Jharkhand News : झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, छात्रों पर दर्ज मामलों को वापस लेने तथा पूरे प्रकरण की सीबीआई जांच की मांग को लेकर सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने रांची के कचहरी स्थित उपायुक्त कार्यालय का घेराव कर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया. प्रदर्शन में बड़ी संख्या में BJP कार्यकर्ता, महिला मोर्चा की सदस्य और पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल हुए. संभावित भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने डीसी कार्यालय परिसर के आसपास सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे और भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई.
छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया
धरने में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए BJP के पूर्व सांसद एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि हेमंत सोरेन सरकार ने युवाओं और छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है. उन्होंने आरोप लगाया कि JPSC और JSSC की नियुक्ति प्रक्रियाओं में व्यापक धांधली हुई, नौकरियां बेची गईं और जब छात्र न्याय की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे तो उनके खिलाफ कार्रवाई की गई. उन्होंने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच केवल सीबीआई से ही संभव है.
आंदोलन पूरे झारखंड में जारी रहेगा
भाजपा कार्यसमिति सदस्य रमेश सिंह ने कहा कि जब तक कथित घोटाले की सीबीआई जांच शुरू नहीं होती, भाजपा का आंदोलन पूरे झारखंड में जारी रहेगा. उन्होंने आरोप लगाया कि भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताओं के कारण हजारों युवाओं के साथ अन्याय हुआ है और भाजपा छात्रों के न्याय की लड़ाई हर स्तर पर लड़ेगी.
पुलिस और छात्रों के बीच झड़प, झारखंड में 900 अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज; जानें मामला
कांग्रेस ने आरोपों को सिरे से खारिज किया
वहीं, सत्तारूढ़ कांग्रेस ने भाजपा के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए पलटवार किया. कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा छात्रों के मुद्दे पर केवल राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है. उनका दावा था कि छात्रों पर एफआईआर दर्ज होने के भाजपा के आरोप तथ्यात्मक नहीं हैं. कांग्रेस ने यह भी कहा कि झारखंड में भाजपा का जनाधार कमजोर हो चुका है, जिसका असर उसके विरोध-प्रदर्शन में भी दिखाई दिया. पार्टी ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा 24 जिलों की बजाय केवल कुछ जिलों में ही प्रदर्शन कर पा रही है, जबकि राज्य सरकार छात्रों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है.
BJP आंदोलन तेज करने की कर रही है बात
JPSC-JSSC भर्ती प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक टकराव लगातार तेज होता जा रहा है. एक ओर भाजपा सीबीआई जांच और छात्रों को न्याय दिलाने की मांग को लेकर आंदोलन तेज करने की बात कर रही है. वहीं, सत्तारूढ़ गठबंधन इन आरोपों को राजनीतिक अभियान बता रहा है. ऐसे में अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि सरकार इन मांगों पर क्या रुख अपनाती है और कथित अनियमितताओं के आरोपों की जांच को लेकर आगे क्या कदम उठाए जाते हैं.
देवेंद्र महतों के बाद 5 प्रदर्शनकारियों का अनशन जारी, CM सोरेन ने की बातचीत की पेशकश
झारखंड से विशाल शौर्य की रिपोर्ट
