President Murmu: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स के 72वें समारोह में फिल्म कलाकारों को सम्मानित किया. राष्ट्रपति मुर्मू ने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के पास, एकता नगर (केवड़िया) में सिनेमा की अलग-अलग कैटेगरी में 2024 के लिए 72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स बांटे. इस बार सबसे बड़ा सम्मान कन्नड़ स्टार अनंत नाग के नाम रहा. उन्हें भारतीय सिनेमा में लंबे और शानदार योगदान के लिए दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड से सम्मानित किया गया. वहीं, यामी गौतम, ममूटी और कार्तिक आर्यन ने बेस्ट एक्टर की कैटेगरी में अपनी एक्टिंग का परचम लहराया. इसके साथ ही राष्ट्रपति ने कलाकारों से सेहत के लिए नुकसानदायक चीजों का प्रचार न करने की अपील की.
बच्चों और युवा होते हैं प्रभावित
राष्ट्रपति ने कहा कि युवाओं के दिमाग पर सेलिब्रिटीज की बातों और कामों के असर पर भी जोर दिया. मुर्मू ने कहा, “जब सफल कलाकार अनुशासित जीवनशैली के फायदों के बारे में बात करते हैं, तो लाखों बच्चे और युवा उनकी नकल करते हैं. मैं मशहूर कलाकारों से अपील करती हूं कि वे ऐसे प्रोडक्ट्स का प्रचार न करें जो लोगों की सेहत के लिए नुकसानदायक हों. एक सच्चा स्टार वह है जो अंधेरा नहीं, बल्कि रोशनी फैलाता है.”
किन बॉलीवुड सितारों ने किया नुकसानदायक प्रोडक्ट का प्रचार
कई बॉलीवुड सितारों ने सेहत के लिए नुकसानदायक चीजों का प्रचार किया है और इसके लिए आलोचना भी झेली है. शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ ने ‘विमल इलायची’ का प्रचार किया था, जिसके बाद इन्हें महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) द्वारा नोटिस जारी किया गया था.
अमिताभ बच्चन भी पान मसाला के सरोगेट एंडोर्समेंट को लेकर विवादों में फंस चुके हैं, जिसके बाद उन्होंने अपना कॉन्ट्रैक्ट खत्म करने का ऐलान किया. अक्षय कुमार ने भी एक पान मसाला ब्रांड का प्रचार किया था. ज्यादा आलोचना होने के बाद, उन्होंने माफी मांगी. उन्होंने प्रचार से हटने और अपनी फीस डोनेट करने का फैसला किया. रणवीर सिंह भी पान मसाला ब्रांड के प्रचार में दिखने की वजह से कानूनी विवादों में फंस चुके हैं.
इसके अलावा माधुरी दीक्षित, प्रीति जिंटा और अमिताभ बच्चन को एक समय में नेस्ले मैगी का प्रचार करने की वजह से विवादों का सामना करना पड़ा था, जब उसमें लेड की मात्रा ज्यादा होने की बात सामने आई थी.
महिलाओं की हिस्सेदारी होनी चाहिए
राष्ट्रपति ने नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स के लिए फिल्में चुनने वाली जूरी में महिलाओं की ज्यादा हिस्सेदारी की भी बात कही. उन्होंने कहा, “मैं चाहती हूं कि हर रीजनल जूरी में महिलाओं की हिस्सेदारी पक्की हो.” उन्होंने बताया कि सेरेमनी में कई महिलाओं को अवॉर्ड मिले थे. जूरी में महिलाओं को भी शामिल किया जाना चाहिए. किसी भी फील्ड में महिलाओं के नजरिए को शामिल करने से एक पूरी इंसानी सोच बनाना मुमकिन होता है.” उन्होंने कहा, “मुझे उम्मीद है कि आप इस पर ध्यान दे रहे हैं.”
