Dhurandhar Vs Dangal: बॉक्स ऑफिस पर रणवीर सिंह की ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ का जादू ऐसा चल रहा है, जिसके सामने आमिर खान का सिंहासन खतरे में दिखाई दे रहा है.
29 April, 2026
रणवीर सिंह की स्पाई थ्रिलर फिल्म ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ बॉक्स ऑफिस पर एक ऐसा तूफान लेकर आई है, जो थमने का नाम ही नहीं ले रहा है. रिलीज के 41 दिन बीत जाने के बाद भी ये फिल्म सिनेमाघरों में मजबूती से टिकी हुई है. अब जबकि ये फिल्म अपनी OTT रिलीज के काफी करीब है, तो इसकी नजर 1800 करोड़ रुपये के मैजिकल कलेक्शन को छूने पर है. साथ ही, मेकर्स ने अब इंटरनेशनल लेवल पर एक और बड़ा दांव खेला है. दरअसल, अब ‘धुरंधर’ जापान के सिनेमाघरों में भी रिलीज़ होने की तैयारी में है.

बॉक्स ऑफिस का बादशाहत
आदित्य धर के डायरेक्शन में बनी ‘धुरंधर 2’ ने अपनी रिलीज़ के छठे हफ्ते में भी अपना जलवा बरकरार रखा है. दिलचस्प बात ये है कि रिलीज के 41वें दिन भी इस फिल्म का कलेक्शन किसी भी दिन 1 करोड़ रुपये से नीचे नहीं गिरा है. मंगलवार को यानी 41वें दिन फिल्म ने इंडियन बॉक्स ऑफिस पर 1.30 करोड़ रुपये की कमाई की, जो सोमवार की कमाई (1.05 करोड़) से भी बेहतर थी. हैरानी की बात तो ये है कि नई रिलीज हुई फिल्में जैसे ‘गिन्नी वेड्स सनी 2’ इसके सामने टिक नहीं पाईं. जहां ‘धुरंधर 2’ अपने छठे हफ्ते में करोड़ों बटोर रही है, वहीं नई रिलीज हुई ‘गिन्नी वेड्स सनी 2’ अपने पहले मंगलवार को सिर्फ 10 लाख रुपये ही कमा सकी. वहीं, अक्षय कुमार की ‘भूत बंगला’ से कड़ी टक्कर मिलने के बावजूद रणवीर सिंह की इस फिल्म ने अपनी पकड़ ढीली नहीं होने दी.

जापान में बजेगा डंका
जियो स्टूडियोज ने अनाउंस किया है कि ‘धुरंधर’ का पहला पार्ट 10 जुलाई को जापान में रिलीज होगा. जापान में इंडियन फिल्मों का ट्रैक रिकॉर्ड काफी शानदार रहा है. राजामौली की ‘RRR’ वहां 143 करोड़ रुपये कमाकर सबसे सक्सेसफुल भारतीय फिल्म रही है. इसके बाद रजनीकांत की ‘मुथु’ और ‘बाहुबली 2’ का नंबर आता है. अब उम्मीद है कि ‘धुरंधर’ की रिलीज से इस फ्रेंचाइजी के ग्लोबल कलेक्शन में एक बड़ा उछाल आएगा. ये पहली भारतीय फ्रेंचाइजी बन गई है जिसने दुनिया भर में 3000 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई करके एक बड़ा रिकॉर्ड बनाया है.
यह भी पढ़ेंः एंटरटेनमेंट के साथ मैसेज भी! Netflix और बाकी OTT प्लेटफॉर्म्स की ये 5 सीरीज दिखाएंगी समाज का असली आईना

और भी कई रिकॉर्ड
‘धुरंधर 2’ ने कामयाबी के कई झंडे गाड़े हैं. ये घरेलू बॉक्स ऑफिस पर अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्म बन गई है. इसने शाहरुख खान की ‘पठान’ को पीछे छोड़कर ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और यूके में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्म का खिताब अपने नाम किया है. इसके अलावा ग्लोबल लेवल पर ‘धुरंधर 2’ 1000 करोड़ रुपये का सबसे तेज कलेक्शन करने वाली इंडियन फिल्म बन चुकी है. खास बात ये है कि ‘धुरंधर 2’ के कलेक्शन में चीन और गल्फ कंट्रीज का हाथ नहीं है. अब फिल्म के सामने अगला गोल ‘बाहुबली 2’ (1810 करोड़) और अल्लू अर्जुन की ‘पुष्पा 2’ के घरेलू रिकॉर्ड को तोड़ना है. ‘पुष्पा 2’ से आगे निकलने के लिए इसे अभी 102 करोड़ रुपये और कमाने होंगे. आमिर खान की दंगल ने वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस से ग्रॉस 2070.3 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था. वहीं, धुंरधर 2 ने मंगलवार तक, 1780.76 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है. ऐसे में लग रहा है कि ‘धुरंधर 2’ जल्द ही आमिर खान के इस रिकॉर्ड को भी तोड़ देगी.

ओटीटी रिलीज
थिएटर में आठ हफ्ते का टाइम पूरा करने के बाद अब ‘धुरंधर 2’ डिजिटल प्लेटफॉर्म पर आने की तैयारी में है. 14 मई के बाद ‘धुरंधर 2’ जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम हो सकती है. फिल्म का पहला पार्ट नेटफ्लिक्स पर मौजूद है, लेकिन सीक्वल के लिए एक नई डील हुई है. जिन लोगों ने इस शानदार फिल्म को थिएटर्स में नहीं देखा है, उनके पास अब भी मौका है. नहीं तो, कुछ दिनों का इंतज़ार और करिए फिर घर बैठकर ओटीटी पर मजा लीजिएगा.
यह भी पढ़ेंः Yash के फैंस को करना होगा और इंतजार, ग्लोबल लेवल पर धमाका करने के लिए टली Toxic की रिलीज
