Home लाइफस्टाइल बिना सीमेंट-कंक्रीट के बना Sonam Wangchuk का घर, सर्दियों में रहता है गर्म और पानी के बिना चलता है टॉयलेट सिस्टम

बिना सीमेंट-कंक्रीट के बना Sonam Wangchuk का घर, सर्दियों में रहता है गर्म और पानी के बिना चलता है टॉयलेट सिस्टम

by Preeti Pal 4 August 2026, 6:14 PM IST (Updated 4 August 2026, 6:42 PM IST)
4 August 2026, 6:14 PM IST (Updated 4 August 2026, 6:42 PM IST)
बिना सीमेंट-कंक्रीट के बना सोनम वांगचुक का घर, सर्दियों में रहता है गर्म और पानी के बिना चलता है टॉयलेट सिस्टम

Sonam Wangchuk Home: जब भी सोनम वांगचुक का नाम सामने आता है, तो सबसे पहले शिक्षा सुधार और पर्यावरण संरक्षण की बातें याद आती हैं. लेकिन लद्दाख में बना उनका घर भी किसी मिसाल से कम नहीं है. ये सिर्फ रहने की जगह नहीं, बल्कि टिकाऊ और पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली का शानदार उदाहरण है. हैरानी की बात ये है कि सोनम वांगचुक के इस घर को बनाने में न तो सीमेंट का इस्तेमाल किया गया है और न ही कंक्रीट का. इसके बावजूद उनका घर लद्दाख की कड़ाके की ठंड में भी अंदर से गर्म रहता है. इतना ही नहीं, यहां ऐसा टॉयलेट सिस्टम लगाया गया है, जिसमें पानी की बिल्कुल जरूरत नहीं पड़ती.

मिट्टी से बना घर

आजकल ज्यादातर घर सीमेंट और कंक्रीट से बनाए जाते हैं, लेकिन सोनम वांगचुक ने पारंपरिक तरीके को अपनाया. उनका घर मोटी मिट्टी की दीवारों और स्थानीय सामग्री से तैयार किया गया है. लद्दाख में सदियों से इसी तरह के घर बनाए जाते रहे हैं क्योंकि वहां का मौसम बहुत ज्यादा ठंडा होता है. मोटी मिट्टी की दीवारें प्राकृतिक इंसुलेशन का काम करती हैं. गर्मियों में ये घर को ठंडा रखती हैं, जबकि सर्दियों में अंदर की गर्माहट को लंबे समय तक बनाए रखती हैं. घर की लकड़ी की छत भी तापमान को संतुलित रखने में मदद करती है.

बिना हीटर के गर्माहट

सोनम वांगचुक के इस घर की सबसे बड़ी खासियत इसका पैसिव सोलर हीटिंग सिस्टम है. घर में एक खास तरह की काली दीवार बनाई गई है, जिसके अंदर पानी से भरी बोतलें लगाई गई हैं. दिनभर सूरज की रोशनी इन बोतलों को गर्म करती है. जैसे ही रात होती है, यही बोतलें धीरे-धीरे अपनी गर्मी कमरे में छोड़ती रहती हैं. इस आसान लेकिन बहुत असरदार तकनीक की वजह से घर में अलग से हीटर या लकड़ी जलाने की जरूरत काफी कम पड़ती है.

भारत में बाघों को जंगल में देखना चाहते हैं? इन 6 Tiger Reserve का सफर आपकी ट्रिप बना देगा यादगार

अनोखा डिजाइन

सोनम वांगचुक के घर का इंटीरियर भी काफी खास है. इसमें लद्दाख की पारंपरिक संस्कृति की झलक साफ दिखाई देती है. घर के अंदर नीचे बैठने की व्यवस्था की गई है, जो पहाड़ी इलाकों की पुरानी परंपरा का हिस्सा है. सबसे खास बात इसका ओपन किचन है, जो सीधे डाइनिंग एरिया से जुड़ा हुआ है. इस डिजाइन का मकसद ये है कि खाना बनाने वाला परिवार से अलग महसूस न करे. खाना बनाते समय भी वो सबसे बातचीत कर सके.

बिना पानी वाला टॉयलेट सिस्टम

सोनम वांगचुक के घर की सबसे अनोखी तकनीक इसका वॉटरलेस सैनिटेशन सिस्टम है. सामान्य फ्लश टॉयलेट में हर बार काफी ज्यादा पानी खर्च होता है. वहीं, वांगचुक के घर में ऐसा सिस्टम बनाया गया है जिसमें पानी की जरूरत ही नहीं पड़ती. मानव अपशिष्ट को एक खास प्रक्रिया के जरिए कम्पोस्ट में बदल दिया जाता है. बाद में इसी कम्पोस्ट का इस्तेमाल खेतों में प्राकृतिक खाद की तरह किया जा सकता है. इस तकनीक से एक साथ दो बड़े फायदे होते हैं. पहला पानी की बचत और दूसरा कचरे का सही इस्तेमाल.

अच्छी लाइफस्टाइल की मिसाल

सोनम वांगचुक का ये घर इस बात का सबूत है कि, आरामदायक जिंदगी जीने के लिए हमेशा महंगी तकनीक की जरूरत नहीं होती. लद्दाख जैसे मुश्किल मौसम वाले इलाके में बना ये घर आज दुनिया के लिए प्रेरणा बन चुका है. मिट्टी की दीवारें, सूरज की ऊर्जा से मिलने वाली गर्माहट और पानी बचाने वाला टॉयलेट सिस्टम इसे सिर्फ एक मकान नहीं, बल्कि फ्यूचर के लिए बेहतरीन मॉडल बनाते हैं.

खुलने को तैयार ऋषिकेश का Bajrang Setu, अब गंगा के ऊपर कांच पर चलेंगे लोग; जानें टिकट, टाइमिंग और खासियत

You may also like

LT logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?