Delhi Crime: देश की राजधानी दिल्ली से 17 साल की एक नाबालिग लड़की के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म के बाद चाकू मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है. आरोप है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने शव को एक खुले मैदान में फेंक दिया. पुलिस ने मामले में तीन नाबालिगों समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. शुरुआती जांच के अनुसार, नाबालिग लड़की टेंपो में सवार होकर गई थी. रास्ते में चारों आरोपियों ने उसके साथ दुष्कर्म किया और इसके बाद चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी. इसके बाद आरोपियों ने शव को खुले मैदान में फेंक दिया.
बुरी तरह सड़-गल चुका था शव
पुलिस ने बताया कि शव जब मिला तो वह इतना सड़-गल चुका था. यही वजह है कि तुरंत यह नहीं पता चल पाया कि वह लड़की या फिर लड़का. पुलिस ने यह भी बताया कि लड़की और आरोपी एक-दूसरे को जानते थे. आरोप है कि लड़की के साथ दुष्कर्म करने, चाकू मारकर हत्या करने और शव को ठिकाने लगाने से पहले उन्होंने साथ मिलकर शराब भी पी थी. बता दें कि लड़की का शव 13 सितंबर को कुशक रोड पर जयपाल राणा के खेत के पास मिला और इसी बीच अवारा कुत्तों ने शव के कुछ हिस्सों को भी खा लिया था. इस दौरान नाबालिग का एक हाथ शरीर से अलग मिला था.
दोस्ती का भरोसा पड़ा भारी! 17 वर्षीय किशोरी से चार लोगों ने किया दुष्कर्म, सभी आरोपी गिरफ्तार
50 से ज्यादा CCTV फुटेज की जांच की
हालांकि, लड़की के परिवार वालों ने उसके लापता होने की कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई थी. पुलिस ने कहा कि परिवार वालों ने उन्हें बताया कि वह अक्सर घर से चली जाती थी और कुछ दिनों बाद घर लौट आती थी. यही वजह है कि उन्होंने थाने में जाकर लापता होने की रिपोर्ट नहीं दर्ज नहीं कराई. BNS और POCSO एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने बताया कि घटनास्थल पर कोई प्रत्यक्षदर्शी नहीं था और अपराधियों की पहचान शुरू में अज्ञात थी. यही वजह है कि पुलिस की एक टीम ने उस इलाके और आसपास के रास्तों में लगे करीब 50 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज की जांच की.
घटनास्थल के पास टेम्पो को आते-जाते देखा
बताया जा रहा है कि जांच के दौरान घटना के समय घटनास्थल के पास टेम्पो को आते-जाते हुए देखा गया. हालांकि, अंधेरे की वजह से वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर साफ नहीं दिख पाया था और इसके बाद जांचकर्ताओं ने कई CCTV लोकेशन पर उसकी आवाजाही को ट्रैक किया. 15 और 16 सितंबर की रात को तलाशी अभियान चलाया गया और संदिग्ध टेम्पो का पता स्वरूप नगर इलाके की खड्डा कॉलोनी में चला. इसके बाद उसके ड्राइवर से पूछताछ की गई.
कपड़े और टेम्पो से हुई पहचान
वहीं, जांच के दौरान अपराध से जुड़े कथित तौर पर चार लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें तीन नाबालिग भी शामिल हैं. पुलिस ने बताया कि बालिग आरोपी की पहचान खड्डा कॉलोनी के रहने वाले शिवम उर्फ चुचू के तौर पर हुई है, जबकि तीन आरोपियों की उम्र 16 और 17 साल है. इसके अलावा अपराध में कथित तौर पर इस्तेमाल किए गए दो चाकू, आरोपियों द्वारा पहने गए कपड़े और टेम्पो बरामद किए गए. पुलिस का कहना है कि घटनाओं के क्रम का पता लगाने, पकड़े गए लोगों की अलग-अलग भूमिकाओं को समझने और फोरेंसिक व तकनीकी सबूतों की पुष्टि करने के लिए आगे की जांच की जा रही है.
News Source: PTI
