Box Office Collection: बॉक्स ऑफिस पर 14 अगस्त को दो बड़ी फिल्मों की टक्कर देखने को मिली. एक तरफ इमरान हाशमी की फिल्म ‘आवारापन 2’ थी, तो दूसरी तरफ सनी देओल की पीरियड ड्रामा फिल्म ‘बंटवारा 1947’. पहले दिन के आंकड़ों ने साफ कर दिया कि फिलहाल बाजी इमरान हाशमी के हाथ लगी है. ‘आवारापन 2’ ने ‘बंटवारा 1947’ से करीब चार गुना ज्यादा कमाई करके बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत की है.
पहले दिन की कमाई
इंडस्ट्री ट्रैकर सैकनिल्क के मुताबिक, ‘आवारापन 2’ ने 14 अगस्त को भारत में करीब 21 करोड़ रुपये से ज्यादा नेट कलेक्शन किया. वहीं, सनी देओल की ‘बंटवारा 1947’ की शुरुआत लगभग 5.75 करोड़ रुपये नेट की कमाई के साथ हुई. यानी पहले ही दिन दोनों फिल्मों के बीच कमाई का बड़ा अंतर देखने को मिला.
इमरान के करियर की बड़ी ओपनिंग
‘आवारापन 2’ की शुरुआत सिर्फ फिल्म के लिए ही नहीं, बल्कि इमरान हाशमी के करियर के लिए भी बहुत खास है. ये उनके करियर की सबसे बड़ी फर्स्ट-डे कलेक्शन वाली फिल्म बन गई है. इससे पहले ये रिकॉर्ड 2017 में रिलीज हुई फिल्म ‘बादशाहो’ के नाम था, जिसने पहले दिन 12.60 करोड़ रुपये कमाए थे. वहीं, ‘राज 2’ ने 2012 में 10.35 करोड़ रुपये की ओपनिंग की थी. दिलचस्प बात ये है कि ‘आवारापन 2’ ने अपने पहले ही दिन 2007 में आई ओरिजिनल ‘आवारापन’ की पूरी लाइफटाइम कमाई को भी पीछे छोड़ दिया है. पहली फिल्म ने पूरे थिएटर रन में 7.76 करोड़ रुपये कमाए थे. पहले पार्ट की ओपनिंग सिर्फ 79 लाख रुपये रही थी.
आजादी का जश्न फिल्मों के संग, 16 फिल्में जो देश की स्वतंत्रता और उसके संघर्ष की याद दिलाएंगी
‘आवारापन 2’ का दबदबा
ऑक्यूपेंसी की बात करें तो ‘आवारापन 2’ ने रात के शो में करीब 75 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की. दूसरी तरफ ‘बंटवारा 1947’ के दिन के शो में ऑक्यूपेंसी करीब 7-12 प्रतिशत रही, जो रात के शो में बढ़कर लगभग 25 प्रतिशत तक पहुंची. खास बात यह है कि दोनों फिल्मों को देशभर में लगभग बराबर शो मिले थे. इसके बावजूद ‘आवारापन 2’ ने दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में ज्यादा दम दिखाया.
सनी देओल की फिल्म का हाल
सनी देओल की पिछली देशभक्ति फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त शुरुआत की थी. ‘गदर 2’ ने पहले दिन 40 करोड़ रुपये की कमाई की थी. वहीं, ‘बॉर्डर 2’ ने 32 करोड़ रुपये से अपना सफर शुरू किया था. ऐसे में ‘बंटवारा 1947’ की 5.75 करोड़ रुपये की ओपनिंग काफी कमजोर मानी जा रही है. ये 2018 में रिलीज हुई उनकी फिल्म ‘भैयाजी सुपरहिट’ के बाद सबसे कम ओपनिंग वाली फिल्म है.
कहानी और स्टारकास्ट
नितिन कक्कड़ के निर्देशन और विशेष भट्ट के प्रोडक्शन में बनी ‘आवारापन 2’ में इमरान हाशमी एक बार फिर शिवम पंडित के किरदार में हैं. फिल्म में शबाना आजमी, दिशा पाटनी और सुविंदर विक्की भी अहम भूमिकाओं में हैं. वहीं, राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बनी ‘बंटवारा 1947’ की कहानी भारत-पाकिस्तान विभाजन पर आधारित है. फिल्म में सनी देओल के अलावा प्रीति जिंटा, करण देओल और शबाना आज़मी भी हैं.
इमरान हाशमी की Awarapan 2 या सनी देओल की Batwara 1947, कौन सी देखें?
