Jharkhand Snake Bite: झारखंड के लोहरदगा जिले में एक प्राइवेट स्कूल में उस समय हड़कंप मच गया, जब वहां एक जहरीला सांप आ गया. सांप ने हॉस्टल के कमरे में सोते हुए एक 12 साल की लड़की को काट लिया, जिससे उसकी मौत हो गई. साप ने तीन और लड़कियों का काट लिया, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी. यह घटना मंगलवार रात कुरु पुलिस स्टेशन के रोचो महुआटोली में संवासीरा हायर सेकेंडरी रेजिडेंशियल स्कूल में हुई.
एक की मौत, दो की हालत गंभीर
स्कूल के एक प्रतिनिधि ने बताया कि मंगलवार रात डिनर के बाद, छात्राएं ग्राउंड फ्लोर पर अपने हॉस्टल के कमरे में गईं और सो गईं. रात के करीब 11 बजे एक सांप उनके कमरे में आया और उसने एक एक छात्रा को काट लिया. सांप के काटने से जब वह दर्द से चिल्लाई, तो बाकी लोग जाग गए, लेकिन तब तक उसने तीन और लड़कियों को काट लिया था.
कमरे में चीख-पुकार सुनकर स्कूल के टीचर और स्टाफ तुरंत मौके पर पहुंचे. चारों छात्राओं को लोहरदगा सदर हॉस्पिटल ले जाया गया. सदर हॉस्पिटल में डॉक्टरों ने जांच के बाद वर्षा ओरांव को मृत घोषित कर दिया. डॉक्टरों ने सदर हॉस्पिटल में 14 साल की मनीषा कुमारी का इलाज शुरू किया. 11 साल की फुलमनिया ओरांव और अनीसा कुमारी को बेहतर इलाज के लिए तुरंत राजेंद्र इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (RIMS) रांची रेफर कर दिया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है.
हॉस्टल में डर का माहौल
मृतक की पहचान अलौदी नवाटोली की रहने वाली 12 साल की वर्षा ओरांव के तौर पर हुई है. स्कूल अधिकारी ने बताया कि अभी यह साफ नहीं है कि सांप हॉस्टल के कमरे में कैसे घुसा. घटना के बाद अस्पताल परिसर में परिवार के सदस्यों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई. कुडू पुलिस स्टेशन के इंचार्ज अजीत कुमार ने कहा कि पुलिस को घटना की जानकारी दे दी गई है और कार्रवाई की जा रही है. वहीं हॉस्टल में अब बाकी छात्राओं में डर का माहौल है. सभी को सांप के दोबारा आने का डर है.
शुरुआती जांच में चारों लड़कियों को डसने वाला सांप करैत बताया जा रहा है. विशेषज्ञों के अनुसार, यह किंग कोबरा से भी चार गुना ज्यादा जहरीला होता है. इसके काटने पर इंसान को नींद में ही लकवा मारा जाता है और समय पर इलाज न मिलने पर फेफेड़े काम करना बंद कर देते हैं, जिससे मौत हो जाती है.
Firozabad Snake Bite: एक ही दिन में 6 लोगों को सांप ने डसा, डिब्बे में बंद कर अस्पताल पहुंचे पीड़ित!
News Source: PTI
