Cristiano Ronaldo Marriage: फुटबॉल की दुनिया के सुपरस्टार क्रिस्टियानो रोनाल्डो और उनकी लंबे समय से गर्लफ्रेंड रहीं जॉर्जीना रोड्रिगेज
ने आखिरकार शादी कर ली है. करीब 10 साल तक रिश्ते में रहने के बाद दोनों ने मंगलवार, 11 अगस्त को पुर्तगाल में एक निजी समारोह में शादी की. इस खबर के सामने आते ही दुनिया भर में उनके फैंस के बीच खुशी की लहर दौड़ गई. रोनाल्डो और जॉर्जिना ने शादी को किसी बड़ी सेलिब्रिटी पार्टी में बदलने के बजाय इसे काफी प्राइवेट रखा. उनकी पब्लिक रिलेशंस टीम के मुताबिक, ये एक प्राइवेट पल था, जिसमें उनके पांच बच्चे भी मौजूद रहे. शादी पुर्तगाल के कास्काइस शहर में हुई, जो लिस्बन के पास समुद्र किनारे बसा खूबसूरत इलाका है. इस खास मौके की तस्वीर भी कपल ने सोशल मीडिया पर शेयर की. दोनों ने अपने हाथों की तस्वीर पोस्ट की, जिसमें उनकी शादी की अंगूठियां नजर आ रही थीं.
दोनों की प्रेम कहानी?
रोनाल्डो और जॉर्जिना की कहानी की शुरुआत साल 2016 में मैड्रिड से हुई थी. तब रोनाल्डो रीयल मैड्रिड के लिए खेलते थे. वहीं, जॉर्जिना एक लग्जरी स्टोर में काम करती थीं. दोनों की मुलाकात गुच्ची (Gucci) के एक स्टोर में हुई. यही नॉर्मल सी मुलाकात धीरे-धीरे एक खूबसूरत रिश्ते में बदल गई. करीब 10 साल के सफर में दोनों ने कई उतार-चढ़ाव देखे, लेकिन उनका रिश्ता लगातार मजबूत होता गया. अगस्त 2025 में दोनों ने अपनी सगाई की घोषणा की थी. इसके ठीक एक साल बाद उन्होंने शादी कर ली.
भिवानी का फिर बजा दुनिया में डंका:क्यों इस शहर को कहा जाता है भारतीय बॉक्सिंग का ‘मिनी क्यूबा’?
कौन हैं जॉर्जीना रोड्रिगेज?
32 साल की जॉर्जीना रोड्रिगेज स्पेनिश मॉडल, डांसर, बिजनेसवुमन और सोशल मीडिया स्टार हैं. वो रोनाल्डो के पांच बच्चों की मां हैं. परिवार में क्रिस्टियानो जूनियर, जुड़वां बच्चे ईवा मारिया और मटेओ, बेटी अलना और बेला शामिल हैं. जॉर्जिना का बचपन स्पेन के जाका में बीता. उनका परिवार काफी सिंपल बैकग्राउंड से आता था. बचपन में वो बैले डांसर बनने का सपना देखती थीं, लेकिन बाद में करियर बनाने मैड्रिड पहुंचीं. उन्होंने मासिमो दुत्ती के बाद गुच्ची जैसे लग्जरी ब्रांड में काम किया, जहां उनकी मुलाकात रोनाल्डो से हुई. धीरे-धीरे जॉर्जिना ने मॉडलिंग की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई. उन्होंने कई बड़े फैशन ब्रांड्स के साथ काम किया. फिर साल 2021 में उन्होंने अपना फैशन लेबल OM by G लॉन्च किया. वो बिजनेस की दुनिया में भी एक्टिव रही हैं और इस्पार्या जैसी हेयर रेस्टोरेशन कंपनी से जुड़ी रही हैं.
नेटफ्लिक्स शो से भी मिली पहचान
जॉर्जिना की जिंदगी पर आधारित नेटफ्लिक्स रियलिटी शो आई एम जॉर्जिया साल 2022 में शुरू हुआ. इस शो के जरिए लोगों को उनकी निजी जिंदगी, परिवार, फैशन और प्रोफेशनल सफर की झलक मिली. शो के अब तक तीन सीजन आ चुके हैं. वहीं, 41 साल के रोनाल्डो फुटबॉल करियर में लगातार रिकॉर्ड बना रहे हैं. वो पांच बार वर्ल्ड प्लेयर ऑफ द ईयर रह चुके हैं. फिलहाल रोनाल्डो और जॉर्जिना की शादी उनके रिश्ते के एक नए चैप्टर की शुरुआत है.
