Patriotic Indian Movies: 15 अगस्त सिर्फ कैलेंडर पर लाल रंग से घिरी एक तारीख नहीं है. ये वो दिन है जब भारत अपने लंबे संघर्ष, अनगिनत बलिदानों और आजादी के सफर को याद करता है. इस साल देश अपना 79वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है. आजादी के इतने सालों में भारत ने कई उतार-चढ़ाव देखे हैं. कभी युद्ध, कभी राजनीतिक संघर्ष, कभी सामाजिक बदलाव और कभी ऐसी उपलब्धियां, जिन्होंने पूरी दुनिया में देश का नाम रोशन किया. आजादी के इन किस्सों को किताबों में पढ़ना अपनी जगह है, लेकिन सिनेमा की ताकत कुछ अलग ही होती है. जब किसी क्रांतिकारी का संघर्ष स्क्रीन पर दिखाई देता है, किसी सैनिक की आखिरी लड़ाई सामने आती है या बंटवारे का दर्द किसी परिवार की कहानी बनकर दिखता है, तो इतिहास अचानक अपना-अपना सा लगने लगता है. ऐसे में अगर इस स्वतंत्रता दिवस आपका मूड भी देशभक्ति वाली फिल्में देखने का है, तो ये 16 फिल्में आपकी वॉचलिस्ट में जरूर होनी चाहिए. आप लॉन्ग वीकेंड पर घर पर बैठकर परिवार के साथ इन फिल्मों का मज़ा ले सकते हैं.
RRR
एसएस राजामौली की ‘RRR’ ने रिलीज के बाद बॉक्स ऑफिस पर कई रिकॉर्ड बनाए. ये वो फिल्म है जिसने भारतीय सिनेमा को दुनिया भर में नई पहचान दिलाई. राम चरण और जूनियर एनटीआर की दोस्ती, जबरदस्त एक्शन और ब्रिटिश शासन के खिलाफ संघर्ष ने फिल्म को मनोरंजन के साथ देशभक्ति का शानदार पैकेज बना दिया. राम चरण और जूनियर एनटीआर के अलावा इस फिल्म में आलिया भट्ट और अजय देवगन जैसे स्टार भी हैं. आप इस फिल्म को नेटफ्लिक्स, जियोहॉटस्टार के साथ-साथ ZEE5 पर भी देख सकते हैं.

राज़ी
आलिया भट्ट और विक्की कौशल की ‘राजी’ इस लिस्ट में शामिल होनी ही थी. ये एक ऐसी जासूसी कहानी है जिसमें देशभक्ति का मतलब सिर्फ सीमा पर बंदूक उठाना नहीं, बल्कि निजी जिंदगी को भी पीछे छोड़ देना है. मेघना गुलजार के निर्देशन में बनी ये फिल्म भारतीय अंडरकवर एजेंट सहमत खान की कहानी है, जिसकी शादी एक पाकिस्तानी सेना अधिकारी से होती है. कहानी आगे बढ़ती है तो सहमत को समझ आता है कि देश के लिए काम करने की कीमत कितनी बड़ी हो सकती है. अगर आपने अब तक इस फिल्म को नहीं देखा है, तो कभी भी अमेजन प्राइम पर घर बैठे देख सकते हैं. इसके अलावा ये फिल्म एप्पल टीवी पर भी स्ट्रीम हो रही है.
मैं वापस आउंगा
इम्तियाज अली की नई फिल्म मैं वापस आउंगा बंटवारे के दर्द को एक बिल्कुल अलग तरीके से दिखाती है. फिल्म में नसीरुद्दीन शाह, वेदांग रैना, शरवरी और दिलजीत दोसांझ जैसे कलाकारों मुख्य भूमिकाओं में हैं. इस फिल्म की कहानी अतीत और वर्तमान के बीच झूलती रहती है. एक परिवार अपने बुजुर्ग की धुंधली होती यादों के जरिए उस दौर को समझने की कोशिश करता है, जब देश आजाद हुआ लेकिन साथ ही बंट भी गया. अगर आपने इस फिल्म को थिएटर में नहीं देखा, तो अब नेटफ्लिक्स पर देख डालिए.
डांस शो से भारत की सबसे बड़ी फिल्म में ‘सीता’ बनने तक, कुछ ऐसी है Sai Pallavi की कहानी
सरदार उधम
विक्की कौशल की फिल्म ‘सरदार उधम’ भारत के एक ऐसे क्रांतिकारी की कहानी सामने लाती है, जिन्होंने आजादी की लड़ाई में बड़ा खास रोल निभाया. हालांकि, उनका नाम अक्सर लोग भूल जाते हैं. दरअसल, उधम सिंह ने जलियांवाला बाग हत्याकांड के लिए जिम्मेदार ब्रिटिश अधिकारी माइकल ओ डायर के खिलाफ बदला लेने की कसम खाई थी. विक्की की ये फिल्म उनके संघर्ष, धैर्य और बदले की कहानी को बहुत ही सीरियस अंदाज में दिखाती है. विक्की कौशल ने इस फिल्म में भी बेहतरीन काम किया है. आप इसे कभी भी अमेजन प्राइम वीडियो पर देख सकते हैं.
शेरशाह
अगर आपको वॉर, प्यार और बलिदान से जुड़ी कहानियां पसंद हैं, तो ‘शेरशाह’ जरूर देखें. सिद्धार्थ मल्होत्रा और कियारा आडवाणी स्टारर ये फिल्म कैप्टन विक्रम बत्रा की जिंदगी पर बनी है. कारगिल युद्ध के दौरान विक्रम बत्रा की बहादुरी ने उन्हें देश के सबसे यादगार सैनिकों में शामिल कर दिया. फिल्म की कहानी के साथ इसके गाने भी लोगों को काफी पसंद आए थे. साल 2021 में रिलीज़ हुई ये ब्लॉकबस्टर मूवी अब अमेजन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम हो रही है.

सई रा नरसिम्हा रेड्डी
चिरंजीवी, अमिताभ बच्चन, नयनतारा, तमन्ना, किच्चा सुदीप और विजय सेतुपति जैसे सितारों से सजी ये फिल्म आपको जरूर पसंद आएगी. कहानी उय्यालवाड़ा नरसिम्हा रेड्डी की है, जिन्होंने 1847 में ईस्ट इंडिया कंपनी के अत्याचारों के खिलाफ विद्रोह किया था. यानी 1857 के सिपाही विद्रोह से लगभग एक दशक पहले ही उन्होंने अंग्रेजी सत्ता को चुनौती दे दी थी. अगर आप इस स्वतंत्रता दिवस बढ़िया कंटेंट देखना चाहते हैं, तो इस फिल्म को अमेजन प्राइम वीडियो पर देख सकते हैं.
मंटो
नवाजुद्दीन सिद्दीकी स्टारर ‘मंटो’ आजादी के एक दूसरे पहलू को दिखाती है. इस फिल्म में दिखाया गया है कि, वाकई में देश के बंटवारे की असली कीमत किसने चुकाई. फिल्म मशहूर लेखक सआदत हसन मंटो की जिंदगी पर आधारित हैच बंटवारे के बाद उन्हें अपना प्यारा शहर बॉम्बे छोड़कर पाकिस्तान जाना पड़ा. उनकी कहानियों और निजी जिंदगी दिखाते हुए ये फिल्म बताती है कि आजादी और विभाजन का असर आम इंसान पर कितना गहरा था. आप इस फिल्म को एप्पल टीवी पर कभी भी देख सकते हैं.
रॉकेट्री: द नंबी इफ़ेक्ट
भारत की अंतरिक्ष यात्रा की कहानी सिर्फ रॉकेट और सैटेलाइट की कहानी नहीं है. आर माधवन की फिल्म ‘रॉकेट्री: द नंबी इफ़ेक्ट’ इसी बात को साफ करती है. फिल्म अपने सफर में एक वैज्ञानिक के संघर्ष को बड़ी खूबसूरती से दिखाती है. आर. माधवन स्टारर ये फिल्म वैज्ञानिक नंबी नारायण की जिंदगी पर आधारित है, जिन्हें जासूसी के झूठे आरोप में गिरफ्तार किया गया था. उन्होंने भारत की लिक्विड प्रोपल्शन तकनीक और विकास इंजन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया था. ये फिल्म दिखाती है कि देश की तरक्की के पीछे वैज्ञानिकों का योगदान कितना बड़ा होता है.
वैसे, ये फिल्म अमेजन प्राइम वीडियो के साथ-साथ वूट पर भी स्ट्रीम हो रही है.
उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक
‘हाउज द जोश?’ अगर आपने ये लाइन सुनी है, तो ‘उरी’ को भूलना मुश्किल है. आदित्य धर की फिल्म उरी में भारतीय सेना के बेस पर हुए आतंकी हमले और उसके बाद की कार्रवाई को दिखाया गया है. इस फिल्म में विक्की कौशल, यामी गौतम और परेश रावल अहम भूमिकाओं में हैं. ये फिल्म पांच अध्यायों में कहानी को आगे बढ़ाती है. आप इस फिल्म को ZEE5 पर कभी भी देख सकते हैं.

द ग्रेट इंडियन एस्केप
द ग्रेट इंडियन एस्केप भारतीय वायुसेना के फ्लाइट लेफ्टिनेंट दिलीप परुलकर की सच्ची कहानी से प्रेरित है. युद्धबंदी बनने के बाद उन्होंने दो और पायलटों के साथ मिलकर ऐसा जेल ब्रेक करने की कोशिश की, जिसे भारतीय रक्षा सेवाओं के इतिहास की सबसे बड़ी और साहसी घटनाओं में गिना जाता है. ये फिल्म अभी एमएक्स प्लेयर पर मौजूद है.
14 अगस्त को OTT होगा बड़ा धमाका, वीकेंड पर घर बैठे देख पाएंगे ये 5 नई फिल्में और सीरीज
न्यूटन
राजकुमार राव की ‘न्यूटन’ देशभक्ति को एक अलग नजरिए से देखती है. यहां दुश्मन कोई विदेशी सेना नहीं, बल्कि सिस्टम की मुश्किलें हैं. एक आदर्शवादी सरकारी कर्मचारी को मध्य भारत के राजनीतिक रूप से संवेदनशील इलाके में चुनाव ड्यूटी पर भेजा जाता है. फिल्म बताती है कि लोकतंत्र का अधिकार कागज पर मिल जाना और उसे जमीन पर इस्तेमाल कर पाना दो अलग बातें हैं. राजकुमार राव की ये फिल्म अमेजन प्राइम पर मौजूद है.
आर्टिकल 15
आयुष्मान खुराना की फिल्म ‘आर्टिकल 15‘ आजादी के बाद के भारत की एक कड़वी सच्चाई पर सवाल उठाती है. ये पूछती है कि, क्या हर नागरिक को देश में वाकई बराबरी का दर्जा मिला है? फिल्म में एक पुलिस अधिकारी तीन निचली जाति की लड़कियों की हत्या की जांच करता है. इस दौरान उसे समाज में मौजूद जातिगत भेदभाव की गहराई का सामना करना पड़ता है. फिल्म याद दिलाती है कि राजनीतिक आजादी के साथ सामाजिक बराबरी की लड़ाई भी जरूरी है. आप आयुष्मान खुराना की इस बेहतरीन फिल्म को कभी भी नेटफ्लिक्स पर देख सकते हैं.

परमाणु
जॉन अब्राहम, बोमन ईरानी और डायना पेंटी की फिल्म ‘परमाणु’ भी इस लिस्ट का हिस्सा है. साल 2018 में रिलीज हुई ये फिल्म भारत के गुप्त परमाणु परीक्षणों की कहानी पर आधारित है. 1998 में राजस्थान के पोखरण में किए गए परमाणु परीक्षणों को फिल्म बहुत ही शानदार तरीके से दिखाती है. कहानी दिखाती है कि इतने बड़े मिशन को सीक्रेट रखना कितना मुश्किल काम था. अगर आपने अब तक ये फिल्म नहीं देखी है, तो मौका मिलते ही नेटफ्लिक्स या ZEE5 पर देख डालें.
अनेक
‘अनेक’ पूर्वोत्तर भारत की राजनीतिक और सामाजिक जटिलताओं को दिखाती है. इस फिल्म में भी आयुष्मान खुराना ही लीड रोल में हैं. उन्होंने एक अंडरकवर एजेंट की भूमिका निभाई है, जिसे क्षेत्र में शांति स्थापित करने के मिशन पर भेजा जाता है. कहानी के बीच एक ऐसी बॉक्सर भी है, जिसका सपना अपने देश के लिए खेलना है. फिल्म देश, पहचान और एकता जैसे सवालों को एक्शन के साथ जोड़ती है. आप इस फिल्म को भी नेटफ्लिक्स पर देख सकते हैं.
सलमान खान और संजय दत्त की 7 Dogs का ट्रेलर देख फैंस के उड़े होश, इस दिन भारत में होगी रिलीज़
मेजर
26/11 मुंबई आतंकी हमले को देश शायद ही कभी भूल सकता है ‘मेजर’ इसी हमले के दौरान शहीद हुए मेजर संदीप उन्नीकृष्णन की जिंदगी को करीब से दिखाती है. अदिवि शेष ने इस फिल्म में मुख्य भूमिका निभाई है. फिल्म सिर्फ उनकी मेजर वाली जिंदगी पर ध्यान नहीं देती, बल्कि उनकी पर्सनल लाइफ, फैमिली और सपनों को भी सामने लाती है. संदीप उन्नीकृष्णन को मरणोपरांत देश के सर्वोच्च शांतिकालीन वीरता पुरस्कार अशोक चक्र से सम्मानित किया गया था. आप इस खूबसूरत फिल्म को भी नेटफ्लिक्स पर देख पाएंगे.

मिशन मंगल
भारत की अंतरिक्ष सफलता की बात हो और ‘मिशन मंगल’ का जिक्र न हो, ऐसा कैसे हो सकता है? अक्षय कुमार, विद्या बालन, सोनाक्षी सिन्हा और तापसी पन्नू स्टारर ये फिल्म मंगलयान मिशन के पीछे काम करने वाली वैज्ञानिकों और इंजीनियरों की टीम की कहानी है. हम सभी जानते हैं कि भारत का मंगल मिशन न सिर्फ सफल रहा, बल्कि बहुत कम बजट में पूरा किया गया. फिल्म विज्ञान, टीमवर्क और उस जिद की कहानी है जो कहती है, मुश्किल है, लेकिन नामुमकिन नहीं.
इतिहास को सिर्फ याद नहीं, महसूस कीजिए
आजादी का मतलब सिर्फ 15 अगस्त पर तिरंगा फहराना, देशभक्ति के गाने सुनना और सोशल मीडिया पर पोस्ट डालना नहीं है. आजादी उन लाखों लोगों के संघर्ष और बलिदान का नतीजा है, जिनमें से कई के नाम तक हम नहीं जानते. इन 16 फिल्मों की खासियत यही है कि हर फिल्म आजादी को अलग नजरिए से देखती है. कहीं क्रांतिकारी हैं, कहीं सैनिक, कहीं वैज्ञानिक, कहीं जासूस और कहीं आम नागरिक, जो अपने अधिकारों के लिए लड़ रहा है. तो इस बार अगर 15 अगस्त का दिन घर पर फिल्में देखते हुए बिताने का प्लान है, तो पॉपकॉर्न तैयार रखिए और इनमें से अपनी पसंद की फिल्म चुन लीजिए.
चाय बेचने से लेकर 4,000 करोड़ की रामायण बनाने तक, ‘रॉकी भाई’ ऐसे बने सुपरस्टार यश
