Movies Bast on Food on OTT: अगर आपके दिल का रास्ता भी पेट से होकर गुज़रता है, तो आज आपके लिए अलग-अलग ओटीटी पर मौजूद ऐसी फिल्मों की लिस्ट लेकर आए हैं, जिनकी कहानी खाने पर ही बेस्ड है.
10 March, 2026
कहते हैं कि दिल का रास्ता पेट से होकर गुजरता है, लेकिन कुछ फिल्में ऐसी होती हैं जिनका रास्ता सीधा आपकी आंखों से होते हुए दिल तक पहुंचता है. अक्सर फिल्मों में खाना सिर्फ एक सीन का हिस्सा होता है, लेकिन कुछ फिल्में ऐसी भी हैं जहां खाना ही लीड हीरो है. गरम-गरम बिरयानी से लेकर चीज़ी सैंडविच तक, ये फिल्में न सिर्फ आपकी भूख बढ़ा देंगी बल्कि आपको जिंदगी के कई अनकहे स्वाद भी चखाएंगी. अगर आप भी फूडी हैं और सिनेमा के शौकीन हैं, तो नेटफ्लिक्स, जियोहॉटस्टार और बाकी ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर मौजूद ये फिल्में आपके लिए किसी शाही दावत से कम नहीं हैं.

शेफ
अगर आप अपने काम से ऊब चुके हैं और कुछ नया करने का सपना देख रहे हैं, तो अमेजन प्राइम वीडियो की फिल्म सेफ आपके लिए ही है. साल 2014 में रिलीज़ हुई ये फिल्म एक ऐसे हाई-एंड शेफ की कहानी है जो एक फूड क्रिटिक से बहस के बाद अपनी अच्छी-खासी नौकरी छोड़ देता है. इसके बाद वो एक पुराना ट्रक खरीदता है और उसे फूड ट्रक बनाकर सड़कों पर निकल पड़ता है. फिल्म में जब वो मक्खन से लबालब ग्रिल्ड चीज सैंडविच और क्यूबन सैंडविच बनाता है, तो स्क्रीन देखकर ही मुंह में पानी आ जाता है. वैसे, ये फिल्म सिर्फ खाने के बारे में नहीं है, बल्कि रिश्तों के बारे में है. सैफ अली खान के साथ इस फिल्म का हिंदी रीमेक भी बन चुका है.

रैटाटुई
क्या आपने कभी सोचा है कि एक चूहा दुनिया का सबसे बेहतरीन शेफ बन सकता है? ये सुनने में अजीब लग सकता है, लेकिन एनिमेटेड फिल्म रैटाटुई में इस चीज़ को बड़ी खूबसूरती से दिखाया गया है. पेरिस की गलियों में सेट ये कहानी रेमी नाम के एक चूहे की है, जिसे स्वाद और खुशबू की गजब समझ है. वो एक अनाड़ी लड़के लिंगुइनी की मदद से रेस्टोरेंट में कमाल की डिश बनाता है. फिल्म का क्लाइमैक्स तब आता है जब दुनिया का सबसे बड़ा फूड क्रिटिक ‘रैटाटुई’ डिश चखता है और अपने बचपन की यादों में खो जाता है. आप इस फिल्म को जियोहॉटस्टार पर कभी भी देख सकते हैं.
यह भी पढ़ेंः‘क्वीन’ से लेकर ‘थप्पड़’ तक, Women’s Day पर देखें ये 10 फिल्में और बनाएं अपने दिन को और खास

द लंचबॉक्स
मुंबई की भागदौड़ भरी लाइफ और डब्बावालों की फेमस सर्विस पर बेस्ड फिल्म द लंचबॉक्स सिनेमा का असली स्वाद चखाती है. एक हाउसवाइफ यानी निम्रत कौर अपने पति के लिए लंचबॉक्स भेजती है, जो गलती से एक रिटायर होने वाले शख्स यानी इरफान खान के पास पहुंच जाता है. खाने के डिब्बे में छिपी चिट्ठियों के जरिए शुरू हुई ये अनकही दोस्ती बहुत ही खूबसूरत है. गोभी की सब्जी और घर की बनी रोटियों की खुशबू पूरी फिल्म में फील होती है.

उस्ताद होटल
उस्ताद होटल नाम की ये मलयालम फिल्म दिल को छू लेने है जिसे हर खाने के शौकीन को देखना चाहिए. दुलकर सलमान शेफ बनने का सपना देखते हैं, लेकिन हालात उसे अपने दादाजी के छोटे से ‘उस्ताद होटल’ में ले आते हैं. यहां उनका कैरेक्टर लग्जरी खानों के बजाय मालाबार बिरयानी और सुलेमानी चाय का असली मतलब समझता है. ये फिल्म सिखाती है कि सबसे अच्छा खाना वो नहीं है जो महंगे होटलों में मिले, बल्कि वो है जो किसी भूखे का पेट भरे और रूह को सुकून दे. आप इस फिल्म को भी जियोहॉटस्टार पर देख सकते हैं.

नो रिजर्वेशन्स
कैथरीन ज़ेटा-जोन्स की फिल्म नौ रिजर्वेशन्स में वो ऐसी शेफ बनी हैं जिसकी जिंदगी और किचन, दोनों एकदम परफेक्ट और रूल्स से चलती हैं. हालांकि, जब उनकी जिंदगी में उनकी छोटी भतीजी और एक मस्तमौला को शेफ की एंट्री होती है, तो उनके नियमों की धज्जियां उड़ जाती हैं. फिल्म में खाने को हीलिंग की तरह इस्तेमाल किया गया है. पास्ता और सॉस के बहाने ये कहानी बताती है कि जिंदगी की सबसे अच्छी रेसिपी वही होती है, जो बिना किसी नियम के बनाई जाए. वैसे, आप इस फिल्म को फ्री में यूट्यूब पर देख सकते हैं.
यह भी पढ़ेंः आलिया और शरवरी की एक्शन-स्पाई फिल्म ‘अल्फा’ की रिलीज डेट हुई अनाउंस, स्टारकास्ट में एक से एक धुरंधर
