Shammi Kapoor: बॉलीवुड की पुरानी प्रेम कहानियों में कुछ किस्से ऐसे होते हैं, जो फिल्मों की कहानी से भी ज्यादा दिलचस्प लगते हैं. शम्मी कपूर और उनकी पत्नी नीला देवी की कहानी भी कुछ ऐसी ही है. शादी से पहले नीला देवी शम्मी कपूर की बड़ी फैन थीं. उनकी सबसे बड़ी ख्वाहिश थी कि एक दिन उनके जन्मदिन की पार्टी में शम्मी कपूर खुद आएं. परिवार ने उनकी ये इच्छा पूरी करने की कोशिश भी की, लेकिन उस दिन शम्मी पार्टी में नहीं पहुंच सके. नीला देवी ने ये दिलचस्प किस्सा अपने भतीजे और एक्टर जतिन सियाल के साथ बातचीत में शेयर किया था. जतिन सियाल, पृथ्वीराज कपूर के पोते हैं. जब उन्होंने नीला देवी से उनके जन्मदिन के बारे में पूछा, तो उन्होंने साल 1968 का वो किस्सा सुनाया, जिसे नीला देवी हमेशा याद करती हैं.
बस एक खास मेहमान
नीला देवी ने बताया कि बचपन से ही वो शम्मी कपूर को बहुत पसंद करती थीं. हालांकि, उस समय तक उनकी शम्मी से मुलाकात भी नहीं हुई थी. साल 1968 में उनके भाई ने जन्मदिन पर एक पार्टी रखी और उनसे पूछा कि वो किसी खास इंसान को बुलाना चाहती हैं क्या? नीला ने बिना ज्यादा सोचे अपना जवाब दे दिया, शम्मी कपूर. उनके भाई ने शम्मी कपूर को फोन किया. लेकिन किस्मत को शायद इस मुलाकात के लिए थोड़ा और इंतजार मंजूर था. शम्मी उस समय कलकत्ता से लौटे थे. वो अरनी फिल्म ‘ब्रह्मचारी’ के प्रीमियर के लिए वहां गए थे और लौटने के बाद बीमार पड़ गए थे. इस वजह से शम्मी कपूर नीला की बर्थडे पार्टी में शामिल नहीं हो सके.
Urvashi Rautela की तस्वीरों पर बवाल, AI कंपनी पर लगेगा 7,000 करोड़ का हर्जाने!
जिंदगी भर की भरपाई
शम्मी कपूर ने नीला के भाई से अपनी मजबूरी बताते हुए कहा कि वो पार्टी में नहीं आ सकते. लेकिन उन्होंने ये भी कहा कि वो इस बात की भरपाई जरूर करेंगे, क्योंकि नीला उनकी फैन हैं. नीला देवी के मुताबिक, इसके बाद शम्मी कपूर को जिंदगी भर उस पार्टी में ना पहुंच पाने की ‘भरपाई’ करनी पड़ी. हालांकि, इस कहानी में सबसे दिलचस्प मोड़ ये है कि जिस जन्मदिन की पार्टी में शम्मी नहीं पहुंच सके, उसके कुछ ही महीनों बाद दोनों की जिंदगी हमेशा के लिए जुड़ गई. यानी कुछ महीनों बाद दोनों की शादी हो गई. नीला देवी और शम्मी कपूर ने 27 जनवरी 1969 को शादी की. मुंबई में शम्मी कपूर के घर पर परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में ये शादी हुई. यानी जिस शख्स को नीला देवी कभी सिर्फ पर्दे पर देखकर पसंद करती थीं, वो उनकी जिंदगी का सबसे खास हिस्सा बन गया.
शम्मी कपूर की प्रेम कहानी
नीला देवी से पहले शम्मी कपूर की शादी एक्ट्रेस गीता बाली से हुई थी. दोनों की मुलाकात फिल्म के सेट पर हुई और जल्द ही दोनों के बीच प्यार हो गया. साल 1955 में उन्होंने शादी कर ली. उनके दो बच्चे हुए, आदित्य राज कपूर और कंचन. जनवरी 1965 में चेचक की वजह से सिर्फ 34 साल की उम्र में गीता बाली का निधन हो गया. इसकी शम्मी कपूर पर गहरा असर पड़ा. उस टाइम वो फिल्म ‘तीसरी मंजिल’ की शूटिंग कर रहे थे. पत्नी की मौत के बाद उन्होंने कुछ समय के लिए काम से दूरी बना ली थी. बाद में जब उन्होंने फिल्म की शूटिंग दोबारा शुरू की, तो ‘तुमने मुझे देखा’ गाना शूट किया गया. गाने में शम्मी कपूर के चेहरे पर नजर आने वाले इमोशन्स आज भी लोगों को याद हैं. शम्मी कपूर ने अपने लंबे फिल्मी करियर में कई यादगार किरदार और गाने दिए. 14 अगस्त 2011 को 79 साल की उम्र में उनका निधन हो गया. वह लंबे समय से किडनी की बीमारी से जूझ रहे थे.
घर-घर केबल बेचने से सुपरस्टार सिंगर बनने तक, ऐसे बनी ‘तन्हा दिल’ वाले शान की कहानी
