Wed in India: शादी सिर्फ दो लोगों का मिलन नहीं, बल्कि परिवार, रिश्तेदारों, दोस्तों, सजावट, खाना, संगीत और यादों का ऐसा पैकेज है, जिसे हर कपल जिंदगीभर संभालकर रखना चाहता है. यही वजह है कि पिछले कुछ सालों में डेस्टिनेशन वेडिंग का ट्रेंड तेजी से बढ़ा है. कभी लोग इटली, फ्रांस और स्विट्जरलैंड जैसे विदेशी डेस्टिनेशन का सपना देखते थे, लेकिन अब भारत की खूबसूरत लोकेशंस भी किसी इंटरनेशनल वेडिंग डेस्टिनेशन से कम नहीं लगतीं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए लोगों से ‘वेड इन इंडिया’ यानी भारत में ही शादी करने की अपील की है. उनका कहना है कि जब देश में इतनी खूबसूरत जगहें मौजूद हैं, तो शादी के लिए विदेश जाने की जरूरत क्यों हो?
भारत में आपको एक ही देश के अंदर लगभग हर तरह का वेडिंग एक्सपीरियंस मिल सकता है. कहीं रॉयल महल हैं, कहीं झीलों के बीच लग्जरी रिसॉर्ट, कहीं समुद्र किनारे बीच वेडिंग, कहीं बर्फीले पहाड़ और कहीं सदियों पुराने मंदिर. यानी अगर दूल्हा-दुल्हन की पसंद अलग-अलग है, तो भी भारत में दोनों की पसंद का रास्ता निकाला जा सकता है. ऐसे में इंडियन फिल्म इंडस्ट्री के कई बड़े सितारे पहले ही भारत को अपनी शादी का डेस्टिनेशन बना चुके हैं. इन सेलिब्रिटी शादियों ने लोगों को ये दिखाया कि ड्रीम वेडिंग के लिए विदेश जाना जरूरी नहीं है.

रश्मिका और विजय की रॉयल वेडिंग
फरवरी 2026 में रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा की शादी ने खूब सुर्खियां बटोरीं. दोनों ने अपनी शादी के जश्न के लिए उदयपुर के आईटीसी होटल्स के मोमेंटोस, एकाया को चुना. अरावली की पहाड़ियों के बीच मौजूद ये लग्जरी प्रॉपर्टी उन कपल्स के लिए खास है, जो अपनी शादी में रॉयल माहौल के साथ मॉडर्न लग्जरी भी चाहते हैं. यहां अलग-अलग फंक्शन के लिए कई वेन्यू भी हैं. इसका सबसे बड़ा फायदा ये है कि कपल को हर फंक्शन के लिए अलग जगह ढूंढने की जरूरत नहीं पड़ती. मेहंदी के लिए अलग सेटअप, संगीत के लिए अलग माहौल और रिसेप्शन के लिए अलग वेन्यू, सब एक ही प्रॉपर्टी में मैनेज किया जा सकता है. यानी रश्मिका और विजय की पसंद ने एक बार फिर बता दिया कि उदयपुर सिर्फ घूमने के लिए नहीं, बल्कि शाही शादी के लिए भी एक शानदार जगह है.

भारत की 10 UNESCO World Heritage Sites, अपनी ट्रेवल लिस्ट में इन्हें करें शामिल
नूपुर और स्टेबिन ने झील के बीच किया रोमांस
कृति सेनन की बहन नूपुर सेनन और सिंगर स्टेबिन बेन ने जनवरी 2026 में शादी की. दोनों की शादी के फंक्शन 3 दिन तक चले. उन्होंने शादी का जश्न उदयपुर के रैफल्स उदयपुर में मनाया. अब इस जगह की खासियत सुनिए. ये उदय सागर झील में मौजूद करीब 21 एकड़ के प्राइवेट आइलैंड पर बना है. यानी शादी में आने वाले मेहमान सिर्फ कार से होटल नहीं पहुंचते, बल्कि नाव से आइलैंड तक पहुंचने का एक्सपीरियंस भी लेते हैं. प्रॉपर्टी में 137 कमरे और सुइट्स हैं. इसके अलावा बड़े लॉन्स और लगभग 9,000 वर्ग फुट का ग्रैंड बॉलरूम भी है. साथ ही रस्मों के लिए यहां गार्डन टेंपल भी है. सोचिए, शादी की सुबह झील का नजारा, शाम को संगीत और रात में रोशनी से सजा पूरा आइलैंड. अगर किसी कपल को शादी में थोड़ा फेयरीटेल टच चाहिए, तो ऐसा डेस्टिनेशन बेस्ट है.

नीरज और हिमानी ने चुनी पहाड़ों की सादगी
हर सेलिब्रिटी शादी का मतलब हजारों मेहमान, महल और लंबें फंक्शन नहीं होते. ओलंपिक चैंपियन नीरज चोपड़ा और हिमानी मोर ने अपनी शादी के लिए हिमाचल प्रदेश के कुमारहट्टी, सोलन के सूर्याविलास लक्ज़री रिज़ॉर्ट एंड स्पा को चुना. पहाड़ों के बीच बनी ये जगह उन लोगों के लिए खास हो सकती है, जो शादी में शोर-शराबे से ज्यादा नेचर और प्राइवेसी चाहते हैं. रिसॉर्ट में इनडोर बैंक्वेट हॉल के साथ आउटडोर सेलिब्रेशन स्पेस भी हैं. यहां हिमालयन कॉटेज और कमरे भी मिल जाते हैं, जिससे परिवार और करीबी मेहमानों के साथ इंटिमेट वेडिंग प्लान की जा सकती है. यानी डेस्टिनेशन वेडिंग का मतलब हमेशा ग्रैंड नहीं होता. कभी-कभी पहाड़ों की शांति, करीबी लोगों की मौजूदगी और सादगी ही शादी को खास बना देती है.

रकुल और जैकी ने चुना गोवा
अगर शादी के लिए आपकी पहली पसंद समुद्र है, तो भारत में गोवा से शानदार ऑप्शन मिलना मुश्किल है. बॉलीवुड एक्टर रकुल प्रीत सिंह और जैकी भगनानी ने फरवरी 2024 में साउथ गोवा के ITC ग्रांड गोवा में शादी की थी. करीब 45 एकड़ में फैली ये बीचफ्रंट प्रॉपर्टी अरोसिम बीच के किनारे मौजूद है. यहां समुद्र के साथ खूबसूरत गार्डन और इनडोर वेन्यू भी मिलते हैं. सी साइड लॉन बड़े फंक्शन के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है. वहीं, मैजिकल फोरेस्ट ज्यादा प्राइवेट आउटडोर सेलिब्रेशन के लिए एक खूबसूरत ऑप्शन है. इनडोर फंक्शन के लिए साल्सेटे बॉलरूम भी है. इस तरह कपल हल्दी, मेहंदी, संगीत, शादी और रिसेप्शन जैसे कई फंक्शन एक ही जगह पर कर सकता है. इसके अलावा सबसे खास बात, गोवा की बीच वेडिंग में फोटो के लिए आपको अलग से बैकग्राउंड बनाने की जरूरत ही नहीं पड़ती. समुद्र, सूरज और सनसेट अपने आप पूरी सजावट का काम कर देते हैं.
चाय के बागानों से जंगल सफारी तक, East India की इन 10 जगहों पर आएगा घूमने का असली और पूरा मजा

अदिति और सिद्धार्थ ने फॉलो की परंपरा
जहां कुछ सेलिब्रिटी कपल लग्जरी रिसॉर्ट चुनते हैं, वहीं अदिति राव हैदरी और सिद्धार्थ ने शादी के लिए बिल्कुल अलग रास्ता चुना. दोनों ने सितंबर 2024 में तेलंगाना के ऐतिहासिकश्री रंगनायकस्वामी मंदिर में शादी की. ये मंदिर स्रिरंगापुर में है और इसका इतिहास 18वीं शताब्दी तक जाता है. इसकी वास्तुकला में विजयनगर शैली की झलक दिखाई देती है. मंदिर रत्न पुष्करिणी झील के पास है. इसे धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से बहुत खास माना जाता है. अदिति और सिद्धार्थ की शादी की खासियत थी इसकी सादगी और पारंपरिक अंदाज. यहां कोई बीच पार्टी या आलीशान रिसॉर्ट नहीं था, बल्कि भारतीय परंपरा, धार्मिक रस्में और परिवार के साथ एक बहुत प्राइवेट समारोह था. ये शादी उन कपल्स के लिए प्रेरणा हो सकती है जो वेडिंग को सिर्फ ग्लैमर का इवेंट नहीं, बल्कि संस्कृति और आध्यात्मिकता से जुड़ा खास मौका मानते हैं.

प्रियंका और निक ने जोधपुर को दिया दिल
भारत में सेलिब्रिटी डेस्टिनेशन वेडिंग की चर्चा प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस की शादी के बिना अधूरी है. दोनों ने राजस्थान के जोधपुर के उम्मेद भवन पैलेस में शादी की सभी रस्में कीं. शाही महल, राजस्थान की विरासत और ग्रैंड वेडिंग सेटअप ने इस शादी को दुनिया भर में वायरल कर दिया. इस शादी के बाद राजस्थान की रॉयल वेडिंग को लेकर दुनियाभर में दिलचस्पी और बढ़ी. उम्मेद भवन जैसी जगहें ये बताती हैं कि अगर कोई कपल अपनी शादी में राजा-महाराजा वाला फील चाहता है तो भारत के पास इसके लिए शानदार ऑप्शन हैं.

कैटरीना और विक्की की रॉयल वेडिंग
कैटरीना कैफ और विक्की कौशल ने भी अपनी शादी के लिए राजस्थान को चुना. दोनों ने सवाई माधोपुर के सिक्स सेंसेस फोर्ट बरवाड़ा में शादी की. किले जैसी शानदार लोकेशन, राजस्थान की विरासत और खूबसूरत अरावली के सीन ने इस शादी को बहुत खास बना दिया. कैटरीना और विक्की की शादी के बाद इस जगह का नाम डेस्टिनेशन वेडिंग की दुनिया में और लाइमलाइट में आ गया.

सिद्धार्थ और कियारा की जैसलमेर वेडिंग
कियारा आडवाणी और सिद्धार्थ मल्होत्रा की शादी ने भी राजस्थान की खूबसूरती को और बढ़ा दिया. दोनों ने जैसलमेर के सूर्यागढ़ पैलेस में शादी की. पीले पत्थरों से बनी राजस्थानी वास्तुकला, रेगिस्तान का माहौल और शाही सेटिंग ने इस शादी को बहुत खूबसूरत बैकड्रॉप दिया. इस तरह राजस्थान के पास सिर्फ एक नहीं, बल्कि कई ऐसे वेडिंग डेस्टिनेशन हैं जहां शादी को पूरी तरह रॉयल अंदाज दिया जा सकता है.

परिणीति और राघव ने भी चुना उदयपुर
उदयपुर का नाम सेलिब्रिटी वेडिंग्स में लगातार क्यों आता है, इसका एक और उदाहरण परिणीति चोपड़ा और राघव चड्ढा की शादी है. दोनों ने उदयपुर के द लीला पैलेस में शादी की. झीलों के शहर उदयपुर की खूबसूरती, महल जैसी प्रॉपर्टीज और शानदार वेडिंग सेटअप इसे सेलिब्रिटी और हाई प्रोफाइल वेडिंग्स के लिए फेवरेट जगह बनाते हैं. यहां दिन में झील के किनारे हल्दी या मेहंदी और रात में रोशनी से जगमगाता रिसेप्शन, दोनों का कॉम्बिनेशन आसानी से तैयार किया जा सकता है.

भारत की ये जगहें, क्यों हैं खास?
भारत की सबसे बड़ी ताकत इसकी विविधता है. एक ही देश में आपको रेगिस्तान भी मिलेगा और समुद्र भी. बर्फीले पहाड़ भी मिलेंगे और खूबसूरत मंदिर भी. रॉयल महल भी हैं और मॉर्डन लग्जरी रिसॉर्ट भी. ऐसे में अगर किसी को रॉयल वेडिंग चाहिए तो राजस्थान है. बीच वेडिंग के लिए गोवा और केरल शानदार ऑप्शन हैं. पहाड़ पसंद हैं तो हिमाचल और उत्तराखंड हैं. आध्यात्मिक और पारंपरिक शादी के लिए दक्षिण भारत के ऐतिहासिक मंदिर हैं. इसके अलावा भारत में शादी करने का एक बड़ा फायदा ये भी है कि परिवार और मेहमानों के लिए बाहर जाना और लॉजिस्टिक्स भी आसान रहते हैं. सबसे अच्छी बात ये है कि भारत में हर बजट और हर स्टाइल के लिए ऑप्शन हैं. किसी को हजारों मेहमानों वाली ग्रैंड वेडिंग करनी है तो उसके लिए बड़े रिसॉर्ट और पैलेस हैं. वहीं सिर्फ परिवार और करीबी दोस्तों के साथ शादी करनी है तो बुटीक होटल, पहाड़ी रिसॉर्ट या ऐतिहासिक जगहें भी हैं.
