Urvashi Rautela: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI ने दुनिया को बदलने की रफ्तार तेज कर दी है. कुछ सेकंड में फोटो, वीडियो और आवाज तैयार हो जाती है. लेकिन जब यही टेक्नोलॉजी किसी सेलिब्रिटी की पहचान और कंटेंट का बिना परमिशन इस्तेमाल करने लगे, तो मामला सीधे कानूनी पचड़े तक पहुंच सकता है. अब ऐसा ही मामला बॉलीवुड एक्ट्रेस उर्वशी रौतेला से जुड़ा सामने आया है. दरअसल, उर्वशी रौतेला की टीम ने लॉस एंजिल्स की एक AI कंपनी पर उनकी पहचान और कंटेंट का बिना परमिशन इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है. टीम के मुताबिक, कंपनी ने उर्वशी के नाम, तस्वीरों और वीडियो का इस्तेमाल किया. अब इस मामले में कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है.
बड़े हर्जाने की तैयारी
सबसे ज्यादा चर्चा उस रकम की हो रही है, जिसे हर्जाने के तौर बताया जा रहा है. उर्वशी की टीम के मुताबिक, ये रकम करीब 7,000 करोड़ रुपये तक हो सकती है. हालांकि, अभी कंपनी का नाम सार्वजनिक नहीं किया गया है और मामला कानूनी प्रक्रिया के स्तर पर है. वहीं, उर्वशी की टीम ने एक बयान में कहा कि संबंधित बिजनेस ने एक्ट्रेस के नाम, तस्वीरों और वीडियो का बिना परमिशन इस्तेमाल करके बड़ा पैसा बनाया है. टीम का कहना है कि वो उचित कानूनी रास्ता अपना रही है और इसमें 7,000 करोड़ रुपये के हर्जाने का आकलन भी शामिल है. टीम ने क्लियर मैसेज देते हुए कहा कि AI कंपनी बनाना या अपना ब्रांड तैयार करना पूरी तरह अलग बात है. हालांकि, किसी सेलिब्रिटी के नाम और पहचान को बिजनेस के लिए इस्तेमाल करने से पहले परमिशन जरूरी है.
ऋषिकेश मुखर्जी की 5 फिल्में, जिन्होंने सिनेमा को सिखाया कि आम जिंदगी भी बन सकती है सुपरहिट कहानी
सेलिब्रिटी की पहचान का सवाल
उर्वशी का मामला ऐसे टाइम सामने आया है जब एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में डीपफेक, AI आवाज और फेक वीडियो को लेकर चिंता लगातार बढ़ रही है. आज किसी की आवाज की नकल करना या उसके चेहरे को किसी वीडियो में इस्तेमाल करना पहले के मुकाबले काफी आसान हो गया है. यही वजह है कि सेलिब्रिटीज की डिजिटल पहचान की सिक्योरिटी बड़ा मुद्दा बनती जा रही है. किसी कलाकार की तस्वीर, आवाज या वीडियो का इस्तेमाल अगर उसकी परमिशन के बिना बिजनेस के लिए किया जाता है, तो इससे जुड़े कानूनी और नैतिक सवाल खड़े होते हैं.
सलमान भी जता चुके हैं चिंता
AI के गलत इस्तेमाल पर बॉलीवुड स्टार सलमान खान भी चिंता जाहिर कर चुके हैं. ‘बिग बॉस 20’ के एक एपिसोड में उन्होंने बताया था कि AI के जरिए किसी की आवाज को बदलकर कंटेंट तैयार किया जा सकता है. सलमान ने ये भी बताया कि AI वीडियो में उनका चेहरा और आवाज भी इस्तेमाल किए जा रहे हैं. उनके मुताबिक, तेजी से बढ़ती टेक्नोलॉजी को देखते हुए ये एक सीरियस बात है. अब उर्वशी रौतेला से जुड़ा मामला एक बार फिर यही सवाल सामने ला रहा है कि, AI की दुनिया में किसी इंसान की पहचान आखिर कितनी सेफ है. तकनीक जितनी तेजी से आगे बढ़ रही है, उतनी ही तेजी से उसके इस्तेमाल के नियम और सीमाएं तय करना भी जरूरी होता जा रहा है.
जब Mehmood ने Rajiv Gandhi को समझ लिया था फिल्मी हीरो, तुरंत निकाल लिए थे 5 हजार रुपये
