Family dramas like Gullak: कुछ कहानियां सिर्फ एंटरटेन नहीं करतीं, बल्कि दिल के किसी कोने में हमेशा के लिए घर बना लेती हैं. ‘गुल्लक’ सीरीज भी कुछ ऐसी ही है. सोनी लिव की इस सीरीज में मिश्रा परिवार की छोटी-छोटी खुशियों, नोकझोंक, हंसी और इमोशन्स ने ऑडियन्स को अपना बना लिया है. अगर ‘गुल्लक सीजन 5’ के खत्म होने के बाद आपको भी ऐसा लग रहा है कि अब देखने के लिए वैसी ही दिल छू लेने वाली कहानी कहां मिलेगी, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है. ओटीटी पर ऐसे कई शानदार फैमिली ड्रामा हैं, जो आपका दिल जीत लेंगे. आज आपके लिए उन्हीं की लिस्ट लेकर आए हैं.
ये मेरी फैमिली-अमेजन प्राइम वीडियो
अगर ‘गुल्लक’ ने आपको अपने बचपन की गलियों में पहुंचा दिया था, तो ‘ये मेरी फैमिली’ उस सफर को और भी यादगार बना देगी. 90s के टाइम में बेस ये कहानी 12 साल के हर्षु गुप्ता की नजरों से दिखाई गई है. इसमें फैमिली, स्कूल, दोस्तों, भाई-बहनों का झगड़ा और पहली मासूम मोहब्बत को बड़ी खूबसूरती से दिखाया गया है. हर एपिसोड आपको बचपन की यादों में डुबो देगा.
दिस इज अस- जियोहॉटस्टार
अगर आप इमोशन्स का समंदर फील करना चाहते हैं, तो ‘दिस इज अस’ आपके लिए है. पियर्सन फैमिली की कई सालों में चली आ रही इस कहाी में रिलेशनशिप, ड्रीम, स्ट्रगल और मेंटल हेल्थ के दर्द को इतनी खूबसूरती से दिखाया गया है कि कई बार आपकी आंखें नम हो जाती हैं. ये सिर्फ एक फैमिली ड्रामा नहीं, बल्कि जिंदगी का आईना है.
द आम आदमी फैमिली-ZEE5
मिडिल क्लास फैमिली की डेली लाइफ की परेशानियों में भी कितनी हंसी छिपी होती है, ये ‘द आम आदमी फैमिली’ अच्छी तरह से दिखाती है. घर के कामों पर बहस, शादी-ब्याह का खर्च, पड़ोस की गपशप और पीढ़ियों के बीच की खट्टी-मीठी नोकझोंक जी5 की इस वेब सीरीज को और एंटरटेनिंग बनाती है.
पंचायत-अमेजन प्राइम वीडियो
एक शहर का इंजीनियर जब मजबूरी में गांव की पंचायत का सचिव बनता है, तो शुरू होता है हंसी और इमोशन्स से भरा शानदार सफर.’पंचायत’ धीरे-धीरे सिर्फ कॉमेडी नहीं रहती, बल्कि दोस्ती, गांव की सिंपल लाइफ और रिश्तों की गहराई को भी दिखाती है. यही वजह है कि ये ‘पंचायत’ आज की सबसे पॉपुलर वेब सीरीज में शामिल है.
मॉडर्न फैमिली-जियोहॉटस्टार
अगर आप हल्की-फुल्की कॉमेडी के साथ फैमिली ड्रामा देखना चाहते हैं, तो ‘मॉडर्न फैमिली’ शानदार ऑप्शन है. एक ही फैमिली की तीन अलग-अलग पीढ़ियों की लाइफ, उनकी गलतफहमियां, बच्चों की शरारतें और रिश्तों की उलझनें आपको हर एपिसोड में हंसने पर मजबूर कर देंगी.
निर्मल पाठक की घर वापसी-सोनीलिव
ये सिर्फ घर लौटने की कहानी नहीं, बल्कि अपनी जड़ों से जुड़ने और सोसाइटी की कड़वी सच्चाइयों का भी सफर है. गांव की परंपराएं, जातिवाद, पितृसत्ता और रिश्तों के बीच फंसे निर्मल की कहानी आपको सोचने पर मजबूर कर देती है. ये सीरीज इमोशन्स के साथ एक स्ट्रॉन्ग मैसेज भी देती है.
हैप्पी फैमिली: कंडीशंस अप्लाई- अमेजन प्राइम वीडियो
4 जेनेरेशन, एक घर और ढेर सारी कॉमेडी. ढोलकिया परिवार की ये कहानी दिखाती है कि जब नई जेनेरेशन अलग रहने का फैसला करती है, तो पूरे परिवार में किस तरह हलचल मच जाती है. मजेदार डायलॉग, बढ़िया कैरेक्टर्स और रिश्तों की मिठास इस सीरीज को शानदार फैमिली एंटरटेनर बनाती है.
