Hanuman Ansh Collection: बॉक्स ऑफिस पर आमतौर पर फिल्मों की चमक कुछ हफ्तों के बाद फीकी पड़ने लगती है. लेकिन ‘हनुमान अंश’ ने इस मामले में अलग ही कहानी लिख दी है. नीम करोली बाबा की जिंदगी पर बनी ये फिल्म रिलीज के 54 दिन बाद भी सिनेमाघरों में दर्शकों को खींच रही है. खास बात ये है कि फिल्म अब ‘बॉर्डर 2’ के बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड के बहुत करीब पहुंच गई है. विष्णु चतुर्वेदी के डायरेक्शन में बनी ‘हनुमान अंश’ ने शुरुआत भले ही धीमी की थी, लेकिन बाद के हफ्तों में इसकी कमाई ने ऐसी रफ्तार पकड़ी कि थमने का नाम नहीं ले रही. 8 हफ्ते के बाद भी लोग इस फिल्म को देखने के लिए थिएटर्स जा रहे हैं.
54वें दिन भी तगड़ी कमाई
54वें दिन फिल्म ने करीब 3.10 करोड़ रुपये की नेट कमाई की. इसके साथ भारत में फिल्म का नेट कलेक्शन करीब 312.38 करोड़ रुपये पहुंच गया है. भारत में इसका ग्रॉस कलेक्शन लगभग 369 करोड़ रुपये और दुनियाभर में कमाई करीब 408 करोड़ रुपये बताई जा रही है. फिल्म की कमाई का सफर काफी दिलचस्प है. पहले हफ्ते में ‘हनुमान अंश’ ने सिर्फ करीब 1.08 करोड़ रुपये कमाए थे. लेकिन चौथे हफ्ते में कमाई बढ़कर लगभग 61 करोड़ रुपये पहुंच गई. पांचवें और छठे हफ्ते में भी फिल्म ने करीब 90.25 करोड़ और 80.25 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया. यानी जिस फिल्म की शुरुआत देखकर शायद बॉक्स ऑफिस पर बहुत बड़ी उम्मीदें नहीं बनी थीं, उसने बाद में कमाल कर दिया.
घर-घर केबल बेचने से सुपरस्टार सिंगर बनने तक, ऐसे बनी ‘तन्हा दिल’ वाले शान की कहानी
‘बॉर्डर 2’ के रिकॉर्ड पर नजर
अब ‘हनुमान अंश’ के सामने अगला बड़ा पड़ाव ‘बॉर्डर 2’ का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन है. रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म इस रिकॉर्ड को पार करने से करीब 17 करोड़ रुपये दूर है. अगर मौजूदा रफ्तार कुछ और दिनों तक बनी रहती है, तो ये आंकड़ा फिल्म के लिए हासिल करना मुश्किल नहीं होगा. वहीं, ‘हनुमान अंश’ नीम करोली बाबा, जिन्हें महाराज जी के नाम से भी जाना जाता है, की जिंदगी से प्रेरित आध्यात्मिक ड्रामा है. फिल्म में आस्था, भक्ति, करुणा और निस्वार्थ सेवा जैसे विषयों को कहानी का हिस्सा बनाया गया है. फिल्म की खास बात ये है कि इसकी कहानी नॉर्मल मसाला फिल्मों से अलग है.
रुक सकती है रफ्तार
आमतौर पर नई फिल्मों के रिलीज होते ही पुरानी फिल्मों के शो और कमाई दोनों कम होने लगते हैं. लेकिन ‘हनुमान अंश’ ने इस ट्रेंड को काफी हद तक उलट दिया है. आठवें हफ्ते में भी फिल्म की कमाई जारी है. अब इसकी नजर एक बड़े बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड पर है. हालांकि, इस हफ्ते शुक्रवार को सिनेमाघरों में अजय देवगन की ‘दृश्यम 3’ रिलीज हो रही है. ऐसे में ‘हनुमान अंश’ के लिए अच्छी कमाई करना मुश्किल हो सकता है.
जब Shammi Kapoor नहीं पहुंचे थे नीला देवी की बर्थडे पार्टी में, फिर जिंदगी भर निभाया अपना वादा
