Hanuman Ansh Box Office: बॉलीवुड में हर साल बड़ी-बड़ी फिल्में रिलीज होती हैं. बड़े स्टार, करोड़ों का बजट, जबरदस्त प्रमोशन और शानदार ओपनिंग, आमतौर पर यही किसी फिल्म की सक्सेस का फॉर्मूला माना जाता है. लेकिन साल 2026 में एक छोटी सी फिल्म ने इस पूरे गणित को ही उलटकर रख दिया है. फिल्म का नाम है ‘हनुमान अंश’, जो बाबा नीम करौली की जिंदगी पर है. सिर्फ 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर 10 लाख रुपये की कमाई की. हालांकि, धीरे-धीरे ऐसी रफ्तार पकड़ी कि अब ये साल की बड़ी सक्सेसफुल फिल्मों में शामिल हो गई है. ‘हनुमान अंश’ की शुरुआत इतनी सिंपल थी कि रिलीज के बाद शायद ही किसी ने सोचा होगा कि ये फिल्म आने वाले हफ्तों में बड़े बजट की फिल्मों को भी पीछे छोड़ देगी. फिल्म 7 अगस्त को सिनेमाघरों में आई थी. शुरुआत में इसे लिमिटेड स्क्रीन्स मिलीं, लेकिन दर्शकों के बीच चर्चा बढ़ी तो शो भी बढ़ते चले गए. यही वो जगह है जहां फिल्म ने बॉक्स ऑफिस का पूरा खेल बदल दिया.
कहानी ने लिया यू-टर्न
‘हनुमान अंश’ की बॉक्स ऑफिस कहानी किसी फिल्मी फेयरीटेल से कम नहीं है. रिलीज के पहले दिन फिल्म ने करीब 10 लाख रुपये कमाए. पहले हफ्ते का कुल कलेक्शन लगभग 1.08 करोड़ रुपये रहा. दूसरे हफ्ते में कमाई और गिर गई. ऐसे में ट्रेड के लिहाज से यह माना जाने लगा कि फिल्म जल्द ही सिनेमाघरों से बाहर हो सकती है. लेकिन तीसरे हफ्ते में अचानक दर्शकों की संख्या बढ़ने लगी. यानी जिस फिल्म को हटाने की तैयारी होने वाली थी, वही तीसरे हफ्ते में रफ्तार पकड़ने लगी. चौथे और पांचवें हफ्ते तक तो हालात ऐसे हो गए कि ‘हनुमान अंश’ बॉक्स ऑफिस पर एक बड़ी फिल्म की तरह परफॉर्म करने लगी. ट्रेड एक्सपर्ट्स के लिए भी ये किसी चमत्कार से कम नहीं है. पीवीआर आईनॉक्स के चीफ बिजनेस प्लानिंग एंड स्ट्रैटेजी कमल ज्ञानचंदानी ने इस परफॉर्मेंस को बहुत असामान्य बताया. उनके मुताबिक, ऐसी फिल्म का तीसरे हफ्ते में अचानक उठना और चौथे-पांचवें हफ्ते में ब्लॉकबस्टर बनना आम बात नहीं है.
भारत से पहले Ramayana की ऑस्ट्रेलिया में होगी एंट्री, बदल गई रणबीर कपूर की फिल्म की रिलीज डेट
हजारों स्क्रीन्स तक पहुंची फिल्म
फिल्म की सफलता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शुरुआत में इसे बहुत कम स्क्रीन्स पर रिलीज किया गया था. लेकिन जैसे-जैसे दर्शकों का भरोसा बढ़ा, थिएटर मालिकों ने भी फिल्म को ज्यादा स्क्रीन और शो देना शुरू कर दिया. ताजा ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म भारत में 100 करोड़ रुपये के नेट कलेक्शन का आंकड़ा पार कर चुकी है. इसका इंडिया ग्रॉस कलेक्शन 150 करोड़ रुपये से ऊपर पहुंच गया था.
बिना स्टार के दिखाया दम
आजकल फिल्मों की मार्केटिंग में स्टार पावर का बड़ा हाथ होता है. लेकिन ‘हनुमान अंश’ के पास न कोई बड़ा बॉलीवुड स्टार था और न ही रिलीज से पहले करोड़ों रुपये का ग्लैमरस प्रमोशन कैंपेन. फिल्म में शोभिनव सत्या ने लीड रोल निभाया है. इसके बावजूद दर्शकों ने कहानी को पसंद किया. यही इस फिल्म की सबसे बड़ी खासियत है. यानी ‘हनुमान अंश’ ने साबित किया कि आज की ऑडियन्स सिर्फ बड़े पोस्टर और बड़े स्टार्स से इम्प्रेस नहीं होते. अगर कहानी उन्हें छू जाए, तो वो छोटी फिल्म को भी बड़ी सफलता दे सकते हैं.
भारत में लौट रहा है भक्ति सिनेमा
‘हनुमान अंश’ की सफलता ने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि, क्या भारतीय दर्शकों के बीच भक्ति और आध्यात्मिक फिल्मों का दौर फिर मजबूत हो रहा है?इसका जवाब पूरी तरह सीधा नहीं है, लेकिन इतिहास बताता है कि भारतीय सिनेमा में धार्मिक और पौराणिक फिल्मों की मजबूत परंपरा रही है. ‘राजा हरिश्चंद्र’ से लेकर ‘राम राज्य’, ‘जय संतोषी मां’ और ‘शिर्डी के साईं बाबा’ तक कई फिल्मों ने दर्शकों को प्रभावित किया. 1975 में आई ‘जय संतोषी मां’ तो उस दौर में ऐसी सफलता लेकर आई थी जिसकी चर्चा आज भी होती है. ये ‘शोले’ जैसी बड़ी फिल्म के साथ रिलीज होने के बावजूद जबरदस्त हिट रही थी. हाल के सालों में भी ‘कांतारा’ और ‘महावतार नरसिम्हा’ जैसी फिल्मों ने भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक विषयों से जुड़े कंटेंट को लोगों के सामने पेश किया है. ‘महावतार नरसिम्हा’ ने भी दुनियाभर में 300 करोड़ रुपये से ज्यादा का बिजनेस किया था.
जुड़ाव है असली वजह
फिल्म इंडस्ट्री के जानकारों की राय में इन फिल्मों की सफलता को सिर्फ ‘मिथोलॉजी ट्रेंड’ कहना सही नहीं होगा. असली बात है कहानी का दर्शकों की भावनाओं और संस्कृति से जुड़ना. इसके अलावा ‘हनुमान अंश’ की सफलता इसलिए भी खास है क्योंकि इसे बड़े रिलीज मुकाबले के बीच अपनी जगह बनानी पड़ी. ‘टॉक्सिक’, ‘अवारापन 2’ और ‘बटवारा 1947’ जैसी फिल्मों के बीच भी इस छोटी फिल्म ने अपनी पकड़ बनाए रखी.
आगे ‘रामायण’ जैसी बड़ी फिल्में
‘हनुमान अंश’ की सफलता ऐसे समय आई है जब भारतीय सिनेमा में बड़े लेवल पर पौराणिक और आध्यात्मिक कहानियां बनाई जा रही हैं. आने वाले समय की सबसे चर्चित फिल्मों में नितेश तिवारी की ‘रामायण’ शामिल है, जिसमें रणबीर कपूर और साई पल्लवी लीड रोल में हैं. फिल्म को बड़े स्टूडियो सपोर्ट और बड़े स्टार कास्ट के साथ बनाया जा रहा है.
News Source: PTI
अक्षय कुमार और सैफ अली खान की Haiwaan ने मचाया तहलका, कहानी में थ्रिल तो एक्टिंग में दिखा दम
