Beautiful Lakes in India: भारत में घूमने के लिए पहाड़, समुद्र, जंगल और ऐतिहासिक जगहों की कोई कमी नहीं है. लेकिन अगर आपको शांत पानी, पहाड़ों का शानदार नजारा और प्रकृति के बीच कुछ सुकून भरे पल पसंद हैं, तो देश की खूबसूरत झीलें आपकी ट्रैवल लिस्ट में जरूर होनी चाहिए. इन झीलों की खासियत सिर्फ साफ पानी नहीं, बल्कि इनके आसपास का माहौल है. ऐसे में आज हम आपके लिए भारत की उन 5 खूबसूरत झीलों की लिस्ट लाए हैं, जहां पहुंचकर आपका मन सुकून से भर जाएगा.
डल झील, कश्मीर
कश्मीर की डल झील का नाम भारत की सबसे खूबसूरत झीलों में लिया जाता है. चारों तरफ पहाड़, पानी पर तैरते शिकारे और सुबह शाम का शानदार नजारा इसे खास बनाता है. यहां शिकारा राइड करना अपने आप में एक यादगार अनुभव है. झील पर तैरते हाउसबोट और आसपास की हरियाली देखकर ऐसा लगता है जैसे किसी फिल्म के सीन में पहुंच गए हों.

चिलिका झील, ओडिशा
अगर आपको प्रकृति और पक्षियों से प्यार है, तो ओडिशा की चिलिका झील शानदार जगह है. ये भारत की खारे पानी की लैगून झीलों में शामिल है. सर्दियों के मौसम में यहां बहुत से प्रवासी पक्षी पहुंचते हैं. नाव की सवारी करते हुए पानी और दूर तक फैले प्राकृतिक नजारे देखने का अनुभव बहुत सुकून देने वाला होता है.
पैंगोंग त्सो, लद्दाख
पैंगोंग त्सो का नाम सुनते ही आंखों के सामने नीले पानी और ऊंचे पहाड़ों का नजारा आ जाता है. लद्दाख की ये झील अपनी बदलती नीली छटाओं के लिए मशहूर है. साफ आसमान, बर्फीली चोटियां और झील का शांत पानी मिलकर इसकी खूबसूरती में चार चांद लगा देते हैं.

लोकटक झील, मणिपुर
मणिपुर की लोकटक झील अपनी खूबसूरती के लिए जानी जाती है. इसकी सबसे खास बात हैं पानी पर तैरते हुए फुमदी और मिट्टी के तैरते हुए द्वीप. लोकटक झील का प्राकृतिक नजारा वाकई में काफी अलग है. यहां का शांत वातावरण और आसपास की हरियाली प्रकृति प्रेमियों को खूब पसंद आती है.
वुलर झील, जम्मू-कश्मीर
कश्मीर की वुलर झील भी प्राकृतिक सुंदरता के लिए मशहूर है. चारों तरफ पहाड़ों से घिरी ये झील और उसके आस-पास का नज़ारा किसी का भी दिल सकता है. ये जगह उन लोगों को काफी पसंद आएगी जो भीड़भाड़ से दूर प्रकृति के करीब समय बिताना चाहते हैं.
भारत की 10 UNESCO World Heritage Sites, अपनी ट्रेवल लिस्ट में इन्हें करें शामिल
