NEET Re Exam Date: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने प्रेस वार्ता कर कहा कि छात्रों का भविष्य हमारी प्राथमिकता है. 21 जून को दोबारा परीक्षा होगी. उन्होंने बताया कि पेपर लीक की पुष्टि होते ही परीक्षा को रद्द कर दिया गया था.
NEET Re Exam Date: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के द्वारा आयोजित होने वाली मेडिकल की परीक्षा NEET-UG 2026 को बीते दिनों 3 मई को परीक्षा होने के बाद रद्द कर दी गई थी. इस मेडिकल प्रवेश परीक्षा के जरिए देश भर में मेडिकल में ग्रेजुएशन के लिए एडमिशन होता है.
पेपर लीक के बाद एनटीए ने यह कार्रवाई की थी. सरकार ने इस घटना की जांच को सीबीआई को सौंप दी है. परीक्षा रद्द होने से देश भर के करीब 22 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं प्रभावित हुए थे. इसको लेकर देश भर में प्रदर्शन भी हो रहा है. इस बीच एनटीए ने National Eligibility cum Entrance Test यानी कि नीट की फिर से परीक्षा कराने के लिए नई तारीख की घोषणा कर दी है.

21 जून 2026 को होगी परीक्षा
एनटीए ने परीक्षा की जानकारी अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर दी है. एजेंसी ने हिंदी में एक पोस्ट करके कहा- NEET (UG) 2026 — परीक्षा तिथि की घोषणा. राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने भारत सरकार की स्वीकृति से NEET (UG) 2026 की पुनः-परीक्षा (Re Examination) रविवार 21 जून 2026 को आयोजित करने का निर्णय लिया है. एनटीए ने आगे लिखा है – परीक्षार्थियों एवं अभिभावकों से अनुरोध है कि वे केवल NTA के आधिकारिक माध्यमों पर ही विश्वास करें. किसी भी जरूरी जानकारी के लिए आप neet-ug@nta.ac.in , 011-40759000 / 011-69227700. पर संपर्क कर सकते हैं.
शिक्षा मंत्री ने क्या कहा?
नीट की दोबारा परीक्षा के लिए 21 जून की तारीख तय कर दी गई है. इस बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान (Dharmendra Pradhan) ने प्रेस वार्ता कर कहा कि छात्रों का भविष्य हमारी प्राथमिकता है. 21 जून को दोबारा परीक्षा होगी. उन्होंने बताया कि पेपर लीक की पुष्टि होते ही परीक्षा को रद्द कर दिया गया था. लीक का पता चलते ही जांच के आदेश दे दिए गए. गेस पेपर के नाम पर पेपर लीक हुआ था. हमें जैसे ही सूचना मिली, हमने जांच शुरू कर दी. इस जांच को सीबीआई को सौंपा गया है. हम नहीं चाहते हैं कि माफिया किसी के भविष्य को खराब करें.
नीट परीक्षा को लेकर आगे की प्लानिंग बताते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि अगले साल से नीट की परीक्षा कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) होगी.
3 मई को हुई थी परीक्षा
मालूम हो कि पूरे देश भर में NEET-UG 2026 की परीक्षा 3 मई 2026 को आयोजित की गई थी. इसमें करीब 22 लाख से अधिक परीक्षार्थी शामिल हुए थे. परीक्षा के 9 दिन बाद एनटीए ने इसे रद्द कर दिया. बताया गया कि NEET-UG 2026 परीक्षा के पेपर लीक हो गए थे. परीक्षा रद्द होते ही बच्चों के साथ उनके अभिभावकों में चिंता देखी गई.
वहीं, बीते दिनों एनटीए के महानिदेशक अभिषेक सिंह ने कहा था कि एजेंसी को 7 मई को परीक्षा के चार दिन बाद, एक व्हिसलब्लोअर से जानकारी मिली थी कि एक ‘गेस पेपर’ का पीडीएफ व्हाट्सऐप पर सर्कुलेट किया गया था. जिसमें वास्तविक नीट परीक्षा जैसे ही प्रश्न थे. उन्होंने आगे कहा था, “परीक्षा में किसी भी तरह का उल्लंघन हमारी जीरो-टॉलरेंस नीति के खिलाफ है और इससे उन 22 लाख छात्रों के भविष्य पर प्रतिकूल असर पड़ता है जिन्होंने इस परीक्षा के लिए कड़ी मेहनत की थी.”
यह भी पढ़ें: दिल्ली-महाराष्ट्र समेत 16 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों में होगा SIR, चुनाव आयोग ने बताई तारीख
News Source: PTI
