Kapil Sharma Netflix Show: अगर आपको कपिल शर्मा की कॉमेडी, सेलिब्रिटी गेस्ट और बिना रुके ठहाकों का इंतजार था, तो अब इंतजार खत्म होने वाला है. करीब 6 महीने के ब्रेक के बाद ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ एक बार फिर दर्शकों को हंसाने के लिए तैयार है. कपिल शर्मा अपने पुराने अंदाज, मजेदार बातचीत और कॉमेडी के साथ शो के 5वें सीजन में वापसी कर रहे हैं. नेटफ्लिक्स ने नए सीजन की रिलीज डेट का ऐलान भी कर दिया है. ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो 5’ का प्रीमियर 26 सितंबर से होगा. इस बार शो का मूड भी खास है, क्योंकि इसे त्योहारों के रंग में रंगा गया है. शो की थीम है ‘हंसी का त्यो हाहा हार’, यानी त्योहार भी मनेंगे और जमकर ठहाके भी लगेंगे.
फिर लौटेगा पुराना कॉमेडी गैंग
कपिल शर्मा के साथ इस सीजन में एक बार फिर उनका पूरा कॉमेडी गैंग नजर आएगा. सुनील ग्रोवर, कृष्णा अभिषेक, कीकू शारदा और अर्चना पूरन सिंह शो में वापसी कर रहे हैं. वहीं, नवजोत सिंह सिद्धू की मौजूदगी भी इस सीजन को खास बनाने वाली है. शो में कपिल का वही पुराना और मजेदार अंदाज़ देखने को मिलेगा.
अक्षय-सैफ की फिल्म अब घर बैठे देख पाएंगे आप, जानें कब और किस OTT प्लेटफॉर्म पर रिलीज होगी Haiwaan
हंसी का त्योहार
नेटफ्लिक्स ने शो के नए प्रोमो में त्योहारों की पूरी झलक दिखाई है. रंग-बिरंगे कपड़ों में कपिल और उनकी टीम अलग-अलग सेलिब्रेशन के बीच मस्ती करते नजर आती है. प्रोमो में नवरात्रि, दिवाली, ईद, हैलोवीन, क्रिसमस और न्यू ईयर जैसे फेस्टिवल्स की बात भी हो रही है. इससे साफ है कि इस बार शो सिर्फ नॉर्मल कॉमेडी लेकर नहीं आने वाला है. अलग-अलग त्योहारों और मौकों के हिसाब से नए कॉमेडी एक्ट, किरदार और सेलिब्रिटी गेस्ट भी इस बार देखने को मिल सकते हैं.
अभी मस्ती बाकी है
सीजन 5 को लेकर कपिल शर्मा ने कहा कि हर सीजन के बाद उन्हें लगता है कि उन्होंने काफी मस्ती कर ली है, लेकिन फिर एहसास होता है कि अभी बहुत कुछ बाकी है. उन्होंने दर्शकों के प्यार के लिए आभार जताते हुए कहा कि इस बार आने वाले त्योहारों को सेलिब्रेट किया जाएगा. वैसे, सीजन 5 का हर एपिसोड शनिवार को रात 8 बजे नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगा. ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो 5’ का पहला एपिसोड 26 सितंबर से सिर्फ नेटफ्लिक्स पर देखा जा सकेगा. यानी शनिवार की रात अब फिल्मों या वेब सीरीज से थोड़ा ब्रेक लेकर कपिल की कॉमेडी का मजा लेने के लिए तैयार हो जाइए.
Mirzapur का बॉक्स ऑफिस पर दबदबा बरकरार, 200 करोड़ के बहुत पास पहुंची फिल्म; Haiwaan हुई धड़ाम
