Bandar BO Collection: बॉबी देओल की स्टारर फिल्म ‘बंदर’ का बॉक्स ऑफिस पर बुरा हाल है. अनुराग कश्यप के डायरेक्शन में बनी फिल्मों को काफी पंसद किया जाता है, हालांकि बंदर दर्शकों पर जादू चलाने में नाकाम दिख रही है. फिल्म इस हफ्ते, शुक्रवार को रिलीज हुई थी, लेकिन उसकी शुरुआती कमाई भी रेंग-रेंग कर हो रही है. फिल्म को रिलीज हुए दो दिन हुए हैं और यह किसी भी दिन ₹1 करोड़ की कमाई का आंकड़ा पार नहीं कर पाई है, जो फिल्म मेकर्स के लिए चिंता की बात है.
‘बंदर’ का अब तक का कलेक्शन
अनुराग के डायरेक्शन और बॉबी की एक्टिंग को खूब तारीफ मिलने के बाद भी फिल्म कोई कमाई नहीं कर पा रही है. सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने भारत में अपने ओपनिंग डे पर ₹50 लाख का कलेक्शन किया, जो फैंस और मेकर्स दोनों के लिए बहुत बड़ा झटका होगा. दूसरे दिन फिल्म की कमाई बढ़ी, लेकिन फिर भी यह ₹1 करोड़ को पार नहीं कर पाई. फिल्म का दूसरे दिन का कलेक्शन ₹95 लाख रहा. यानी फिल्म का अब तक का नेट कलेक्शन ₹1.45 करोड़ है. इसका ग्रॉस कलेक्शन ₹1.74 करोड़ है. इसका मतलब है कि इसने दो दिनों में ₹2 करोड़ भी नहीं कमाए हैं. अगर यही स्पीड रही तो फिल्म का बजट रिकवर होना भी मुश्किल होगा.

बंदर का फ्यूचर खतरे में
रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म का ₹25 करोड़ है और उसने अभी तक केवल 5.8 प्रतिशत तक की ही कमाई की है, जो स्टारडम और पब्लिसिटी के लिहाज से बहुत ही कम है. किसी भी फिल्म के लिए उसका पहला वीकेंड बहुत जरूरी होता है. अगर कोई फिल्म शुरुआत में भी पैसे नहीं कमा पाती है, तो उसका आगे ज्यादा कलेक्शन करना मुश्किल हो जाता है. देखना होगा कि रविवार को यह कितना कलेक्शन करती है. फिल्म की स्टारकास्ट की बात करें, तो बॉबी देओल लीड रोल में हैं. इसके साथ ही सान्या मल्होत्रा और सबा अजाद जैसे बड़े स्टार्स भी शामिल हैं, जिसके बाद भी फिल्म की कमाई की रफ्तार बहुत धीमी है.
इन फिल्मों ने छोड़ा पीछे
बॉबी देओल की बंदर को राम चरण की “पेड्डी” और वरुण धवन की “है जवानी तो इश्क होना है” ने बॉक्स ऑफिस पर पीछे छोड़ दिया है. दोनों ही फिल्म बंदर के साथ रिलीज हुई थी, जो अच्छा परफॉर्म कर रही हैं. “पेड्डी” ने इंडिया में 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है, जबकि वरुण धवन की फिल्म भी ठीक-ठाक कमाई कर रही है.
