Ashok Siddharth Retirement: मायावती के भतीजे आकाश आनंद के ससुर अशोक सिद्धार्थ ने राजनीति से संन्यास लेने का ऐलान किया है. मायावती ने आकाश आनंद के राजनीतिक भविष्य से जुड़ी एक बड़ी शर्त रख दी थी. बहुजन समाज पार्टी (BSP) सुप्रीमो मायावती ने बुधवार को कहा कि उनके भतीजे आकाश आनंद पार्टी में तभी सक्रिय भूमिका में लौट सकते हैं, जब उनके ससुर और पूर्व राज्यसभा सदस्य अशोक सिद्धार्थ अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को छोड़कर रिटायर हो जाएं. मायावती ने सिद्धार्थ पर आरोप लगाया कि वह बार-बार BSP के मिशन से ज़्यादा अपने “निजी और पारिवारिक हितों और महत्वाकांक्षाओं” को अहमियत देते हैं. मायावती की बात को मानते हुए अशोक सिद्धार्थ ने राजनीति छोड़ने का ऐलान कर दिया है.
परम आदरणीय बहन जी सादर चरण स्पर्श! माननीया बहन जी आपको अवगत कराना है कि, मेरे लिए आपका आदेश दुनिया की किसी भी चीज़ से बढ़ कर है। आपके आदेश के आगे मेरे रिश्ते नाते, परिवार सभी बेहद छोटे हैं। आपके मार्गदर्शन में, मैं बीते पैंतीस वर्षों से बीएसपी और मान्यवार साहेब श्री कांशीराम जी और बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर के मिशन के लिए समर्पित रहा हूं। आपने आज तक जो भी जिम्मेदारी दी है उसे अपने पूरे सामर्थ्य के साथ निभाने की कोशिश की है। आप मेरी राजनैतिक गुरू हैं, मेरी बड़ी बहन हैं, आपने मुझ जैसे अदने से व्यक्ति को क्या कुछ नहीं दिया, आपकी वजह से ही मैं विधान परिषद और राज्य सभा तक का सदस्य रहा हूँ । आपने मुझे इस लायक समझा कि आपने मुझ जैसे मामूली से कार्यकर्ता को अपने परिवार का सदस्य बनाया। ये आपका ऋण है, जो मैं इस जीवन में चुका भी नहीं सकता। परमपूज्य आदरणीय बहन जी, मेरे आराध्य तथागत भगवान गौतम बुद्ध और मेरे राजनीतिक आदर्श मान्यवर साहेब श्री कांशीराम जी की क़सम खाता हूँ , कि मैंने कभी भी पार्टी के हित के खिलाफ कोई काम नहीं किया और आपके खिलाफ कुछ भी करने का तो मैं सपने में भी सोच नहीं सकता हूं। मेरा और मेरे परिवार का ये पूरा जीवन आपका ऋणी है। आदरणीय बहन जी, आपकी एक-एक नसीहत और आदेश मेरे लिए अंतिम शब्द हैं। आदरणीय बहन जी, माननीय आकाश जी को सलाह देना तो दूर बीते कई महीनों से मेरी उनसे मुलाकात भी कुछ एक अवसर पर तब हुई जब उनके कार्यक्रम उन राज्यों में लगे जिनकी जिम्मेदारी आपने मुझे दी हुई थी। मान० बहन जी हमारी पार्टी के ही कुछ साथी मुझे आपसे मिले सम्मान के कारण मुझ पर ये आरोप लगाते हैं कि मैं पार्टी पर कब्जा करना चाहता हूं, मैं माननीय आकाश आनंद जी को गुमराह करने की कोशिश कर रहा हूं…इसमें लेशमात्र भी सच्चायी नहीं है! आदरणीय बहन जी मैं आपसे विनम्र निवेदन के साथ कहा रहा हूं कि ये मेरे राजनैतिक विरोधियों की साजिश है ,जो पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त हैं, जिसकी सच्चाई एक न एक दिन आपके सामने ज़रूर आ जाएगी। आदरणीय बहन जी, मेरी आपसे हाथ जोड़ कर विनती है कि मेरे सन्यास लेने को आप आकाश जी की वापसी से मत जोड़िए, माननीय आकाश आनंद जी मेरे दामाद से पहले आपके भतीजे हैं, और आदरणीय आनंद भाईसाहब के बेटे हैं। उनके अंदर आपका खून बहता है, उन्होने जीवन के दो दशक आपकी छत्र छाया और देख-रेख में बिताए हैं, मेरे जैसा मामूली सा कार्यकर्ता भला उनको क्या ही गुमराह कर पाएगा। उनका अच्छा-बुरा आप किसी और से ज्यादा बेहतर समझती हैं, उनको वापस जिम्मेदारी देना या ना देना ये आपका फैसला है !🙏 इसे मेरे सन्यास लेने से जोड़ कर आप मुझ जैसे मामूली कार्यकर्ता को उसकी हैसियत से ज्यादा महत्त्व दे रही हैं। आदरणीय बहन जी, आप खुद में त्याग और दया की मूर्ती हैं, जब बात समाज के हित की आई तो आपने मुख्य मंत्री की कुर्सी और राज्यसभा के सदस्य पद को भी ठोकर मार दी, आदरणीय बहन जी, आप हमारी मार्गदर्शक ही नही हमारी आदर्श भी हैं, और अगर आज आपको लगता है कि मेरे राजनीतिक और सामाजिक जीवन में रहने से हमारे संतो , गुरुओं और महापुर्षों के बनाए हुए बहुजन मिशन को नुकसान पहुंच रहा है तो मैं अभी इसी वक्त राजनैतिक और सामाजिक जीवन से सन्यास ले रहा हूं। आदरणीय बहन जी, मेरा ये जीवन आपका ऋणी है, ऐसे में सन्यास तो बहुत छोटी चीज है आपके लिए अगर मुझे कभी अपनी जान भी देनी पड़े तो वो भी मेरे लिए फक्र की बात होगी। ससम्मान , जय भीम!! जय भारत!!! जय बहुजन समाज! आपका कार्य कर्ता अशोक सिद्धार्थ नोट- देरी के लिए क्षमा प्रार्थी!!!
— Ashok Siddharth BSP (@MP_SiddharthBSP) September 10, 2026
एक्स पर दी जानकारी
अशोक सिद्धार्थ ने एक्स पर लिखा “आदरणीय बहन जी, आप हमारी मार्गदर्शक ही नही हमारी आदर्श भी हैं और अगर आज आपको लगता है कि मेरे राजनीतिक और सामाजिक जीवन में रहने से हमारे संतो , गुरुओं और महापुर्षों के बनाए हुए बहुजन मिशन को नुकसान पहुंच रहा है तो मैं अभी इसी वक्त राजनैतिक और सामाजिक जीवन से सन्यास ले रहा हूं. आदरणीय बहन जी, मेरा ये जीवन आपका ऋणी है, ऐसे में सन्यास तो बहुत छोटी चीज है आपके लिए अगर मुझे कभी अपनी जान भी देनी पड़े तो वो भी मेरे लिए फक्र की बात होगी. उन्होंने यह भी लिखा कि “आकाश आनंद जी मेरे दामाद से पहले आपके भतीजे हैं और आदरणीय आनंद भाईसाहब के बेटे हैं. उनके अंदर आपका खून बहता है, उन्होंने जीवन के दो दशक आपकी छत्र छाया और देख-रेख में बिताए हैं, मेरे जैसा मामूली सा कार्यकर्ता भला उनको क्या ही गुमराह कर पाएगा.
अशोक सिद्धार्थ पर मायावती के आरोप
बता दें, UP की पूर्व मुख्यमंत्री की 3 सितंबर को लखनऊ में पार्टी पदाधिकारियों की एक नेशनल लेवल की मीटिंग में आकाश आनंद को BSP के नेशनल कोऑर्डिनेटर के पद से हटा दिया था. इसके कुछ दिनों बाद ही बुधवार को एक्स पर अपने विचार व्यक्त करते हुए, उन्होंने कहा कि BSP लीडरशिप उन लोगों के खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई कर रही है जो पार्टी की कोशिशों में रुकावट डालना चाहते हैं और अशोक सिद्धार्थ को ऐसी कार्रवाई का “बहुत चर्चित उदाहरण” बताया. उन्होंने कहा, “एक बार नहीं, बल्कि कई बार पार्टी ने उन्हें सुधरने का मौका दिया. लेकिन उन्होंने BSP के मिशन से ज़्यादा अपने निजी और पारिवारिक हितों और महत्वाकांक्षाओं को अहमियत दी, जिसका नतीजा उन्हें और उनके दामाद आकाश आनंद को भुगतना पड़ा.”
पार्टी से पहले ही निकाला गया
अशोक सिद्धार्थ को 2 अगस्त को बार-बार अनुशासनहीनता, पार्टी विरोधी रुख और अपनी जिम्मेदारियों को ठीक से न निभाने के आरोपों के चलते पार्टी से निकाल दिया गया था. बुधवार की पोस्ट में, मायावती ने “बहुजन समाज” से भी अपील की कि वे अपने या पारिवारिक फायदों के लिए ऐसा कोई काम न करें जिससे BSP के राजनीतिक कैंपेन में रुकावट आए. बसपा में आंतरिक मदभेदों का असर चुनावों में देखने को मिल सकता है. अब देखना होगा कि आकाश आनंद फिर से मायावती का मना पाते हैं या नहीं.
मायावती ने कसी BSP की कमर, 2027 के लिए बूथ-बूथ की तैयारी! उम्मीदवारों के चयन पर भी मंथन
News Source: PTI
