FDA Notice to SRK: बॉलीवुड के तीन बड़े सितारे शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ एक बार फिर सुर्खियों में हैं. हालांकि, इस बार वजह उनकी फिल्म या कोई नया प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि एक विज्ञापन है. महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन यानी FDA ने तीनों अभिनेताओं को विमल इलायची के विज्ञापन को लेकर शो कॉज नोटिस जारी किया है. FDA का कहना है कि ये विज्ञापन पहली नजर में प्रतिबंधित पान मसाला और तंबाकू से जुड़े उत्पादों के अप्रत्यक्ष या सरोगेट प्रचार जैसा दिखाई देता है. विभाग ने विज्ञापन में इस्तेमाल किए गए “विमल इलायची” नाम को लेकर भी सवाल उठाए हैं.
आखिर विज्ञापन में ऐसा क्या है?
महाराष्ट्र FDA के ग्रेटर मुंबई डिविजन की तरफ से 11 अगस्त को जारी नोटिस में कहा गया है कि विज्ञापन में “विमल इलायची” का इस्तेमाल उपभोक्ताओं के मन में विमल पान मसाला ब्रांड से सीधा जुड़ाव बना सकता है. विभाग के मुताबिक, इससे लोगों को भ्रम हो सकता है. साथ ही उत्पाद का अप्रत्यक्ष प्रचार होने की संभावना है. यानी मामला सिर्फ इलायची बेचने का नहीं, बल्कि उस ब्रांड पहचान का है जिसके साथ पान मसाला पहले से जुड़ा हुआ है. FDA ने इसी वजह से विज्ञापन को लेकर गंभीर आपत्ति जताई है.
तीनों एक्टर्स से क्या कहा गया?
FDA ने शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को विज्ञापन में अपनी भागीदारी और एंडोर्समेंट तुरंत बंद करने को कहा है. साथ ही, उनके आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स, वेबसाइट्स और उनके नियंत्रण वाले दूसरे डिजिटल प्लेटफॉर्म से प्रचार सामग्री हटाने का निर्देश दिया गया है. नोटिस में ये भी कहा गया है कि अभिनेता आगे इस विज्ञापन के प्रसारण, प्रकाशन या प्रचार में किसी तरह का सहयोग न दें. इसके अलावा तीनों से ये जानकारी भी मांगी गई है कि विज्ञापन में शामिल होने से पहले उन्होंने या उनकी एजेंसियों ने किस तरह की जांच पड़ताल यानी ड्यू डिलिजेंस की थी.
बॉलीवुड की 10 Revolutionary फिल्में, जिन्होंने बदल दिया सिनेमा का चेहरा; कितनी देख चुके हैं आप?
FDA ने मांगे कई दस्तावेज
मामला सिर्फ जवाब देने तक सीमित नहीं है. FDA ने अभिनेताओं से एंडोर्समेंट एग्रीमेंट, कैंपेन ब्रीफ, प्रोडक्ट की जानकारी, भुगतान से जुड़े दस्तावेज और विज्ञापन एजेंसी व ब्रांड मालिक का विवरण भी मांगा है. अभिनेताओं से ये साबित करने को भी कहा गया है कि विमल इलायची वास्तव में बाजार में स्वतंत्र रूप से बिकने वाला उत्पाद है या फिर यह विमल पान मसाला और तंबाकू से जुड़े उत्पादों के प्रचार के लिए इस्तेमाल की जा रही ब्रांड एक्सटेंशन रणनीति है. विज्ञापन किन टीवी चैनलों, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और अन्य माध्यमों पर चला और कितने समय तक प्रसारित हुआ, इसकी जानकारी भी मांगी गई है.
15 दिन में देना होगा जवाब
नोटिस मिलने की तारीख से 15 दिनों के भीतर तीनों अभिनेताओं को लिखित जवाब और जरूरी दस्तावेज जमा करने होंगे. वो व्यक्तिगत सुनवाई का अनुरोध भी कर सकते हैं. इसके अलावा अपने अधिकृत प्रतिनिधि के जरिए सुनवाई में शामिल हो सकते हैं. FDA ने साफ चेतावनी दी है कि अगर तय समय में जवाब नहीं मिला या जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया, तो बिना किसी अतिरिक्त नोटिस के आगे की कार्रवाई की जा सकती है.
पहले से लागू है प्रतिबंध
ये कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब महाराष्ट्र में प्रतिबंधित तंबाकू, निकोटीन और सुपारी आधारित कुछ उत्पादों को लेकर सख्त नियम लागू हैं. FDA ने बताया कि राज्य में प्रतिबंधित पान मसाला उत्पादों के निर्माण, भंडारण, परिवहन, वितरण और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है. विभाग ने इस नोटिस की प्रतियां FSSAI और केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण यानी CCPA को भी जानकारी और उचित कार्रवाई के लिए भेजी हैं. यानी अब सबकी नजर इस बात पर है कि शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ FDA के नोटिस का क्या जवाब देते हैं.
News Source: PTI
