CEC Protest: SIR के विरोध और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर बुधवार को जंतर-मंतर जाते समय दिल्ली पुलिस ने राहुल और प्रियंका गांधी को हिरासत में लिया. इसके बाद नाराज कांग्रेस सांसद बस की छत पर चढ़ गए. दिल्ली पुलिस ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को हिरासत में ले लिया है. पुलिस ने INDIA गठबंधन के सांसदों को जंतर-मंतर पहुंचने से पहले ही रोक दिया था. पुलिस ने कई नेताओं और सांसदों को हिरासत में लिया है. प्रियंका गांधी का कहना है कि पुलिस सांसदों को पीट रही है.
बस की छत पर चढ़े कांग्रेस सांसद
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि चुनाव आयुक्त से मिलने की गुहार लगाने वाले सांसदों के साथ वे ऐसा ही बर्ताव करते हैं. वे हमारे साथ ऐसा ही व्यवहार करते हैं. वे सांसदों को पीट रहे हैं. पुलिसकर्मियों ने मुझे कई जगहों पर खरोंच दिया है. उन्होंने हमें ज़मीन पर गिरा दिया. अब हम यहां से नहीं हटेंगे. भले ही वे अपनी फ़ोर्स हटा लें, मैं यहां से नहीं हिलूंगी. बुधवार को कांग्रेस सांसद अमरिंदर सिंह राजा वडिंग, दीपेंद्र सिंह हुड्डा, इमरान प्रतापगढ़ी और इमरान मसूद एक बस की छत पर चढ़ गए. INDIA ब्लॉक के सांसदों को जंतर-मंतर की ओर जाने से रोका गया था, जहां वे वोटर लिस्ट के ‘स्पेशल इंटेंसिव रिविजन’ (SIR) में कथित गड़बड़ियों को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने जा रहे थे. विपक्षी दलों के विरोध प्रदर्शन के लिए जंतर-मंतर जाने की कोशिश के दौरान बस में राज्यसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी समेत INDIA ब्लॉक के सांसद मौजूद थे.
वडिंग ने कहा- रोक रही मोदी की पुलिस
कांग्रेस सांसद के. सुरेश ने कहा कि विपक्षी सांसदों को ले जा रही बस को तब रोका गया जब वे जंतर-मंतर और भारत निर्वाचन आयोग की ओर जाने की कोशिश कर रहे थे. सुरेश ने कहा कि हम बस में हैं और बस को यहीं रोक दिया गया है. हम एक होटल से आए हैं. बस में INDIA ब्लॉक के सांसद हैं. हम जंतर-मंतर या भारत निर्वाचन आयोग जाना चाहते हैं. कांग्रेस सांसद वडिंग ने कहा कि सांसद अपना विरोध जारी रखने के लिए दृढ़ थे. उन्होंने सवाल किया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार उनसे क्यों नहीं मिल सकते. वडिंग ने कहा कि यह मोदी जी का शासन है और उनकी पुलिस हमें रोक रही है. हमें कहीं तो विरोध करने दीजिए. ज्ञानेश कुमार हमसे क्यों नहीं मिल सकते?
दिल्ली पुलिस नहीं दे रही विरोध प्रदर्शन की इजाजत : पवन खेड़ा
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि जब पुलिस ने राजधानी में कहीं और विरोध प्रदर्शन की इजाज़त नहीं दी, तो बसें जंतर-मंतर की ओर बढ़ गईं. खेड़ा ने कहा कि चूंकि अमित शाह के अधीन दिल्ली पुलिस हमें राजधानी में कहीं भी विरोध प्रदर्शन करने की इजाज़त नहीं दे रही है, इसलिए विपक्षी दलों के सांसदों को ले जा रही सभी बसें अब जंतर-मंतर की ओर बढ़ रही हैं – जो शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन के लिए तय जगह है. अनुच्छेद 19 हमें लोकतांत्रिक विरोध का संवैधानिक अधिकार देता है. लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने पहले ही घोषणा कर दी थी कि विपक्ष जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन करेगा. गांधी ने कहा कि मंगलवार को उन्होंने कहा कि हम वहां विरोध प्रदर्शन नहीं कर सकते, इसलिए हम जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं.
देना होगा ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा : राहुल
कहा कि ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना होगा. मैं चाहता हूं कि मेरे खिलाफ 100 FIR दर्ज हों. हर FIR एक मेडल की तरह है. TMC सांसद डेरेक ओ’ब्रायन ने कहा कि हम सब यहां एक साथ हैं. हम सब एकजुट हैं और बिना किसी अहंकार के यहां हैं. हम तब तक इनसे लड़ेंगे जब तक ये बाहर नहीं हो जाते. इसके पहले बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी में विपक्ष के प्रमुख सांसद राज्यसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा बुलाई गई बैठक के लिए इकट्ठा हुए. विपक्ष ने CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ अपना विरोध और तेज कर दिया है.विपक्ष की पार्टियां अलग-अलग राज्यों में भी समानांतर विरोध प्रदर्शन कर रही हैं. कांग्रेस ने संकेत दिया है कि यह टकराव तब तक जारी रहेगा जब तक CEC इस्तीफा नहीं दे देते.
SIR पर आर-पार : CEC के इस्तीफे की मांग, दिल्ली के जनपथ पर जुटे विपक्षी दिग्गज, तेज हुआ आंदोलन
News Source: ANI
