Asha Parekh: बॉलीवुड की पुरानी फिल्मों के किस्से जितने दिलचस्प हैं, सितारों के आपसी रिश्तों की कहानियां उससे भी ज्यादा दिल छू लेने वाली हैं. ऐसी ही एक प्यारी याद एक्ट्रेस आशा पारेख ने अपनी ऑटोबायोग्राफी ‘द हिट गर्ल’ में शेयर की है. ये किस्सा मशहूर एक्ट्रेस गीता बाली से जुड़ा है, जिन्होंने आशा पारेख को सिर्फ प्यार ही नहीं दिया, बल्कि एक वक्त उन्हें गोद लेने की इच्छा भी जताई थी. आशा पारेख ने फिल्मी दुनिया में तब कदम रख दिया था, जब वो सिर्फ पांचवीं क्लास में पढ़ती थीं. उन्होंने बिमल रॉय की फिल्म ‘मां’ में बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट काम किया. हालांकि, उनके करियर को असली रफ्तार साल 1959 में रिलीज हुई फिल्म ‘दिल देके देखो’ से मिली. फिल्म में वो शम्मी कपूर के साथ लीड रोल में नजर आईं. इस फिल्म की सक्सेस के बाद आशा को पीछे मुड़कर देखने की जरूरत नहीं पड़ी.
आशा के लिए गीता का प्यार
इसी फिल्म की शूटिंग के दौरान आशा पारेख की मुलाकात शम्मी कपूर की पत्नी और उस दौर की मशहूर एक्ट्रेस गीता बाली से हुई. आशा तब इंडस्ट्री में नई थीं. ऐसे में गीता ने उनके साथ बहुत अपनापन दिखाया और उन्हें शूटिंग के माहौल को समझने में मदद भी की. तब रानीखेत में ‘दिल देके देखो’ की शूटिंग हो रही थी. शूटिंग के पहले दिन गीता बाली ने खुद आशा का मेकअप किया था. एक नई एक्ट्रेस के लिए ये एक्स्पीरियंस बहुत खास था. धीरे-धीरे दोनों के बीच मजबूत फैमिली जैसा रिश्ता बन गया.
जब Shammi Kapoor नहीं पहुंचे थे नीला देवी की बर्थडे पार्टी में, फिर जिंदगी भर निभाया अपना वादा
गोद लेने की इच्छा
फिर सबसे दिलचस्प मोड़ तब आया, जब गीता बाली ने शम्मी कपूर के सामने आशा पारेख को गोद लेने की इच्छा जाहिर कर दी. आशा ने अपनी किताब में इस याद का जिक्र किया है. वो शम्मी कपूर को ‘चाचा’ और गीता बाली को ‘चाची’ कहकर बुलाती थीं. यही वजह थी कि दोनों के साथ उनका रिश्ता सिर्फ फिल्मी दुनिया के लिए नहीं था. खैर, आशा पारेख ने अपने करियर में एक से बढ़कर एक फिल्मों में काम किया. उनकी हिट फिल्मों में ‘जब प्यार किसी से होता है’, ‘फिर वही दिल लाया हूं’, ‘तीसरी मंजिल’, ‘प्यार का मौसम’, ‘कटी पतंग’ और ‘कारवां’ जैसे नाम शामिल हैं. इन फिल्मों ने उन्हें हिंदी सिनेमा की पॉपुलर और टॉप एक्ट्रेसेस की लिस्ट में शामिल कर दिया. लेकिन ग्लैमर और स्टारडम के बीच गीता बाली का वो प्यार भरा रिश्ता उनकी जिंदगी की यादों में हमेशा खास बना रहा.
CINTAA विवाद में नया ट्विस्ट! 90 लाख की FD और बैंक अकाउंट को लेकर उठे कई सवाल
