Balcony Decor Items: घर की बालकनी अक्सर ऐसी जगह बन जाती है, जहां गमलों से लेकर पुराने डिब्बे और बेकार सामान तक सब कुछ पहुंच जाता है. लेकिन जरा सोचिए, अगर इसी बालकनी में सुबह की चाय, शाम की ठंडी हवा और खूबसूरत बैठक का इंतजाम हो जाए तो कैसा लगेगा? अच्छी बात ये है कि इसके लिए बड़े बजट या बड़ी जगह की जरूरत नहीं है. कुछ स्मार्ट डेकोर आइटम आपकी बालकनी को एक खूबसूरत और कंफर्टेबल आउटडोर कॉर्नर में बदल सकते हैं.
चेयर या छोटा सोफा
बालकनी मेकओवर की शुरुआत बैठने की जगह से करें. जगह छोटी है तो फोल्डिंग चेयर, कॉम्पैक्ट बेंच या दो लोगों के बैठने वाला छोटा सोफा अच्छा ऑप्शन है. इसके साथ कुछ मुलायम कुशन लगा दें. इससे बालकनी खूबसूरत भी दिखेगी. वहीं, अगर जगह बहुत कम है, तो ऐसा फर्नीचर लें जिसे जरूरत के हिसाब से हटाया या मोड़ा जा सके. इससे सफाई और बाकी कामों के लिए जगह भी बनी रहेगी.

ग्रीन प्लांट्स
बालकनी और पौधों की दोस्ती तो पुरानी है, लेकिन सही तरीके से लगाए गए पौधे पूरे लुक को बदल सकते हैं. फर्श पर बहुत सारे गमले रखने के बजाय हैंगिंग प्लांटर्स, रेलिंग प्लांटर्स या वर्टिकल शेल्फ का इस्तेमाल करें. इससे जगह भी बचेगी और बालकनी में गार्डन वाली फीलिंग भी आएगी.
धूप नहीं आती? ये 7 पौधे कम रोशनी में भी रहेंगे हरे-भरे, घर की खूबसूरती में भी लगाएंगे चार चांद
वार्म लाइटिंग
दिन में बालकनी कितनी भी खूबसूरत क्यों न लगे, शाम की सही रोशनी उसका पूरा मूड बदल सकती है. रेलिंग या दीवार पर फेयरी लाइट्स, स्ट्रिंग लाइट्स या लालटेन लगाएं. पीली या वार्म व्हाइट रोशनी बालकनी को बहुत सुकून वाली वाइब देती हैं. शाम को चाय, किताब और हल्की रोशनी, इतना ही काफी है घर में छोटा सा कैफे वाला माहौल बनाने के लिए.
कुशन भी करें शामिल
अगर बालकनी में थोड़ी और कोजी फील चाहिए तो एक आउटडोर रग बिछाएं. इसके ऊपर कुशन या छोटा थ्रो रख सकते हैं. रंग घर की बाकी सजावट से मिलता-जुलता रखें. इससे बालकनी अलग जगह नहीं लगेगी. बस ध्यान रखें कि बाहर के लिए ऐसे फैब्रिक चुनें जो धूल और मौसम को आसानी से संभाल सकें.

छोटी टेबल, बड़ा काम
एक छोटी साइड टेबल बालकनी को खूबसूरत बनाने के साथ-साथ काफी काम की भी होती है. सुबह की कॉफी, शाम की चाय, किताब या स्नैक्स रखने के लिए ये कमाल की है. जगह कम हो तो फोल्डिंग या वॉल माउंटेड टेबल भी अच्छा ऑप्शन है. इससे फ्लोर स्पेस बचा रहेगा और बालकनी खुली खुली भी दिखाई देगी.
भारत की ये 5 झीलें नहीं देखीं तो क्या देखा! खूबसूरती ऐसी कि तस्वीरें देखते ही घूमने का मन करेगा
