zari Fashion: फैशन की दुनिया में पुरानी चीजें अक्सर नए अंदाज में लौटती हैं, लेकिन इस बार वापसी कुछ खास है. ‘ओल्ड वर्ल्ड जरी’ यानी ट्रेडिशनल जरी का वो शाही अंदाज, जो कभी दादी-नानी की अलमारी और शादी-ब्याह के भारी कपड़ों तक था. अब मॉडर्न फैशन के साथ नया रूप ले रहा है. यानी चमक वही है, लेकिन स्टाइल पहले से ज्यादा हल्का, स्लीक और आज के समय के हिसाब से है.
क्या है ओल्ड वर्ल्ड जरी का ट्रेंड?
जरी का नाम सुनते ही बनारसी साड़ी, गोल्डन बॉर्डर और फेस्टिव लुक याद आना नॉर्मल बात है. लेकिन फैशन डिजाइनर्स अब इसे सिर्फ ट्रेडिशनल आउटफिट तक नहीं रख रहे हैं. हैंडलूम फैब्रिक के साथ कॉर्सेट ब्लाउज, स्कल्प्टेड जैकेट, मॉडर्न स्कर्ट और सिंपल ड्रेप्स का इस्तेमाल किया जा रहा है.
वैसे, इस ट्रेंड की खूबसूरती यही है कि कपड़े की चमक ही सबकुछ नहीं होती. हैंडलूम की टेक्सचर, बुनाई और उसकी कहानी भी उतनी ही खास बन जाती है.

ट्रेडिशनल कपड़ा, मॉडर्न कट
इस ट्रेंड का असली मजा ट्रे़डिशनल कपड़े और नए कट के कॉन्ट्रास्ट में है. बनारसी, कांजीवरम और टिश्यू जैसे फैब्रिक जब स्ट्रक्चर्ड ब्लाउज या मॉडर्न जैकेट के साथ पहने जाते हैं, तो पूरा लुक अचानक फ्रेश लगने लगता है. साड़ी के अलावा अब जरी वाले फैब्रिक से स्कर्ट, जैकेट और अलग-अलग कंटेम्परेरी आउटफिट भी बनाए जा रहे हैं. बॉलीवुड ने भी रेड कार्पेट और शादी के मौकों पर इस फॉर्मूले को खूब अपनाया है. मैसेज साफ है कि पुरानी कारीगरी को नया अंदाज दिया जाए, तो वो बिल्कुल आउटडेटेड नहीं लगती.
स्लो फैशन वाला ट्रेंड
हैंडलूम सिर्फ खूबसूरत ही नहीं दिखता, बल्कि स्लो फैशन की सोच से भी जुड़ा है. इन कपड़ों को तैयार करने में समय, मेहनत और पीढ़ियों से चली आ रही कारीगरी लगती है. यही वजह है कि अच्छी क्वालिटी की जरी वाली साड़ी या हैंडलूम पीस सिर्फ एक सीजन का फैशन नहीं होता. पुरानी साड़ी को स्कर्ट में बदलना या परिवार की विरासत में मिली साड़ी को मॉडर्न ब्लाउज के साथ पहनना इसी सोच को आगे बढ़ाता है. यानी कपड़ा पुराना है, लेकिन उसका इस्तेमाल बिल्कुल नया हो सकता है.
गोल्डन Bridal Outfit को महंगा और रॉयल लुक देने वाले 8 कलर कॉम्बिनेशन, आप भी करें ट्राई
रंग भी हुए शांत
इस नए ट्रेंड में बहुत ज्यादा चटख रंगों के बजाय सॉफ्ट और म्यूट शेड्स पसंद किए जा रहे हैं. आइवरी, एंटीक गोल्ड, म्यूटेड रोज, मॉस ग्रीन, कोको और सॉफ्ट मेटैलिक रंग जरी को बहुत खूबसूरत बैकड्रॉप देते हैं. ऐसे रंगों की खासियत ये है कि इन्हें सिर्फ शादी या त्योहार के अलावा भी यूज किया जा सकता है.

क्वाइट लग्जरी में देसी ट्विस्ट
‘क्वाइट लग्जरी’ के दौर में लोग बड़े लोगो और जरूरत से ज्यादा चमक के बजाय कपड़े की क्वालिटी और बारीक डिटेल्स पर ध्यान दे रहे हैं. ऐसे में हाथ से बुनी जरी अपने आप इस ट्रेंड का हिस्सा बन जाती है. सिंपल बॉर्डर वाली हैंडलूम साड़ी, मिनिमल ज्वेलरी और मॉडर्न ब्लाउज विद साड़ी, अब फैशन के लिए इतना ही काफी है. इस तरह का लुक महंगा दिखाने की कोशिश नहीं करता, बल्कि अपनी कारीगरी से खुद अपनी पहचान बनाता है.
पीढ़ियों का फैशन
इस ट्रेंड की सबसे प्यारी बात ये है कि उम्र की सीमाएं भी कम कर रहा है. यंग लड़कियां अब मां या दादी की पुरानी साड़ी को कॉर्सेट, क्रॉप टॉप या कंटेम्परेरी जूलरी के साथ पहन रही हैं. वहीं, पुरानी पीढ़ी अपने पसंदीदा कपड़ों को नए अंदाज में देखकर उनसे फिर जुड़ रही है. असली फैशन है यही है, जो पुरानी चीज को फेंकना नहीं, बल्कि उसे नए तरीके से जीना सिखाता है. जरी की चमक, हैंडलूम की कहानी और मॉडर्न डिजाइन का ये मेल भारतीय फैशन की पुरानी विरासत को आज के दौर में एक नई जिंदगी दे रहा है.
56 लाख की घड़ी और बैग! Kangana Ranaut के पार्लियामेंट लुक ने खींचा फैशन लवर्स का ध्यान
