Delhi News : होली मनाने के दौरान दो परिवारों के सदस्यों के बीच झगड़ा हो गया और दोनों अलग-अलग समुदाय से थे. झड़प के दौरान कई लोग घायल भी हो गए.
Delhi News : दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में बुधवार की रात एक मामूली विवाद ने विकराल रूप ले लिया है. एक महिला के ऊपर पानी से भरा गुब्बारा गिरने के बाद हुए झगड़े में 26 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. अब इलाके में माहौल इतना गरम हो गया है कि पैरामिलिट्री और दिल्ली पुलिस के जवानों को तैनात किया गया है. मामले को लेकर दिल्ली पुलिस ने कहा कि अभी तक 4 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है और एक नाबालिग को पकड़ा गया है, जबकि घटना में शामिल दूसरे लोगों की पहचान की जा रही है. पुलिस अधिकारी ने आगे कहा कि इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए एहतियात के तौर पर अतिरिक्त फोर्स तैनात की गई है.
हिंदू संगठन ने 24 घंटे का दिया अल्टीमेटम
मामला यह है कि होली मनाने के दौरान दो परिवारों के सदस्यों के बीच झगड़ा हो गया और दोनों अलग-अलग समुदाय से थे. झड़प के दौरान कई लोग घायल भी हो गए. इसी बीच हिंदू राजनीतिक संगठन ने 26 साल के तरुण की मौत में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए पुलिस को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है. झड़प के दौरान दूसरे पक्ष की तरफ से पिटाई की वजह से तरुण को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. पुलिस ने बताया कि शुरुआती जानकारी से पता चलता है कि झगड़ा पानी के गुब्बारे से पानी के छींटे पड़ने को लेकर शुरू हुआ था.
गुब्बारों की छींटों की वजह से हुआ झगड़ा
घटना के बाद तरुण के रिश्तेदारों ने आरोप लगाया कि उनके परिवार की एक 11 वर्षीय लड़की छत पर होली खेल रही थी. उसने नीचे खड़े अपने रिश्तेदारों की तरफ पानी का गुब्बारा फेंका, लेकिन वह किसी व्यक्ति पर नहीं गिरा बल्कि जमीन पर जाकर लगा और उसमें भरे पानी की छींटे दूसरे परिवार की एक महिला पर जाकर लगीं. इसी बीच बच्ची के दादा ने आरोप लगाया कि महिला ने उन्हें गालियां देने शुरू कर दीं और इस दौरान अपने परिवार के सदस्यों को भी इकट्ठा कर लिया. इसके बाद कथित तौर पर होली खेलने वालों पर हमला करना शुरू कर दिया.
दोस्तों के साथ होली खेलकर लौटा अपने घर
लड़की के दादा ने आगे कहा कि शुरुआत में शांति हो गई लेकिन कुछ देर बात ही कुछ लोग फिर से इकट्ठा हो गए और उन्होंने तरुण पर हमला कर दिया. वह अपने दोस्तों के साथ होली खेलकर अपने घर की लौट रहा था. आरोप लगाया कि दूसरे परिवार के लोगों ने तरुण को बुरी तरह पीटा और सड़क पर पड़े होने पर उसकी छाती पर एक बड़ा पत्थर भी मारा. वहीं, तरुण के चाचा रमेश ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें पहले हुए झगड़े के बारे में पता नहीं था, जब उन पर 8-10 लोगों एक ग्रुप ने लाठी, रॉड और पत्थरों से हमला किया था.
यह भी पढ़ें- Chhattisgarh : जशपुर में यात्री बस पटलने से दर्दनाक हादसा, 5 की मौत और 20 गंभीर रूप से घायल
News Source: PTI
