Seasonal Fruits Diet Tips: गर्मियों के सीजन में रसीले आम और तरबूज खाना सभी को पसंद है. यह न सिर्फ टेस्टी होते हैं, बल्कि हमारे शरीर को कई तरह के न्यूट्रिएंट्स भी देते हैं. लेकिन आजकल बाजारों में ज्यादातर मिलावट वाले फल मिलते हैं. हाल ही में कई ऐसी खबरें सामने आई हैं, जिसमें तरबूज खाने से मौत हो गई. इसके बाद से लोग फल खाने से डर रहे हैं.
कभी केमिकल के डर से, कभी खराब होने की चिंता से, तो कभी गलत फूड कॉम्बिनेशन की वजह से, बहुत से लोगों का मौसमी फलों से भरोसा उठ चुका है और वे इन्हें खाने से डर रहे हैं. हालांकि सच तो यह है कि मौसमी फल शरीर को नैचुरल न्यूट्रिशन देने का सबसे आसान और असरदार तरीका हैं. इनमें विटामिन, मिनरल, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट भरपूर होते हैं, जो इम्यूनिटी बढ़ाने से लेकर शरीर को हाइड्रेटेड रखने तक कई फायदे देते हैं. हालांकि, कभी-कभी गलत तरीके से स्टोर करने से फल जल्दी खराब हो सकते हैं, जबकि कुछ फलों को एक साथ खाने से पाचन संबंधी समस्याएं भी हो सकती हैं. इसलिए, यह जरूरी है कि आप मौसमी फलों से डरें नहीं, बल्कि उनकी पहचान करें, सही तरीके से स्टोर करें और गलत कॉम्बिनेशन न खाएं, ताकि आप स्वाद और सेहत दोनों का पूरा फायदा उठा सकें.
कब और कैसे खतरनाक हो सकते हैं फल
हाल ही में सामने आए मामलों में पता चला है कि तरबूज को चूहों से बचाने के लिए चूहे मारने वाली दवा का इस्तेमाल किया गया था. इस कारण तरबूज खाने से कुछ लोगों की मौत हो गई. हमें यह समझना होगा कि तरबूज या कोई भी फल स्वाभाविक रूप से जहरीला या जानलेवा नहीं होता है, लेकिन गलत रखरखाव और कैमिकल की मिलावट के कारण गंभीर फूड पॉइजनिंग हो सकती है, जो जानलेवा भी साबित हो सकती है.

बैक्टीरियल ग्रोथ- तरबूज और आम जैसे फलों में ज्यादा मिठास होती है. अगर इन्हें काटकर रूम टेम्परेचर (धूप या गर्मी में) पर कई घंटों के लिए छोड़ दिया जाए, तो साल्मोनेला, लिस्टेरिया और ई. कोलाई जैसे खतरनाक बैक्टीरिया इनके ऊपर तेजी से बढ़ते हैं. इन्हें खाने से गंभीर फूड पॉइजनिंग हो सकती है. इसलिए किसी भी फल को काटकर खुला न छोड़ें.
क्रॉस-कंटैमिनेशन– जो फल जमीन पर उगते हैं, उनके छिलके पर बैक्टीरिया चिपक जाते हैं. अगर उन्हें काटने से पहले अच्छी तरह से धोया नहीं जाता है, तो ये बैक्टीरिया सीधे आपके शरीर में जा सकते हैं और आपकी तबीयत खराब हो सकती है.
केमिकल और रंगों में मिलावट- कुछ लालची व्यापारी फलों को जल्दी पकाने या उन्हें आर्टिफिशियली लाल-पीला और मीठा बनाने के लिए उनमें कैल्शियम कार्बाइड या एरिथ्रोसिन जैसे डाई केमिकल इंजेक्ट करते हैं. ऐसे फलों को खाने से पेट में तेज ऐंठन या अन्य परेशानी भी हो सकती है.
यह भी पढ़ें- सावधान! बिलासपुर में अंडे खाने से बचें, 4,400 मुर्गियों की अचानक मौत, जिले भर में अलर्ट
बाहरी जहर का खतरा- हाल ही में मुंबई में हुई एक दुखद घटना में, फोरेंसिक जांच से पता चला कि मौत का असली कारण तरबूज नहीं बल्कि जिंक फॉस्फाइड (चूहे का जहर) था जो गलती से खाने के संपर्क में आ गया था. इसी तरह किसान कीड़ों से बचाने के लिए फलों में पेस्टीसाइड भी डालते हैं, ज्यादा मात्रा में यह डालने से फलों के अंदर भी कैमिकल चला जाता है, जो हमारे शरीर को नुकसान पहुंचाता है.
कैसे चेक करें मिलावट वाले फल

रंग पहचानें – कैमिकल वाले फल और नैचुरल फलों का रंग एक जैसा नहीं होता. कैमिकल वाले फलों में गहरे हरे और चमकीले पीले रंग के अलग-अलग धब्बे दिखते हैं. नैचुरल फलों में रंग आपस में मिल जाता है.
टेक्सचर देखें – कैमिकल वाले फल बाहर से पूरी तरह पीले या लाल पके हुए दिख सकते हैं, लेकिन दबाने पर ये कुछ जगहों पर बहुत सख्त और दूसरी जगहों पर बहुत नरम लगते हैं. काटने पर, अंदर का गूदा कच्चा दिखता है. नैचुरल फल हर जगह से एक जैसा नरम होता है.
खुशबू की कमी – केमिकल से पके फलों (जैसे आम या केला) में उनकी नैचुरल मीठी खुशबू नहीं होती. कभी-कभी, पास जाने पर लहसुन या आर्सेनिक जैसी हल्की केमिकल गंध महसूस हो सकती है.
यह भी पढ़ें- Health Reminder: सावधान! कैंसर मरीजों को भूलकर भी न दें ये चीजें, बिगड़ सकती है सेहत, जान लें क्या है नुकसान
स्वाद और मुंह में जलन – केमिकल फल भले ही रसीले लगें, लेकिन वे अक्सर बेस्वाद या कम मीठे होते हैं. इन्हें खाने के तुरंत बाद, स्वाद कसैला हो जाता है और गले या जीभ में हल्की जलन महसूस हो सकती है. अगर आपको ऐसा महसूस होता है, तो एक बाइट टेस्ट करने के बाद फल को न खाएं.
फल खरीदने के बाद फॉलो करें ये स्टेप्स
- बेकिंग सोडा और पानी से अच्छी तरह धो लें
- 15–20 मिनट के लिए सिरका-पानी के घोल में भिगो दें.
- अगर आपको वैक्स या पॉलिशिंग एजेंट का शक हो तो स्किन को छील लें.
- लोकल और भरोसेमंद वेंडर से ही फल खरीदें. लोकल वेंडर्स से लिए गए फल पैक फलों से ज्यादा सुरक्षित होते हैं.

एक साथ न खाएं ये फल
अक्सर लोग अनजाने में दो-तीन फल एक साथ खा लेते हैं, जो उनके लिए काफी नुकसानदायक है. आयुर्वेद और विज्ञान दोनों के अनुसार, गलत फलों का कॉम्बिनेशन पेट में एसिड पैदा करता है, जिससे पाचन तंत्र का ठप होना, गैस, सूजन और पेट में भयंकर ऐंठन की समस्या हो सकती है.
संतरा और गाजर– संतरा और गाजर एकसाथ नहीं खाना चाहिए. इन दोनों का जूस पेट में ज्यादा एसिड पैदा कर देता है. इससे सीने में जलन, खट्टी डकारें और किडनी को नुकसान पहुंच सकता है.
तरबूज के साथ कोई भी फल- तरबूज में ज्यादा पानी होता है और यह बहुत तेजी से पचता है. तरबूज के साथ किसी भी दूसरे फल को खाने से पाचन की प्रक्रिया बिगड़ जाती है, जिससे पेट फूलना, उल्टी या डायरिया की परेशानी हो सकती है.
पपीता और नींबू– पपीते के साथ भूलकर भी नींबू नहीं खाना चाहिए. पपीते पर नींबू निचोड़कर या साथ में खाने से शरीर में हीमोग्लोबिन का लेवल गिर जाता है और इससे खून की कमी हो सकती है.
केला और अमरूद– केला मीठा फल है और अमरूद एक एसिडिक फल है. इन दोनों को साथ में खाने से पेट में गैस और एसिड बनता है. इससे सिरदर्द, पेट में भारीपन और उल्टी की समस्या हो सकती है.
आमतौर पर आप यह ध्यान रखें कि आप खट्टे और मीठे फल को एकसाथ न खाएं. ज्यादा प्रोटीन और स्टार्च वाले फलों को भी एक साथ न खाएं. इनके बीच 2-3 घंटे का टाइम गैप होना चाहिए.
फलों को रखने का सही तरीका
गर्मी में फलों को सही तरीके से स्टोर करना भी बहुत जरूरी है. यहां बताए गए टिप्स को फॉलो करने से आपके फल जल्दी खराब नहीं होंगे.
कटे हुए फलों को कभी भी खुला फ्रिज में नहीं रखना चाहिए. कटे हुए फलों को हमेशा एयर टाइट कंटेनर में पैक करके ही फ्रिज में रखना चाहिए. ध्यान रहे कि कंटेनर रखने के बाद भी फल को 12 से 18 घंटे में खा लें.
कच्चे या अधपके फल को कभी फ्रिज में नहीं रखना चाहिए. कच्चे फलों को फ्रिज में रखने से उनकी पकने की प्रक्रिया रुक जाती है और वे अंदर ही अंदर सड़ने लगते हैं. अगर आपके फल कच्चे या आधे पके हैं, तो उन्हें घर के तापमान में ही किसी टोकरी में रख दें. ऐसा करने से वे नैचुरली पकेंगे और मीठे होंगे.
सेब को जब फ्रिज में रखा जाता है, तो यह ऐथिलीन नाम की गैस छोड़ता है. यह गैस फ्रिज में रखी बाकी सब्जियों और फलों को भी खराब कर देती है. इसलिए सेब को आप रूम के तापमान में ही किसी टोकरी में रखें.
यह भी पढ़ें- Health Tips: आंवला खाने के 10 गजब के फायदे
फलों को धोकर तुरंत फ्रिज में न रखें. नमी के कारण फ्रिज के अंदर फंगस लग सकती है, जो खाने को जहरीला बना सकती है. इसलिए धुलने के बाद फलों को सुखाएं या कपड़े से पोंछ कर फ्रिज में रखें. इसके अलावा फलों को हमेशा सब्जियों से अलग हटाकर रखें. सब्जी और फल एकसाथ रखने से वे सड़ सकते हैं.
फलों को खाने का सही समय

फलों का पूरा पोषण तब ही मिलता है, जब आप उसे सही समय पर खाएं. सभी फलों की पाचन शक्ति अलग-अलग होती है, इसलिए हमें समय देखकर ही फल खाने चाहिए.
सुबह खाने वाले फल – सुबह शरीर को आसानी से पचने वाले न्यूट्रिएंट्स की जरूरत होती है. इस समय सेब, पपीता, अनार और खरबूजे जैसे पानी और फाइबर वाले फल खाने चाहिए. खाली पेट सेब या पपीता खाने से पेट साफ होता है और कब्ज से राहत मिलती है. सुबह अनार खाने से खून की कमी नहीं होती है.
दोपहर में खाने वाले फल – यह समय हैवी मील या लंच का होता है. फल हमेशा लंच से 1 घंटा पहले या 1 घंटा बाद खाने चाहिए. आप दोपहर में तरबूज, संतरा, मौसमी, अंगूर, कीवी, आम, केला और अनानास खा सकते हैं. दोपहर में खट्टे और रसीले फल खाने से शरीर की इम्यूनिटी बढ़ती है और डाइजेशन में मदद मिलती है. इस समय केला और आम खाने से दिन भर के लिए अच्छी एनर्जी मिलती है.
शाम में खाने वाले फल – अगर आपको शाम को हल्की भूख लगती है, तो आप अमरूद, नाशपाती, आड़ू या बेरी खा सकते हैं. अमरूद या नाशपाती में फाइबर ज्यादा होता है, जो शाम को लगने वाली छोटी-मोटी भूख को शांत करता है और रात के खाने तक पेट भारी नहीं लगता.
सूरज डूबने के बाद हमारा मेटाबॉलिज्म (डाइजेशन) धीमा हो जाता है. इसलिए, रात में फल खाने से बचना चाहिए. रात में फल खाने से एसिडिटी, गैस, नींद न आना और कफ हो सकता है. फलों में मौजूद नैचुरल शुगर रात में फैट के रूप में जमा हो सकती है.
तरबूज हमेशा दोपहर में ही खाएं. इसके साथ कभी भी पानी, दूध या कुछ और न लें. दूध या शेक के साथ कभी भी खट्टे फल न खाएं. दूध के साथ सिर्फ पके केले, आम या चीकू जैसे मीठे फल ही खा सकते हैं. अपने मेन मील (लंच या डिनर) के साथ फलों को सलाद के तौर पर न खाएं. इन्हें हमेशा अलग मील के तौर पर खाएं.
यह भी पढ़ें- भीषण गर्मी से सिर्फ हीटस्ट्रोक नहीं, आपकी किडनी और दिल को भी है खतरा, जानें कैसे करें बचाव
