Mohanlal Visa Issue: मलयालम सिनेमा के सुपरस्टार मोहनलाल के फैंस के लिए ऑस्ट्रेलिया से एक निराश करने वाली खबर सामने आई है. दरअसल, सिडनी में होने वाला उनका स्टेज शो वीजा से जुड़ी समस्या की वजह से कैंसिल हो गया है. मोहनलाल को समय पर वीजा नहीं मिल सका, जिसकी वजह से अब वो सिडनी नहीं जा पाएंगे. शो में शामिल होने के लिए कई कलाकार और उनकी टीम पहले ही सिडनी पहुंच चुकी थी. लेकिन मोहनलाल के बिना कार्यक्रम को आगे बढ़ाना संभव नहीं हो सका. इसके बाद शो को रद्द करने का फैसला लिया गया. इस घटना पर सुपरस्टार ने खुद सामने आकर आयोजकों और शो में शामिल होने वाले लोगों से माफी मांगी है.
छलका मोहनलाल का दर्द
सिंगापुर से रिकॉर्ड किए गए एक वीडियो मैसेज में मोहनलाल ने अपनी निराशा जाहिर की. उन्होंने कहा कि उनके पास इस स्थिति को व्यक्त करने के लिए शब्द भी नहीं हैं. करीब पांच दशक से फिल्म इंडस्ट्री में काम कर रहे मोहनलाल ने बताया कि उन्होंने अपने लंबे करियर में भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया के कई देशों में स्टेज शो किए हैं. इस साल भी उन्होंने अमेरिका, जर्मनी, ब्रिटेन और आयरलैंड में कार्यक्रमों में हिस्सा लिया था. ऐसे में सिडनी का शो उनके लिए खास था और उसे लेकर पूरी टीम ने काफी तैयारी की थी.
पहली बार आई ऐसी परेशानी
मोहनलाल ने बताया कि अपने लंबे करियर में ये पहली बार है जब उन्हें किसी शो के लिए वीजा नहीं मिला. उन्होंने ये भी कहा कि वो इस मामले में किसी को दोष नहीं देना चाहते. एक्टर के मुताबिक, ये तकनीकी या क्लेरिकल गलती हो सकती है. उन्होंने किसी तरह की अटकल लगाने के बजाय मामले की बारीकियों पर बात नहीं करने का फैसला किया. उन्होंने इस पूरी स्थिति की जिम्मेदारी खुद लेते हुए कहा कि वो इसके लिए खुद को जिम्मेदार मानते हैं और इसके लिए बहुत दुखी हैं.
Kangana Ranaut की Bharat Bhhagya Viddhaata अब OTT पर, 26/11 के नायकों की कहानी देखें घर बैठे
आयोजकों ने की पूरी कोशिश
मोहनलाल ने बताया कि सिडनी में शो को सफल बनाने के लिए आयोजकों और उनकी टीम ने हर संभव प्रयास किया था. कायल इवेंट्स से जुड़े विमल और उनकी टीम ने कार्यक्रम को आयोजित करने के लिए काफी मेहनत की थी. उन्होंने कहा कि टीम के बाकी सदस्य सिडनी में मौजूद थे. सभी ने अपनी तरफ से हर संभव कोशिश की, लेकिन वीजा न मिलने की वजह से वो खुद वहां नहीं पहुंच सके.
फैंस से मांगी माफी
मोहनलाल की सबसे बड़ी चिंता उन दर्शकों को लेकर थी, जो उनका शो देखने के लिए दूर-दूर से सिडनी पहुंचे थे. एक्टर ने उन सभी लोगों से दिल से माफी मांगी और कहा कि उन्हें इस बात का बहुत अफसोस है कि दर्शकों को निराश होकर लौटना पड़ा. हालांकि, सिडनी का शो रद्द हो गया, लेकिन मोहनलाल ने अपने फैंस को निराश नहीं होने दिया. उन्होंने वादा किया कि वो उसी टीम के साथ दोबारा सिडनी आएंगे और एक शानदार शो करेंगे. उन्होंने दर्शकों से दोबारा मिलने की उम्मीद जताते हुए कहा कि वो जल्द ही इस शो को पूरा करने की कोशिश करेंगे.
News Source: PTI
