Noida Fire: नोएडा के सेक्टर 75 स्थित एक हाईराइज रेजिडेंशियल सोसायटी में शुक्रवार सुबह अचानक अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सुबह सोसायटी के एक फ्लैट में भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरे इलाके में काले धुएं का गुबार दिखाई देने लगा. हालांकि, राहत की बात ये रही कि टाइम रहते लोगों को सेफ बाहर निकाल लिया गया और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है.
आग की लपटों से डरे लोग
जानकारी के मुताबिक, ये घटना सुबह करीब 8 बजे सेक्टर 75 की आइवी काउंटी सोसायटी में हुई. सोसायटी की 28 मंजिला बिल्डिंग के 12वें फ्लोर पर एक फ्लैट से अचानक आग की लपटें उठने लगीं. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और घना काला धुआं आसमान में फैल गया. आसपास रहने वाले लोगों ने भी दूर से धुएं का गुबार देखा, जिससे इलाके में चिंता का माहौल बन गया. आग लगते ही सोसायटी में रहने वालों में हड़कंप मच गया. कई लोग अपने घरों से तुरंत बाहर निकल आए, जबकि कुछ परिवारों ने सीढ़ियों का इस्तेमाल करके सेफ जगहों तक पहुंचने का फैसला किया. सिक्योरिटी गार्ड्स और सोसायटी मैनेजमेंट ने भी लोगों को तेजी से बाहर निकालने में मदद की.
‘भाई, शायद हम बच न पाएं…’, CA विवेक के आखिरी शब्द; आग ने छिन ली एक ही परिवार की 8 जिंदगियां
मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं. दमकल कर्मियों ने तुरंत आग बुझाने का अभियान शुरू किया और हालात को काबू में लाने के लिए लगातार कोशिश की. अधिकारियों के मुताबिक, सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरी बिल्डिंग को खाली करा लिया गया. साथ ही आसपास के फ्लैटों में रहने वाले लोगों को भी एहतियातन सेफ जगहों पर भेजा गया. वहीं, इस पूरी घटना के दौरान सबसे बड़ी राहत की खबर ये रही कि किसी के घायल होने या जानमाल के नुकसान की खबर नहीं मिली है. हालांकि, आग लगने की वजह अभी तक सामने नहीं आ सकी है. फिलहाल आग लगने की वजह जानने के लिए जांच चल रही है.
हाईराइज से डरे लोग
हाईराइज बिल्डिंग्स में आग लगने की घटनाएं हमेशा चिंता की बात रहती हैं, क्योंकि ऊंची मंजिलों तक पहुंचना और लोगों को सेफ निकालना एक चैलेंज होता है. ऐसे में ये घटना एक बार फिर आग से सिक्योरिटी के इंतजामों और इमरजेंसी तैयारियों की अहमियत को सामने लाती है. फिलहाल हालात काबू में बताए जा रहे हैं.
News Source: PTI
दिल्ली, मुजफ्फरपुर के बाद हैदराबाद में आग का कहर! तीन मंजिला इमारत को लपटों ने घेरा
