The Great Wall of India: राजस्थान की धरती पर किले तो कई हैं, लेकिन एक किला ऐसा भी है जिसकी दीवारें देखकर पहली नजर में सवाल उठता है कि, आखिर सदियों पहले इतनी विशाल दीवार बनाई कैसे गई होगी? अरावली की ऊबड़-खाबड़ पहाड़ियों के बीच मौजूद कुंभलगढ़ किला अपनी भव्यता, मजबूती और रहस्यमयी कहानियों के लिए आज भी लोगों का ध्यान खींचता है. किली की सबसे बड़ी खासियत है इसकी विशाल सुरक्षा दीवार, जो करीब 36 किलोमीटर तक पहाड़ियों के साथ-साथ चलती है. इसी वजह से कुंभलगढ़ को अक्सर ‘द ग्रेट वॉल ऑफ इंडिया’ यानी भारत की महान दीवार कहा जाता है. लेकिन कुंभलगढ़ की असली कहानी सिर्फ इसकी लंबी दीवार नहीं है. पहाड़ी पर बना ये किला, विशाल दरवाजे, मंदिर, महल, गुप्त रास्तें और इससे जुड़ी ऐतिहासिक घटनाएं इसे रहस्य और रोमांच से भर देती हैं.

36 किलोमीटर लंबी दीवार
कल्पना कीजिए कि आप अरावली की पहाड़ियों में खड़े हैं और आपके सामने पत्थरों से बनी एक विशाल दीवार दूर तक जाती दिखाई देती है. कहीं ये ऊपर चढ़ती है, कहीं नीचे उतरती है और कहीं पहाड़ी के मोड़ के साथ मुड़ जाती है. यही कुंभलगढ़ की सबसे खास पहचान है. कुंभलगढ़ की विशाल दीवार लगभग 36 किलोमीटर लंबी बताई जाती है. राजस्थान टूरिज्म के मुताबिक, इसके कुछ हिस्से इतने चौड़े हैं कि उन पर आठ घोड़े एक साथ अगल-बगल चल सकते थे. यही बात इसे नॉर्मल किले की दीवारों से अलग बनाती है. वहीं, यूनेस्को के अनुसार भी किले और उसकी सुरक्षा व्यवस्था को आसपास के प्राकृतिक भूगोल के हिसाब से तैयार किया गया था. यानी इसे बनाने वालों ने पहाड़ को काटकर सिर्फ एक सीधी दीवार खड़ी नहीं की, बल्कि दीवार को पहाड़ियों की प्राकृतिक बनावट के साथ आगे बढ़ाया.
कुंभलगढ़ का रहस्य
यहीं से कुंभलगढ़ का पहला बड़ा रहस्य सामने आता है कि, सैकड़ों साल पहले बिना आधुनिक मशीनों के इतने कठिन पहाड़ी इलाके में कैसे बनाया गया होगा? इसका जवाब इतिहास हमें निर्माण तकनीक और उस समय के लेबर सिस्टम में मिलता है. हालांकि, आज जब कोई इस दीवार के लंबे हिस्से को देखता है तो हैरान होना बनता है. कुंभलगढ़ को देखकर लगता है जैसे ये किला पहाड़ के अंदर से निकला हो. करीब 1,100 मीटर की ऊंचाई पर बना ये किला अरावली की प्राकृतिक ऊंचाइयों का फायदा उठाता है. चारों तरफ पहाड़ और नीचे मुश्किल रास्ते. यानी किसी बाहरी सेना के लिए यहां तक पहुंचना ही अपने आप में बड़ा चैलेंज रहा होगा. आज हम किसी जगह की सुरक्षा के लिए कैमरे, सेंसर और आधुनिक तकनीक की बात करते हैं. लेकिन उस दौर में पहाड़ ही कुंभलगढ़ की पहली सुरक्षा दीवार थे. दूर से आने वाला दुश्मन आसानी से दिखाई दे सकता था. ऊंचाई पर बने इस किले तक पहुंचने के लिए उसे घुमावदार पहाड़ी रास्तों से गुजरना पड़ता था. इसके बाद सामने आती थीं विशाल दीवारें और मजबूत दरवाजे.

भारत की ये 5 झीलें नहीं देखीं तो क्या देखा! खूबसूरती ऐसी कि तस्वीरें देखते ही घूमने का मन करेगा
सात दरवाजे और हर मोड़ पर सुरक्षा
कुंभलगढ़ सिर्फ एक दीवार से सुरक्षित नहीं था. किले में प्रवेश के लिए 7 बड़े दरवाजे बताए जाते हैं. ये दरवाजे सिर्फ एंट्री के रास्ते नहीं थे, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था का अहम हिस्सा थे. कल्पना कीजिए कि कोई सेना किले पर हमला करने पहुंची हो. उसे पहले पहाड़ी रास्तों से गुजरना पड़े, फिर बाहरी सुरक्षा को पार करना पड़े और उसके बाद एक के बाद एक 7 दरवाजों का सामना करना पड़े. इस तरह की संरचना का उद्देश्य हमलावरों को थकाना और धीमा करना और अपने सैनिकों को तैयारी का ज्यादा समय देना था. यही वजह है कि कुंभलगढ़ को लंबे समय तक भारत के सबसे मुश्किल किलों में गिना जाता रहा. लेकिन यहां एक दिलचस्प सवाल भी पैदा होता है कि, इतने बड़े किले के अंदर आखिर लोग रहते कैसे थे? इसका जवाब किले के अंदर मौजूद विशाल परिसर में मिलता है.
अंदर थी एक पूरी दुनिया
कुंभलगढ़ को सिर्फ युद्ध के समय इस्तेमाल होने वाला ठिकाना समझना गलत होगा. इसके अंदर महल, मंदिर, अस्तबल और कई दूसरी संरचनाएं मौजूद थीं. यानी जरूरत पड़ने पर बड़ी संख्या में लोग लंबे समय तक यहां रह सकते थे. ये व्यवस्था भी किले की रणनीति का हिस्सा थी. अगर किसी बाहरी सेना ने आसपास के इलाके पर कब्जा कर लिया, तो किले के अंदर मौजूद लोग तुरंत बाहर निकलकर मदद नहीं मांग सकते थे. ऐसे में पानी, खाना, रहने की जगह और धार्मिक स्थलों जैसी सुविधाओं का किले के अंदर होना बहुत जरूरी था. आज जब टूरिस्ट इसके परिसर में घूमते हैं, तो उन्हें अलग-अलग हिस्सों में इतिहास की कई परतें दिखाई देती हैं. एक तरफ राजसी वास्तुकला है, दूसरी तरफ धार्मिक संरचनाएं और फिर विशाल दीवारें. यही मिश्रण कुंभलगढ़ को बाकी किलों से अलग बनाता है.

चाय के बागानों से जंगल सफारी तक, East India की इन 10 जगहों पर आएगा घूमने का असली और पूरा मजा
कहानी का अहम हिस्सा
कुंभलगढ़ के निर्माण से जुड़ी एक खास बात इसके वास्तुकार को लेकर है. इस किले के डिजाइन का श्रेय मंडन को दिया जाता है, जो राणा कुंभा के दरबार से जुड़े थे. यूनेस्को के अनुसार राजस्थान के कई पहाड़ी किलों की तुलना में कुंभलगढ़ के वास्तुकार के बारे में जानकारी उपलब्ध है. ये बात इसलिए खास है क्योंकि किसी विशाल ऐतिहासिक इमारत को देखकर अक्सर लोग उसके राजा का नाम तो जानते हैं, लेकिन उसे डिजाइन करने वाले इंसान का नाम इतिहास में पीछे छूट जाता है. कुंभलगढ़ में ऐसा नहीं है. मंडन का नाम इस किले की वास्तुकला की कहानी से जुड़ा हुआ है. हालांकि, उस समय के निर्माण की पूरी प्रक्रिया अब मौजूद नहीं है.
कभी नहीं जीता जा सका कुंभलगढ़?
कुंभलगढ़ को लेकर एक बात ये भी रही कि इसे जीतना लगभग असंभव था. लेकिन ये कहना कि, कुंभलगढ़ कभी जीता नहीं गया, गलत होगा. ऐतिहासिक रिकॉर्ड के अनुसार 1578 में अकबर के एक सेनापति ने किले पर कुछ समय के लिए कब्जा कर लिया था. राजस्थान टूरिज्म के मुताबिक, उस समय किले के रक्षकों के सामने पीने के पानी की कमी बड़ी समस्या बन गई थी. यहीं कुंभलगढ़ की कहानी का एक और दिलचस्प पहलू सामने आता है. इतनी विशाल दीवारें, इतनी ऊंची पहाड़ियां और इतनी मजबूत सुरक्षा के बावजूद आखिरकार समस्या पानी की बनी.

सबसे बड़ा रहस्य
आज भी पहली बार कुंभलगढ़ देखने वाले इंसान के मन में सबसे बड़ा सवाल यही आता है कि, 36 किलोमीटर की दीवार की जरूरत क्यों पड़ी? इसका सीधा जवाब इसकी भौगोलिक और सैन्य स्थिति में छिपा है. किला सिर्फ एक छोटे क्षेत्र को घेरकर नहीं बनाया गया था. इसकी सुरक्षा व्यवस्था आसपास के पहाड़ी इलाके के साथ जुड़ी हुई थी. दीवारें प्राकृतिक ढलानों और पहाड़ियों के साथ चलती हैं. इसलिए ये सिर्फ एक सीमा रेखा नहीं थी, बल्कि पूरे पहाड़ी क्षेत्र को सुरक्षा देने वाली व्यवस्था का हिस्सा थी. यानी कुंभलगढ़ की दीवार को समझने के लिए सिर्फ एक पत्थर की दीवार को देखना काफी नहीं है. इसे पहाड़, रास्ते, दरवाजे और किले की बाकी संरचनाओं के साथ मिलाकर देखना पड़ता है.
छिपे हुए रास्तों का रहस्य
कुंभलगढ़ को लेकर समय के साथ कई तरह की कहानियां भी लोकप्रिय हुई हैं. पुराने किलों के साथ अक्सर अंडरग्राउंड और आपातकालीन रास्तों की कहानियां जुड़ी रहती हैं. कुंभलगढ़ भी इससे अलग नहीं है. हालांकि हर कहानी को ऐतिहासिक तथ्य मान लेना ठीक नहीं होगा. वैसे, दिन के समय कुंभलगढ़ की दीवारें विशाल और भव्य दिखाई देती हैं. लेकिन ज़रा सोचें कि सदियों पहले यही पहाड़ रात के अंधेरे में कैसा दिखाई देता होगा? चारों तरफ अरावली की पहाड़ियां, ऊंचाई पर स्थित किला, लंबे पत्थर के रास्ते और दूर तक फैली दीवारें. उस समय न बिजली थी, न संचार व्यवस्था और न ही आज जैसे रास्ते. ऐसे में किले के अंदर रहने वाले लोगों के लिए आसपास की हर हलचल बड़ी रही होगी. किसी अजनबी की आवाज, दूर दिखाई देती मशाल या पहाड़ी रास्ते पर होने वाली हलचल भी बड़ी बात होती होगी.

महाराणा प्रताप से जुड़ा किला
कुंभलगढ़ का ऐतिहासिक महत्व इसलिए भी बढ़ जाता है क्योंकि इसे मेवाड़ के इतिहास और महाराणा प्रताप से जोड़ा जाता है. इसी वजह से कुंभलगढ़ सिर्फ एक टूरिस्ट प्लेस नहीं है, बल्कि राजस्थान के इतिहास की एक अहम कड़ी भी है. वहीं, कुंभलगढ़ आज यूनेस्को के ‘हिल फोर्ट्स ऑफ राजस्थान’ का हिस्सा है. किले की सबसे बड़ी खूबी ये है कि यहां प्रकृति और वास्तुकला अलग-अलग नहीं दिखाई देतीं. पहाड़ों की ढलान, पत्थरों की दीवारें, घुमावदार रास्ते और ऊंचाई, सब एक ही डिजाइन का हिस्सा लगते हैं. यही वजह है कि सदियों बाद भी इसकी वास्तुकला लोगों को आकर्षित करती है. इसके अलावा शायद कुंभलगढ़ का सबसे बड़ा रहस्य कोई छिपा खजाना, रहस्यमयी सुरंग या भूतिया कहानी नहीं है. असली रहस्य ये है कि उस दौर के लोगों ने पहाड़ों की प्राकृतिक ताकत को समझकर उसे वास्तुकला के साथ कैसे जोड़ दिया. कुंभलगढ़ की दीवारें आज भी अरावली के पहाड़ों पर खड़ी हैं. समय बदल गया, युद्ध की तकनीक बदल गई और राजाओं के साम्राज्य इतिहास की किताबों में चले गए, लेकिन ये किला अब भी वहीं है. फिर जब आप इसकी दीवार पर खड़े होकर दूर तक फैली अरावली की पहाड़ियों को देखते हैं, तो एक सवाल अपने आप मन में आता है कि, जिस जगह को सदियों पहले इतना सुरक्षित बनाने की जरूरत पड़ी थी, वहां रहने वाले लोगों ने उस समय इस किले को किस नजर से देखा होगा? कुंभलगढ़ इसका पूरा जवाब शायद कभी न दे. लेकिन यही अधूरी कहानी इसे राजस्थान के सबसे दिलचस्प और रहस्यमयी किलों में शामिल करती है.
भारत की 7 खूबसूरत जगहें, जहां जाना है बिल्कुल मना; इनमें से कितनों के बारे में जानते हैं आप?
