National Film Awards: भारतीय सिनेमा के सबसे बड़े सम्मानों में शामिल नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स का 72वां समारोह मंगलवार को गुजरात के एकता नगर में आयोजित हुआ. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने साल 2024 के लिए चुने गए विजेताओं को सम्मानित किया. स्टैचू ऑफ यूनिटी की शानदार मौजूदगी के बीच हुए इस समारोह में भारतीय सिनेमा के दिग्गज कलाकारों और फिल्ममेकरों का जलवा देखने को मिला. इस बार सबसे बड़ा सम्मान कन्नड़ स्टार अनंत नाग के नाम रहा. उन्हें भारतीय सिनेमा में लंबे और शानदार योगदान के लिए दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड से सम्मानित किया गया. वहीं, यामी गौतम, ममूटी और कार्तिक आर्यन ने बेस्ट एक्टर की कैटेगरी में अपनी एक्टिंग का परचम लहराया.
बेस्ट फीचर फिल्म
आदित्य सुहास जांभले के निर्देशन में बनी हिंदी फिल्म ‘आर्टिकल 370’ ने इस बार बाज़ी मारी है. फिल्म को बेस्ट फीचर फिल्म का नेशनल फिल्म अवॉर्ड मिला. खास बात ये रही कि ‘आर्टिकल 370’ ने टोटल तीन नेशनल फिल्म अवॉर्ड अपने नाम किए. फिल्म के लिए यामी गौतम को बेस्ट एक्ट्रेस इन लीडिंग रोल का अवॉर्ड मिला. जबकि शाश्वत सचदेव को फिल्म के म्यूजिक के लिए बेस्ट म्यूज़िक डायरेक्टर का अवॉर्ड मिला.
इन्हें मिला बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड
बेस्ट एक्टर इन लीडिंग रोल की कैटेगरी में इस बार दो स्टार्स ने बाजी मारी. मलयालम सिनेमा के सुपरस्टार ममूटी को ‘ब्रह्मयुगम’ के लिए और कार्तिक आर्यन को ‘चंदू चैंपियन’ के लिए बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड मिला. इसके अलावा रणदीप हुड्डा को ‘स्वातंत्र्य वीर सावरकर’ के लिए बेस्ट डेब्यू डायरेक्टर का अवॉर्ड मिला. वहीं, तमिल फिल्म ‘अमरन’ के लिए राजकुमार पेरियासामी को बेस्ट डायरेक्शन का पुरस्कार दिया गया. ‘अमरन’ ने एडिटिंग और बैकग्राउंड म्यूज़िक जैसी कैटेगरी में भी अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई.
RAW के ‘जेंटलमैन स्पाईमास्टर’ RN Kao की कहानी, जानें कौन हैं जिनपर फिल्म बना रहे हैं करण जौहर
सपोर्टिंग रोल में तगड़ा मुकाबला
तमिल फिल्म ‘महाराजा’ के लिए सचना नामिदास को बेस्ट एक्ट्रेस इन सपोर्टिंग रोल का अवॉर्ड मिला. वहीं, कन्नड फिल्म ‘मित्था’ के लिए रोपाश्री वरकाडी को भी इसी कैटेगरी में सम्मानित किया गया. इसके अलावा बॉलीवुड एक्टर संजय मिश्रा ने ‘भक्षक’ के लिए बेस्ट एक्टर इन सपोर्टिंग रोल का अवॉर्ड अपने नाम किया.
म्यूज़िक में छाए ये लोग
इस बार म्यूज़िक और गानों की कैटेगरी में भी कई पॉपुलर नाम सामने आए. मनोज मुंतशिर को फिल्म ‘मैदान’ के गाने ‘जाने दो’ के लिए बेस्ट लिरिक्स का अवॉर्ड मिला. ‘घरत गणपति’ के लिए अभय जोधपुरकर को बेस्ट मेल प्लेबैक सिंगर औऱ मलयालम फिल्म ‘आर्म’ के गाने ‘अंगु वाना कोनिलु’ के लिए वायकोम विजयलक्ष्मी को बेस्ट फीमेल प्लेबैक सिंगर के अवॉर्ड से सम्मानित किया गया. ‘आर्टिकल 370’ के म्यूजिक के लिए शाश्वत सचदेव को भी अवॉर्ड मिला. इसके अलावा ‘अमरन’ के बैकग्राउंड म्यूज़िक के लिए G V प्रकाश कुमार को पुरस्कार दिया गया.
तमन्ना के गाने ने लूटी महफिल
राजकुमार राव और श्रद्धा कपूर की फिल्म ‘स्त्री 2’ के सुपरहिट गाने ‘आज की रात’ की कोरियोग्राफी के लिए विजय गांगुली को बेस्ट कोरियोग्राफर का अवॉर्ड मिला. गाने की लोकप्रियता को देखते हुए ये अवॉर्ड भी काफी खास रहा. इसके अलावा ‘पुष्पा: द रूल’ को बेस्ट कॉस्ट्यूम डिजाइन का सम्मान मिला और फिल्म के लिए बांडरेड्डी सुकुमार को बेस्ट स्क्रीनप्ले अवॉर्ड दिया गया. इन सबके अलावा बेस्ट नॉन फीचर फिल्म का अवॉर्ड सुमिरा रॉय की ‘भंगार’ को मिला. वहीं, हिंदी में बेस्ट फिल्म क्रिटिक का सम्मान संजीव श्रीवास्तव को दिया गया. यानी देखा जाए तो, 72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड ने भारतीय सिनेमा की अलग-अलग भाषाओं, शैलियों और प्रतिभाओं को एक मंच पर सम्मान दिया. अनन्त नाग का दादा साहेब फाल्के सम्मान से नवाजा जाना और यामी गौतम, ममूटी, कार्तिक आर्यन की जीत इस समारोह की सबसे बड़ी सुर्खियां रहीं.
News Source: PTI
Rahul Gandhi के कार्यक्रम में PM मोदी की मिमिक्री के बाद कॉमेडियन ने कैंसिल किए 3 शो
