ग्रुप शेयरों की बिकवाली ने माहौल बदल दिया. हालांकि, सभी शेयरों में कमजोरी नहीं रही. अदानी पोर्ट्स, पावर ग्रिड, एचडीएफसी बैंक और भारती एयरटेल बढ़त वाले शेयरों में शामिल रहे. इन शेयरों में खरीदारी ने बाजार को संभालने में मदद की.
iPhone 18 Pro की पहली सेल पर उमड़ा सैलाब, स्टोर के बाहर जुटे खरीदार; दिल्ली-मुंबई में दिखा जुनून
कच्चे तेल में गिरावट
निवेशकों के लिए शुक्रवार की एक बड़ी राहत कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट रही. कच्चा तेल 1.35 प्रतिशत गिरकर 103.4 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया. वैसे भी, महंगे तेल की वजह से भारत के इम्पोर्ट बिल, महंगाई और रुपये पर दबाव बढ़ सकता है. ऐसे में क्रूड ऑयल की कीमत में नरमी बाजार के लिए राहत की खबर मानी जा रही है. HST वेल्थ के फाउंडर और CEO हरिसेलवन राधाकृष्णन के मुताबिक, कच्चे तेल की कीमत में नरमी और एशियाई बाजारों के सकारात्मक संकेतों ने भारतीय बाजार में खरीदारी बढ़ाई.
NSE IPO को शानदार रिस्पॉन्स
शुक्रवार को बाजार में नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ़ इंडिया (NSE) के 22,569 करोड़ रुपये के मेगा IPO की भी चर्चा रही. IPO दूसरे दिन पूरी तरह सब्सक्राइब हो गया. योग्य संस्थागत खरीदार यानी QIBs और गैर संस्थागत निवेशक की तरफ से अच्छी मांग दिखी. हालांकि, बाजार में बड़े IPOs की तरफ पैसा जाने से बाकी शेयरों में खरीदारी पर असर पड़ा. इसके अलावा टाटा ग्रुप के शेयरों में भी शुक्रवार को दबाव रहा. टाटा केमिकल्स के शेयरों में सबसे ज्यादा हलचल दिखी और ये 11.71 प्रतिशत गिर गया. टाटा संस के बोर्ड में एन चंद्रशेखरन को लगातार पांच साल के लिए कार्यकारी अध्यक्ष के तौर पर दोबारा नियुक्त किया गया है. इस फैसले के बाद टाटा ट्रस्ट्स और बोर्ड के बीच मतभेद की खबरों ने भी निवेशकों का ध्यान खींचा. इससे समूह के भविष्य और कॉरपोरेट गवर्नेंस को लेकर बाजार में चर्चा तेज हुई.
विदेशी निवेशकों की बिकवाली जारी
भारतीय बाजार के लिए एक और चिंता विदेशी निवेशकों की बिकवाली है. एक्सचेंज डाटा के मुताबिक, FIIs ने गुरुवार को 3,208.76 करोड़ रुपये की इक्विटी बेची. विदेशी पूंजी की निकासी बाजार की तेजी के सामने बड़ी चुनौती बनी हुई है. उधर एशियाई बाजारों में शुक्रवार को मजबूत तेजी देखने को मिली. साउथ कोरिया का कोस्पी, जापान का निक्की 225, शंघाई का SSE कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग सभी मजबूती के साथ बंद हुए. हालांकि, यूरोपीय बाजारों में कारोबार के दौरान कमजोरी रही, जबकि गुरुवार को अमेरिकी बाजार बढ़त के साथ बंद हुए. यानी शुक्रवार को बाजार ठीक-ठाक रहा.
News Source: PTI
Stock Market में मामूली तेजी, Realty और Metal शेयरों में चमक; IT स्टॉक्स ने बिगाड़ा निवेशकों का मूड
