Rent a Boyfriend: ‘रेंट ए बॉयफ्रेंड’ को लेकर सोशल मीडिया पर विज्ञापन चल रहे हैं. मामले के तूल पकड़ने के बाद हैदराबाद के पुलिस कमिश्नर वीसी सज्जनार ने शनिवार को लोगों को सावधान रहने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि ‘रेंट ए बॉयफ्रेंड’ के ऑफर वास्तव में साइबर अपराधियों की ओर से बिछाया गया जाल है. इसके जरिए वे महिलाओं को अपने झांसे में लेते हैं और उनकी तस्वीरों का इस्तेमाल कर उन्हें ब्लैकमेल करने की कोशिश करते हैं.
निजी तस्वीरों से करते हैं ब्लैकमेल
ये गिरोह प्रोफेशनल साथी उपलब्ध कराने का दावा कर युवतियों को आकर्षित करते हैं. जब कोई महिला इनके झांसे में आ जाती है, तो आरोपी उससे निजी तस्वीरें और व्यक्तिगत जानकारी हासिल कर लेते हैं. इसके बाद इन जानकारियों का इस्तेमाल महिलाओं को ब्लैकमेल करने और उनसे पैसे ऐंठने के लिए किया जाता है. कमिश्नर ने बताया कि साइबर अपराधी आकर्षक ऑफर के जरिए महिलाओं को लुभाते हैं. इनमें कॉफी, फिल्म या शॉपिंग के लिए हैंडसम युवा पुरुषों को साथी के तौर पर उपलब्ध कराने का दावा किया जाता है. इसके बाद महिलाओं को अपने जाल में फंसाकर उनकी निजी जानकारी हासिल की जाती है.
सज्जनार ने ऐसे ही एक ऑफर का पोस्टर शेयर करते हुए बताया कि साइबर अपराधी महिलाओं को ‘1 अगस्त स्पेशल 50 प्रतिशत की छूट’ जैसे आकर्षक ऑफर देकर लुभाने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने लोगों से ऐसे विज्ञापनों से सावधान रहने और किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी निजी तस्वीरें या व्यक्तिगत जानकारी साझा न करने की अपील की है.
TCS Case में बड़ा एक्शन! AIMIM पार्षद मतीन पटेल गिरफ्तार, HR निदा खान को पनाह देने का था आरोप
AI से तैयार करते हैं युवा खिलाड़ी
साइबर अपराधी सबसे पहले युवतियों को हैंडसम और आकर्षक युवा पुरुषों की तस्वीरें भेजते हैं. खास बात यह है कि इनमें से कई तस्वीरें AI की मदद से तैयार की जाती हैं या फिर किसी व्यक्ति के सोशल मीडिया अकाउंट से डाउनलोड की जाती हैं. कमिश्नर सज्जनार ने बताया कि ये ठग सिक्योरिटी डिपॉजिट, एडवांस पेमेंट और बुकिंग कन्फर्मेशन के नाम पर महिलाओं से पैसे वसूलते हैं. पैसे मिलते ही वे पीड़ितों के अकाउंट या संपर्क नंबर को ब्लॉक कर देते हैं.
उन्होंने आगे बताया कि साइबर अपराधी महिलाओं के फोन नंबर और निजी तस्वीरें हासिल करने के बाद उन्हें ब्लैकमेल भी कर सकते हैं. निजी तस्वीरों और व्यक्तिगत जानकारी का इस्तेमाल कर आरोपी पीड़ितों से पैसे ऐंठने की कोशिश करते हैं.
ऑफर पर नजर बनाए हुए हैं
इस तरह के लगातार केस सामने आने के बाद हैदराबाद पुलिस अब इन ऑफर पर नजर बनाए हुए है. अगर ऐसे लोग पकड़े जाते हैं तो पुलिस उन पर कड़ी कार्रवाई करेगी. पुलिस कमिश्नर ने कहा कि युवा महिलाओं के माता-पिता को उनके सोशल मीडिया पोस्ट और स्मार्टफोन के इस्तेमाल पर नजर रखनी चाहिए. इसके अलावा उन्होंने धोखाधड़ी के शिकार लोगों से इस मामले में साइबर क्राइम पुलिस से संपर्क करने की अपील की है.
