OTT Releases: अक्टूबर का दूसरा हफ्ता OTT ऑडियन्स के लिए काफी खास रहने वाला है. 5 अक्टूबर से 11 अक्टूबर के बीच नेटफ्लिक्स, प्राइम वीडियो, जियोहॉटस्टार और दूसरे प्लेटफॉर्म पर एक के बाद एक कई नई फिल्में और वेब सीरीज रिलीज होने जा रही हैं. खास बात ये है कि इस बार कंटेंट में काफी वैरायटी देखने को मिलेगी. कहीं डरावने भूत और राक्षस नजर आएंगे तो कहीं सुपरहीरो की वापसी होगी. वहीं, क्राइम, राजनीति, रोमांस और जबरदस्त एक्शन भी लोगों का मनोरंजन करने के लिए तैयार हैं. ऐसे में आज आपके लिए इस हफ्ते OTT पर क्या-क्या नया आने वाला है, इसकी एक लिस्ट लेकर आए हैं.

‘इंसिडियस: आउट ऑफ द फर्दर’, 6 अक्टूबर
अगर आपको हॉरर फिल्में देखकर रात में अकेले कमरे से बाहर निकलने में डर नहीं लगता, तो ‘इंसिडियस: आउट ऑफ द फर्दर’ आपकी वॉचलिस्ट में होनी चाहिए. ये ‘इंसिडियस’ फ्रेंचाइजी की छठी फिल्म है. ये पार्ट ‘इंसिडियस: द रेड डोर’ के बाद की कहानी को आगे बढ़ाता है. इस बार कहानी जेम्मा हॉल नाम की एक यंग मां की है, जिसका किरदार अमेलिया ईव निभा रही हैं. जेम्मा अपनी बेटी के साथ उसी घर में रहती है, जहां उसका बचपन बीता था. लेकिन जल्द ही उसे अपनी एक ऐसी शक्ति का पता चलता है, जो इस फ्रेंचाइजी में पहले कभी नहीं दिखाई गई. जेम्मा सिर्फ ‘द फर्दर’ यानी खोई हुई आत्माओं की डरावनी दुनिया में जा ही नहीं सकती, बल्कि वहां मौजूद चीजों को असली दुनिया में भी ला सकती है. अब जब खतरनाक आत्माओं को उसकी शक्ति का पता चलता है तो दोनों दुनियाओं के बीच की दूरी कम होने लगती है. फिल्म में लिन शे, ब्रैंडन पेरेआ, सैम स्प्रुएल, मैसी रिचर्डसन-सेलर्स और आइलैंड ऑस्टिन भी नजर आएंगे. आप इस फिल्म को एप्पल टीवी, प्राइम वीडियो और जीप्लेक्स पर रेंट देकर देख सकते हैं.

‘स्पाइडर-मैन: ब्रैंड न्यू डे’, 6 अक्टूबर
टॉम हॉलैंड के फैंस के लिए ये हफ्ता किसी फेस्टिवल से कम नहीं है. ‘स्पाइडर-मैन: ब्रैंड न्यू डे’ में टॉम हॉलैंड एक बार फिर पीटर पार्कर और स्पाइडर मैन के रोल में दिखाई देंगे. फिल्म की कहानी ‘स्पाइडर-मैन: नो वे होम’ के करीब चार साल बाद की दुनिया में आगे बढ़ती है. सबसे बड़ा बदलाव ये है कि अब दुनिया पीटर पार्कर को भूल चुकी है. पीटर पूरी तरह अकेला क्राइम से लड़ रहा है. दूसरी तरफ उसके पुराने दोस्त एमजे, यानी ज़ेंडाया और नेड, यानी जैकब बैटलॉन, अपनी जिंदगी में आगे बढ़ चुके हैं. पीटर के लिए ये अकेलापन धीरे-धीरे भारी पड़ने लगता है. तभी एक नया और बड़ा खतरा सामने आता है, जो पीटर को फिर से अपने करीबियों की सुरक्षा के लिए मैदान में उतरने पर मजबूर करता है. इस बार उसे एक ऐसे साथी का साथ भी मिलता है, जिसकी उम्मीद शायद ऑडियन्स ने नहीं की होगी. फिल्म में जॉन बर्नथल पनिशर के रोल में लौट रहे हैं. इसके अलावा मार्क रफ़ालो, सैडी सिंक, ट्रैमल टिलमैन और माइकल मैंडो भी लीड रोल में हैं. आप इस फिल्म को एप्पल टीवी, प्राइम वीडियो और जीप्लेक्स पर रेंट पर देख सकते हैं.

घर-घर केबल बेचने से सुपरस्टार सिंगर बनने तक, ऐसे बनी ‘तन्हा दिल’ वाले शान की कहानी
‘कैरी’, 7 अक्टूबर
स्टीफन किंग की फेमस कहानी ‘कैरी’ को माइक फ्लैनगन ने टीवी सीरीज की तरह नए अंदाज में पेश किया है. माइक फ्लैनगन ‘द हॉन्टिंग ऑफ हिल हाउस’, ‘मिडनाइट मास’ और ‘द फॉल ऑफ द हाउस ऑफ अशर’ जैसे फेमस हॉरर प्रोजेक्ट्स के लिए जाने जाते हैं. कहानी कैरी व्हाइट की है, जिसका किरदार समर एच. हॉवेल निभा रही हैं. कैरी स्कूल में अलग-थलग रहने वाली लड़की है. उसकी मां मार्गरेट, जिसका किरदार सामंथा स्लोयन निभा रही हैं, बहुत ही धार्मिक और सख्त हैं. पिता की अचानक मौत के बाद कैरी की जिंदगी पूरी तरह बदल जाती है. उसे पहली बार स्कूल की दुनिया का सामना करना पड़ता है. स्कूल में उसे परेशान किया जाता है. इसी बीच कैरी के अंदर एक खतरनाक शक्ति धीरे-धीरे सामने आने लगती है. उसके पास टेलीकिनेटिक शक्तियां हैं, यानी वो अपने दिमाग की ताकत से चीजों को कंट्रोल कर सकती है. आप इस सीरीज को प्राइम वीडियो पर देख सकते हैं.

‘इनसाइड द सर्कल’,7 अक्टूबर
राजनीति, हत्या, ब्लैकमेल और पुराने राज अगर आपकी पसंद हैं तो ‘इनसाइड द सर्कल’ आपके लिए अच्छा ऑप्शन हो सकती है. ये मैक्सिकन पॉलिटिकल थ्रिलर है, जिसे जर्नलिस्ट और राइटर जॉर्ज जेपेडा पैटरसन के नोवल से तैयार किया गया है. कहानी एक फेमस एक्ट्रेस पामेला डोसैंटोस के मर्डर से शुरू होती है. इसके बाद एक वीडियो लीक होता है, जो बचपन के चार दोस्तों की जिंदगी में भूचाल ला देता है. ये चारों अब समाज और राजनीति में बहुत ताकतवर लोग बन चुके हैं. जैसे-जैसे कहानी आगे बढ़ती है, ब्लैकमेल, सरकारी चुप्पी और खतरनाक साजिश के तार खुलने लगते हैं. आप इस सीरीज को नेटफ्लिक्स पर देख सकते हैं.

‘लेस ऑफ अ स्ट्रेंजर’, 7 अक्टूबर
म्यूज़िक लवर्स के लिए ‘लेस ऑफ अ स्ट्रेंजर’ एक अलग तरह की कहानी लेकर आ रही है. ये पोलैंड के मशहूर रॉक बैंड लेडी पंक के गिटारिस्ट यान बोरीसेविच की जिंदगी पर बेस्ड बायोग्राफिकल ड्रामा है. फिल्म में यान का किरदार मिकोवाय बुकेविच निभा रहे हैं. कहानी बताती है कि कैसे एक विद्रोही यंग गिटारिस्ट धीरे-धीरे पोलैंड का रॉक आइकन बनता है. लेकिन शोहरत के पीछे उसकी निजी जिंदगी में कई दर्द छिपे होते हैं. ये कहानी सिर्फ म्यूज़िक की नहीं बल्कि उस कीमत की भी बात करती है, जो एक कलाकार को अपने जुनून के लिए चुकानी पड़ती है. आप इस सीरीज को 7 अक्टूबर से नेटफ्लिक्स पर देख पाएंगे.

‘बिलो’, 8 अक्टूबर
समुद्र की गहराइयों में छिपे रहस्य हमेशा से डर और थ्रिल पैदा करते हैं. ‘बिलो’ भी कुछ ऐसी ही कहानी लेकर आ रही है. फिल्म में केल्विन पेनी का किरदार जोश हार्टनेट निभा रहे हैं. उनकी जिंदगी तब बदल जाती है जब न्यूफाउंडलैंड का उनका छोटा सा समुद्री कस्बा एक खतरनाक जानवर के हमले की चपेट में आ जाता है. स्थिति और गंभीर तब हो जाती है जब उनके बेटे वेड, जिसका किरदार चार्ली हीटन निभा रहे हैं, में उस जीव से जुड़े लक्षण दिखाई देने लगते हैं. केल्विन समुद्री जीवविज्ञानी फोंडा हाउवेंडर, जिसका किरदार मैकेंज़ी डेविस निभा रही हैं, के साथ मिलकर पानी के नीचे छिपे रहस्य का पता लगाने निकलता है. आप इस शो को भी नेटफ्लिक्स पर देख सकेंगे.

‘मॉर्टल कोम्बैट II’, 8 अक्टूबर
वीडियो गेम खेलने वाली पुरानी पीढ़ी के लिए ‘मॉर्टल कोम्बैट’ नाम अपने आप में काफी है. अब इस पॉपुलर गेम फ्रेंचाइजी का नया सिनेमाई चैप्टर ‘मॉर्टल कोम्बैट II’ ऑडियन्स के सामने है. फिल्म में अर्थरियल्म के योद्धा शाओ कान की तानाशाही के खिलाफ मुकाबला करते दिखाई देंगे. इस बार सबसे बड़ा अट्रैक्शन जॉनी केज हैं, जिनका रोल कार्ल अर्बन निभा रहे हैं. मारधाड़, जबरदस्त एक्शन और इंटरडायमेंशनल लड़ाई इस फिल्म को एक हाई ऑक्टेन एंटरटेनमेंट पैकेज बनाती है. फिल्म में जो तस्लीम, हिरोयुकी सनाडा और टाटी गैब्रिएल जैसे कलाकार भी नजर आएंगे. ये फिल्म 8 अक्टूबर से जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम हो जाएगी.

घर बैठे कब और कहां देख पाएंगे सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की नई फैंटेसी थ्रिलर?
‘एनिमल्स’, 9 अक्टूबर
बेन एफ्लेक और केरी वॉशिंगटन की ‘एनिमल्स’ एक ऐसी कहानी है, जहां राजनीति और परिवार आमने-सामने आ जाते हैं. बेन एफ्लेक फिल्म का डायरेक्शन करने के साथ इसमें एक्टिंग भी कर रहे हैं. कहानी एक लॉस एंजिलिस मेयर पद के उम्मीदवार और उसकी पत्नी की है. दोनों की जिंदगी बाहर से बहुत शानदार नजर आती है. लेकिन उनका बेटा किडनैप हो जाता है और पूरा परिवार बुरी तरह फंस जाता है. बच्चे को बचाने के लिए कपल को ऐसे फैसले लेने पड़ते हैं, जो उनकी जिंदगी को पूरी तरह से बदल देते हैं. ये शो नेटफ्लिक्स पर रिलीज़ होगा.

‘हॉन्टेड होटल सीजन 2’, 9 अक्टूबर
अगर आपको हॉरर के साथ कॉमेडी पसंद है तो ‘हॉन्टेड होटल सीजन 2’ आपके लिए सही ऑप्शन हो सकता है. कहानी एक सिंगल मदर की है, जो दुनिया के सबसे भूतिया होटल को संभालने की कोशिश कर रही है. उसकी परेशानी की वजह उसका भूत भाई है. दूसरे सीजन में मामला और मजेदार होने वाला है क्योंकि खतरनाक डेमन हंटर्स होटल में मौजूद आत्माओं को बाहर निकालने के लिए पहुंच जाते हैं. अब होटल के इंसानों और भूतों दोनों की मुश्किल बढ़ने वाली है. ये सीरीज 9 अक्टूबर से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होने वाली है.

‘मैचबॉक्स: द मूवी’, 9 अक्टूबर
अगर आपको कार, स्टंट और हाई स्पीड एक्शन पसंद है तो ‘मैचबॉक्स: द मूवी’ पर नजर रखिए. फिल्म में जॉन सीना लीड रोल में हैं. फिल्म को सैम हार्ग्रेव ने डायरेक्ट किया है, जो ‘एक्सट्रैक्शन’ फ्रेंचाइजी के शानदार एक्शन के लिए जाने जाते हैं. ये लाइव एक्शन फिल्म कारों और जबरदस्त स्टंट को बड़े पर्दे की कहानी में बदलती है. इसमें जेसिका बील, सैम रिचर्डसन, आर्टुरो कास्त्रो, टेयोनाह पैरिस, कोरी स्टोल, बिल कैंप, डानाई गुरिरा और गोल्शिफ्तेह फराहानी जैसे कलाकार नजर आएंगे. आप इस फिल्म को 9 अक्टूबर से एप्पल टीवी पर देख पाएंगे.

शूटिंग पर आशा पारेख का मेकअप करती थीं ये बड़ी हीरोइन, शम्मी कपूर के सामने कही गोद लेने की बात
‘रिपोर्टिंग लाइव’, 9 अक्टूबर
पैरिणीति चोपड़ा इस हफ्ते OTT पर एक सीरियस और दमदार कहानी लेकर आ रही हैं. ‘रिपोर्टिंग लाइव’ में वो एक यंग जर्नलिस्ट के रोल में हैं. कहानी अवैध रेत खनन के खतरनाक बिजनेस पर है. एक सुराग की तलाश में निकली पत्रकार को जल्द ही ऐसे लोगों और राजनेताओं के नेटवर्क का पता चलता है, जहां सच सामने लाना उसकी जान के लिए खतरा बन जाता है. अपने कैमरामैन के साथ वो इस मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश करती है, लेकिन जांच धीरे-धीरे एक बड़ी साजिश का रूप ले लेती है. फिल्म में शेखर सुमन, आदिल हुसैन और अमोल पालेकर भी अहम भूमिकाओं में हैं. ये फिल्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज हो रही है.

‘टेक चार्ज ऑफ माय हार्ट’, 9 अक्टूबर
थोड़ा रोमांस, थोड़ा फैंटेसी और थोड़ा मेडिकल ड्रामा पसंद है तो ‘टेक चार्ज ऑफ माय हार्ट’ आपकी वॉचलिस्ट में शामिल हो सकती है. ना बो बे एक ऐसी राइटर है, जिसे बचपन में बिजली गिरने के बाद अजीब तरह की इलेक्ट्रिकल शक्तियां मिल जाती हैं. इसकी वजह से उसके लिए किसी इंसान को छूना भी मुश्किल हो जाता है. उसकी जिंदगी तब बदलती है जब उसकी मुलाकात एक बहुत ही कूल नेचर वाले बिजनेसमैन से होती है. उस इंसान का दिल बैटरी फेल होने की कगार पर है. अब दोनों की जिंदगी एक अजीब और अनोखे रिश्ते में जुड़ जाती है. ये सीरीज भी नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होने वाली है.

‘ट्रेजर आइलैंड’, 11 अक्टूबर
आखिर में बात उस कहानी की, जिसे दुनिया कई पीढ़ियों से जानती है. ‘ट्रेजर आइलैंड’ रॉबर्ट लुई स्टीवेन्सन की क्लासिक समुद्री साहसिक कहानी को नए अंदाज में पेश करती है. इसमें जिम हॉकिन्स और उसकी मां की कहानी है. दोनों समुद्र के बीच एक खतरनाक रेस में फंस जाते हैं, जहां लुटेरे, छिपा खजाना और जान का खतरा हर कदम पर मौजूद है. फिल्म में डेविड ओयेलोवो, हेली एटवेल और टॉम स्वीट जैसे कलाकार नजर आएंगे. आप इस शो को एमजीएम+ वाया प्राइम वीडियो पर देख पाएंगे.
आयुष्मान-सारा की Udta Teer की रिलीज डेट बदली, अब इस दिन सिनेमाघरों में देगी दस्तक
