Ajay Devgn Drishyam: बॉलीवुड की सबसे पॉपुलर क्राइम थ्रिलर फ्रेंचाइजी में से एक ‘दृश्यम’ अब अपने तीसरे और आखिरी पार्ट की तरफ बढ़ रही है. अजय देवगन ने सोमवार को फिल्म के तीसरे पार्ट के नए नाम का ऐलान कर दिया. अब फिल्म का टाइटल ‘दृश्यम: द कन्क्लूज़न’ होगा. अजय देवगन की ये फिल्म इसी साल 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. इस फ्रेंचाइजी ने हर बार अपने ट्विस्ट और सस्पेंस के साथ दर्शकों को सीट से बांधे रखा है. अब सवाल यही है कि विजय सालगांवकर की कहानी आखिर किस मोड़ पर खत्म होगी.
फिर हद पार करेंगे विजय?
‘दृश्यम’ में अजय देवगन ने विजय सालगांवकर का किरदार निभाया है. विजय एक आम आदमी है, लेकिन परिवार पर मुसीबत आने के बाद वो अपने लोगों को बचाने के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार हो जाता है. यही इस कहानी की सबसे बड़ी ताकत रही है. अजय देवगन ने सोशल मीडिया पर फिल्म का नया पोस्टर शेयर करते हुए लिखा, हर इंसान का नजरिया अलग होता है… मेरे लिए मेरी फैमिली ही सब कुछ है. इसके साथ उन्होंने फिल्म के नए नाम और 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज की जानकारी दी. अब नया पोस्टर सामने आते ही फैंस के बीच फिल्म को लेकर एक्साइटमेंट और बढ़ गई है. आखिर विजय सालगांवकर इस बार कौन-सा दांव खेलने वाला है, ये जानने के लिए फैंस 2 अक्टूबर का बेसब्री से इंतज़ार कर रहे हैं.
पुरानी टीम, नई कहानी
‘दृश्यम: द कन्क्लूज़न’ का निर्देशन अभिषेक पाठक कर रहे हैं. उन्होंने इससे पहले ‘दृश्यम 2’ का निर्देशन भी किया था. फिल्म को स्टार स्टूडियो 18 और पैनोरमा स्टूडियोज़ मिलकर प्रोड्यूस कर रहे हैं. फिल्म में अजय देवगन के साथ तब्बू, श्रिया सरन और रजत कपूर अपने पुराने किरदारों में वापसी कर रहे हैं. वहीं, प्रकाश राज और जयदीप अहलावत भी इस फ्रेंचाइजी का हिस्सा बन रहे हैं.
Govinda के बेटे यशवर्धन आहूजा का बॉलीवुड डेब्यू पक्का, 2027 में आएगी Hero Ki Horrorine
ऐसे शुरू हुई थी कहानी
‘दृश्यम’ की शुरुआत साल 2015 में हुई थी. अजय देवगन की ये फिल्म इसी नाम की 2013 की मलयालम क्राइम थ्रिलर का हिंदी रीमेक थी. ओरिजनल फिल्म में मोहनलाल ने लीड रोल निभाया था. फिल्म की कहानी जीतू जोसेफ ने लिखी और उन्होंने ही फिल्म को निर्देशित भी किया था. वैसे, मलयालम फ्रेंचाइजी का तीसरा पार्ट इस साल मई में रिलीज हो चुका है. फैंस ने फिल्म को काफी पसंद किया. अब हिंदी दर्शकों की नजर अजय देवगन वाली कहानी के अगले चैप्टर पर है. वैसे, ‘दृश्यम’ की कहानी सिर्फ हिंदी और मलयालम में ही नहीं, बल्कि तमिल और तेलुगु समेत 7 अलग-अलग भाषाओं में रीमेक की जा चुकी है. अब 2 अक्टूबर को ‘दृश्यम: द कन्क्लूज़न’ सिनेमाघरों में पहुंचेगी. तब सबसे बड़ा सवाल यही होगा, कि क्या विजय सालगांवकर इस बार भी अपने परिवार को बचाने में कामयाब होगा, या कहानी का सबसे बड़ा राज खुल जाएगा?
Kriti Sanon के राखी विज्ञापन पर जारी है बवाल, अब कंगना रनौत ने भी पूछा ‘परम सुंदरी’ से सवाल!
News Source: PTI
