CINTAA Controversy: मुंबई में सिने एंड टेलीविज़न आर्टिस्ट्स एसोसिएशन (CINTAA) से जुड़ा विवाद अब संस्था के बैंक अकाउंट और फिक्स्ड डिपॉजिट यानी FD तक पहुंच गया है. एक्ट्रेस और CINTAA की पूर्व पदाधिकारी उपासना सिंह ने पूनम ढिल्लों और पद्मिनी कोल्हापुरे के साथ-साथ कुछ लोगों पर भी संस्था के फंड और बैंक खातों को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं. हालांकि, ये आरोप संबंधित पक्षों के जवाब के अधीन हैं. एक इंटरव्यू में उपासना सिंह ने दावा किया कि कमेटी भंग होने के बाद संस्था के बैंक अकाउंट फ्रीज कराए गए थे. उनका कहना है कि इसके बावजूद एक अकाउंट दोबारा खोला गया और CINTAA की FD का पैसा दूसरे अकाउंट में ट्रांसफर किया गया.
कैसे शुरू हुआ पूरा मामला?
उपासना के मुताबिक, CINTAA के 5 बैंकों में अकाउंट और पांच बैंकों में FD हैं. कमेटी भंग होने के समय दीपक पाराशर ट्रेजरर थे. उनका कहना है कि सभी बैंकों को कमेटी के भंग होने की जानकारी दी गई थी. नई कमेटी के कार्यभार संभालने तक अकाउंट फ्रीज रखने को कहा गया था. उपासना ने दावा किया कि अदालत के आदेश के बाद ही अकाउंट दोबारा खोले जाने चाहिए थे, लेकिन इसी बीच एक अकाउंट खोल दिया गया. फिर FD से पैसा दूसरे अकाउंट में ट्रांसफर किया गया. उनके मुताबिक, संस्था की FD तोड़ने से पहले सदस्यों की सहमति जरूरी होनी चाहिए. उन्होंने ये सवाल भी उठाया कि अगर अकाउंट फ्रीज था तो बैंकिंग प्रक्रिया कैसे पूरी की गई.
54 दिन बाद भी बॉक्स ऑफिस पर नहीं थम रही Hanuman Ansh की रफ्तार, ‘बॉर्डर 2’ के रिकॉर्ड के करीब
पूनम और पद्मिनी कोल्हापुरे का नाम
उपासना ने दावा किया कि पेंटल, पूनम ढिल्लों और पद्मिनी कोल्हापुरे बैंक गए और संस्था से जुड़े दस्तावेजों के आधार पर अकाउंट खोलने की प्रक्रिया कराई. उनका आरोप है कि संबंधित लोगों ने खुद को CINTAA कमेटी का हिस्सा बताया, जबकि उस समय वो उन पदों पर नहीं थे. उपासना ने ये भी दावा किया कि संस्था के पास करीब 90 लाख रुपये की FD है. अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए रकम ट्रांसफर की गई. हालांकि, अभी ये क्लियर नहीं है कि कुल कितनी FD तोड़ी गईं और कितनी रकम ट्रांसफर हुई.
नगमा ने भी उठाए सवाल
एक्ट्रेस नगमा ने भी CINTAA के फंड के इस्तेमाल को लेकर सवाल उठाए हैं. उन्होंने खास तौर पर FD तोड़कर कर्मचारियों की सैलरी देने के मुद्दे पर आपत्ति जताई. नगमा का कहना है कि ये पैसा कलाकारों के लिए है. अदालत में मामले की सुनवाई की तारीख तय होने के बावजूद FD तोड़ने की जरूरत पर सवाल उठता है. उन्होंने कहा कि अदालत जो फैसला देगी, उसे स्वीकार किया जाना चाहिए और तब तक स्थिति को बनाए रखना बेहतर होगा. नगमा ने ये भी सवाल किया कि अगर कर्मचारियों को सैलरी देने के लिए कलाकारों के फंड का इस्तेमाल किया जा रहा है, तो इसकी प्रक्रिया और जरूरत को क्लियर किया जाना चाहिए. फिलहाल CINTAA से जुड़े इस विवाद में बैंक अकाउंट, FD और फंड के इस्तेमाल को लेकर आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं. मामले की अगली कानूनी कार्रवाई और संबंधित पक्षों का आधिकारिक पक्ष इस विवाद की आगे की तस्वीर साफ कर सकता है.
घर बैठे कब और कहां देख पाएंगे सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की नई फैंटेसी थ्रिलर?
